सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर कृषि विश्वविद्यालय में साइकिल रैली का आयोजन      Publish Date : 30/10/2026

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर कृषि विश्वविद्यालय में साइकिल रैली का आयोजन

  • सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में SVPUAT में यूनिटी मार्च एवं साइकिल रैली का भव्य आयोजन

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता एवं नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मोदीपुरम, मेरठ द्वारा विश्वविद्यालय परिसर से पबरसा गांव तक यूनिटी मार्च एवं साइकिल रैली का सफल आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सभी महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने पैदल मार्च एवं साइकिल रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव तथा नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

                       

नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया, जिसमें कृषि महाविद्यालय एवं जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने अत्यंत प्रभावशाली एवं गंभीरता के साथ नाटक का मंचन किया। नाटक के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया।

यह संपूर्ण कार्यक्रम माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) त्रिवेणी दत्त के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अपने आशीर्वचन में माननीय कुलपति जी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के योगदान को स्मरण करते हुए सभी से धर्म, जाति एवं संप्रदाय से ऊपर उठकर एकजुट होकर समृद्ध, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त भारत के संकल्प को अपने जीवन में अपनाने तथा विश्वविद्यालय के आसपास के गांवों को भी नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

                          

रैली के गांव पहुंचने पर ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर ग्रामीणों को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया गया तथा उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने और नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम के माध्यम से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं ग्रामीण समुदाय के बीच सामाजिक जागरूकता, राष्ट्रप्रेम, आपसी भाईचारे तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का सशक्त संदेश प्रसारित किया गया।

                           

कार्यक्रम के अंतर्गत माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) त्रिवेणी दत्त जी द्वारा सतर्कता जागरूकता दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राओं को भ्रष्टाचार उन्मूलन की शपथ दिलाई गई। उन्होंने सभी से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे न तो स्वयं किसी प्रकार की रिश्वत लेंगे और न ही रिश्वत देंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि रिश्वत लेना एवं देना दोनों ही अपराध हैं। सभी से ईमानदारी, पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों का पालन करते हुए विश्वविद्यालय परिसर को भ्रष्टाचार एवं रिश्वतखोरी से मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की गई।

यह संपूर्ण कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं ग्रामीण समुदाय में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, नशा मुक्ति तथा भ्रष्टाचार मुक्त समाज के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था।