
कृषि विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का आयोजन Publish Date : 02/11/2026
कृषि विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का आयोजन
-
श्वान प्रदर्शनी एवं फल-फूल, शाक-भाजी प्रदर्शनी का आयोजन।
-
कृषि-विचार गोष्ठी एवं चौपाल का आयोजन।
-
140 से अधिक स्टाल लगाए गए।
आज दिनांक 02 नवम्बर, 2026 से सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में ‘‘विज्ञान आधारित कृषि – खुशहाल किसान‘‘ विषय पर अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा हैं।

यह मेला 02 नवम्बर, 2026 से प्रारम्भ होकर 04 नवम्बर, 2026 तक जारी रहेगा। आज किसान मेले में श्वान प्रदर्शनी एवं फल-फूल, शाक-भाजी प्रदर्शनी मुख्य आकर्षण का केन्द्र बने रहें। किसान मेले में कृषक, कृषक महिलाओं एवं माध्यमिक विद्यालय के छात्रों ने मेला भ्रमण कर नवीनतम तकनीकियों की जानकारी स्टॉल के माध्यम से प्राप्त की। मेले में कृषि यंत्रो के 09, आई0सी0ए0आर0 के 07, पेस्टीसाइड कम्पनियों के 09, फर्टीलाईजर कम्पनियों के 14 एवं पशु-पालन पोषक तत्व एवं दवाईयों उपचार सम्बन्धी कम्पनियों के 15 स्टॉल के साथ-साथ सरकारी संस्था एवं 20 कृषि विज्ञान केन्द्रों द्वारा भी स्टॉल स्थापित किये गये। इस प्रकार मेले में स्टॉलों की संख्या 140 तक रही। किसान मेला में 6 हजार से अधिक किसानों ने प्रतिभाग किया। विश्वविद्यालय द्वारा रू0 6 लाख से अधिक के बीज की बिक्री की गई।

इस अवसर पर कृषि विचार गोष्ठी एवं चौपाल का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न विषय जैसे रबी फसलों की खेती के बारे में जानकारी, रोग प्रबंधन, कीट प्रबंधन, फलोत्पादन की तकनीकी, पशु प्रबंधन की तकनीकी आदि के बारे में विभिन्न वैज्ञानिकों द्वारा किसानों की समस्याओं पर चर्चा कर निराकरण किया गया।

कुलपति जी द्वारा किसान मेले में श्वान प्रदर्शनी एवं फल-फूल, शाक-भाजी प्रदर्शनी का भ्रमण किया गया तथा उनके द्वारा विभिन्न स्टालों का अवलोकन कर प्रदर्शित की गई तकनीकियों की सराहना की गई।
मेले के दूसरे दिन किसान मेला परिसर में मण्डलीय रबी गोष्ठी आयोजन एवं किसान मेला उद्घाटन समारोह (दिनांक 03 नवम्बर, 2026, प्रातः 11:00 बजे) के मुख्य अतिथि, श्री सूर्यप्रताप शाही, मा0 मंत्री, कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, उत्तर प्रदेश एवं अति विशिष्ट अतिथि, श्री बलदेव सिंह औलख, मा0 राज्यमंत्री, कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, उत्तर प्रदेश, विशिष्ट अतिथि, कृषि उत्पादन आयुक्त, उत्तर प्रदेश एवं विशिष्ट अतिथि, डा0 एम0 के0 शन्मुगा सुन्दरम, प्रमुख सचिव, कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, उत्तर प्रदेश होगे।

निदेशक प्रसार, डा0 सतेन्द्र कुमार के द्वारा मेले के विषय में बताया गया कि इस वर्ष मेले का विषय “विज्ञान आधारितकृषि – खुशहाल किसान” है। विज्ञान आधारित कृषि ही समृद्ध किसान और विकसित भारत की आधारशिला है। आज आवश्यकता है कि हम पारंपरिक कृषि ज्ञान को आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों, उन्नत बीजों, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, प्राकृतिक खेती, स्मार्ट सिंचाई, ड्रोन एवं डिजिटल कृषि से जोड़ें।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव, वित्त नियंत्रक, समस्त अधिष्ठातागण, निदेशकगण एवं प्रसार निदेशालय स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।