30 अक्टूबर को गन्ना शोध में मिठास मेला होगा आयोजित      Publish Date : 29/10/2026

30 अक्टूबर को गन्ना शोध में मिठास मेला होगा आयोजित

उत्तर प्रदेश गन्ना शोध परिषद में 30 अक्टूबर को आयोजित होने वाले मिठास मेले का उद्घाटन अपर मुख्य सचिव गन्ना एवं चीनी उद्योग विभाग वीना कुमारी करेगी। जानकारी परिषद निदेशक अभिषेक आनंद ने दी। निदेशक ने बताया कि मेले का प्रमुख आकर्षण उन्नत गन्ना किस्मों के सिंगल बड बीजों का वितरण होगा। नवीन गन्ना किस्म कोशा 23232 के दो लाख तथा कोशा 19231 के एक लाख सिंगल बड बीज, तीन लाख सिंगल बड, किसानों को वितरित किए जाएगे।

इससे किसानों को उन्नत किस्मों की गुणवत्तायुक्त रोपण सामग्री उपलब्ध कराने तथा गन्ना उत्पादन व उत्पादकता बढ़ाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने बताया कि मेले में गन्ना विभाग एवं चीनी मिलों द्वारा तकनीकी प्रदर्शनी और स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से किसानों को नवीन गन्ना किस्मों, वैज्ञानिक खेती की विधियों, कृषि यंत्रीकरण तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

                               

किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न कृषक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के विभिन्न परिक्षेत्रों से चयनित प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जाएगा। महिला सशक्तीकरण एवं ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला स्वयं सहायता समूहों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।

निदेशक ने कहा कि मिठास मेले का उद्देश्य गन्ना अनुसंधान की नवीनतम उपलब्धियों एवं आधुनिक तकनीकों को किसानों तक पहुंचाना, उन्नत खेती को बढ़ावा देना तथा गन्ना किसानों की उत्पादकता और आय में वृद्धि के लिए उन्हें प्रेरित करना है। मेले में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से किसान, कृषि विशेषज्ञ, गन्ना विभाग के अधिकारी एवं चीनी मिलों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।