कृषि विश्वविद्यालय, मेरठ में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती भव्यता से मनाई गई      Publish Date : 31/10/2026

कृषि विश्वविद्यालय, मेरठ में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती भव्यता से मनाई गई

  • सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ में भव्य कार्यक्रम एवं पौधारोपण अभियान का आयोजन

सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ में लौह पुरुष, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं राष्ट्र निर्माण के उनके आदर्शों को समर्पित कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

                      

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति डॉ0 त्रिवेणी दत्त तथा विशिष्ट अतिथियों के रूप में माननीय विधायक श्री प्रसन्न चौधरी एवं श्री उमेश पटेल, चेयरमैन, KICCI (कम्युनिटी इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री) एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष, मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र के प्रति अतुलनीय योगदान एवं उनके विचारों को स्मरण करते हुए किया गया । विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉ0 वी. पी. सिंह ने अपने संबोधन में कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों का विस्तृत परिचय देते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्रीय एकता, समर्पण और दृढ़ नेतृत्व के आदर्शों को वर्तमान समय में प्रासंगिक बताया।

                       

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) की समन्वयक डॉ0 अर्चना आर्य ने विश्वविद्यालय के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने अब तक सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके कार्यक्रमों के साथ-साथ आगामी आयोजनों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की। साथ ही, उन्होंने 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में भी जानकारी दी तथा विश्वविद्यालय की 25 वर्षों की गौरवशाली शैक्षणिक एवं संस्थागत यात्रा पर प्रकाश डाला।

                          

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि माननीय विधायक श्री प्रसन्न चौधरी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, संघर्ष एवं राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए युवाओं से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं देश की प्रगति के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि श्री उमेश पटेल ने उद्यमिता, आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्र के आर्थिक विकास में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने अपने संबोधन में सरदार वल्लभभाई पटेल के दृढ़ संकल्प, दूरदर्शिता एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण को प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रीय एकता, संगठन शक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने विश्वविद्यालय के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवाचार, अनुसंधान एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।

                       

कार्यक्रम के अंतर्गत विश्वविद्यालय के वल्लभ क्लब परिसर में पौधारोपण अभियान का आयोजन भी किया गया। विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर एवं सतत विकास का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रमिला उमराव द्वारा किया गया-

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ हुआ। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।