कृषि वि0वि0 मेरठ में 'पहचान खुद की खुद से' कार्यशाला का आयोजन      Publish Date : 23/10/2026

कृषि वि0वि0 मेरठ में 'पहचान खुद की खुद से' कार्यशाला का आयोजन

  • विद्यार्थियों की मानसिक एवं भावात्मक समस्याओं के समाधान हेतु 'पहचान खुद की खुद से' कार्यशाला का आयोजन

विश्वविद्यालय में छात्र सेवा केंद्र (स्टूडेंट सर्विस सेंटर) द्वारा छात्र-छात्राओं की मानसिक एवं भावात्मक समस्याओं के समाधान हेतु "पहचान खुद की खुद से" कार्यशाला का आयोजन माननीय कुलपति डॉ त्रिवेणी दत्त के निर्देशानुसार दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को किया गया। इस अवसर पर केंद्र की निदेशक डा० वैशाली ने कार्यक्रम में आए हुए अतिथियों का स्वागत करते हुए छात्र सेवा केंद्र का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया।

                        

केंद्र के उद्देश्य एवं केंद्र द्वारा दी जाने वाली सेवाओं से अवगत कराया। कार्यक्रम में छात्र सेवा केंद्र के प्रतीक चिन्ह का प्रमोचन माननीय कुलपति महोदय द्वारा किया गया तथा प्रतीक चिन्ह में लिए गए प्रत्येक चिन्ह के उद्देश्य को डॉक्टर श्वेता यादव ने विस्तृत रूप से सभी को बताया। केंद्र द्वारा छात्र-छात्राओं की समस्याओं को सुनने के लिए 24/7 हेल्पलाइन नंबर का भी प्रमोचन एक छात्र तथा एक छात्रा द्वारा माननीय कुलपति महोदय जी से वार्तालाप द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में श्रीमती सोनी जैन, मनोवैज्ञानिक परामर्शदाता ने छात्र-छात्राओं को मनोवैज्ञानिक परामर्श तथा मनोचिकित्सा के अंतर को समझाते हुए छात्र-छात्राओं के साथ संवादात्मक सत्र का आयोजन किया जिसमें छात्र-छात्राओं ने अत्यधिक रुची के साथ सहभागिता का प्रदर्शन किया। कार्यशाला में मुख्य प्रवक्ता डॉक्टर आकाश चौधरी मनोचिकित्सक ने बताया कि मानसिक तनाव अत्यधिक लेने की आवश्यकता नहीं है और अपने जीवन के लिए आने वाले भविष्य के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए तथा अपनी भावनाओं को विश्वासपात्र व्यक्ति के साथ साझा कर अपने मानसिक तनाव को दूर करने का प्रयत्न करते रहना चाहिए।

                       

माननीय कुलपति महोदय ने अपने संबोधन में इस बात पर विशेष बल दिया कि स्वयं को पहचानना, अपनी खूबियां एवं कमियों को स्वीकारना तथा अपनी भावनाओं को समझना मानसिक स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास की आधारशिला है। उन्होंने कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को तनाव, शैक्षणिक दबाव एवं जीवन की विभिन्न चुनौतियों के बीच स्वयं के साथ सकारात्मक संबंध स्थापित करने तथा आत्म चिंतन के माध्यम से जीवन में संतुलन बनाए रखना का संदेश दिया गया। उन्होंने यह भी कहा छात्र छात्राएं कम से कम मोबाइल फोन का इस्तेमाल करें।

                      

कार्यक्रम के अंत में डॉ विनीता वर्मा द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव ज्ञापित किया गया तथा उन्होंने छात्र सेवा केंद्र की महत्वता को भी बताया। कार्यशाला का मुख्य विषय "पहचान खुद की खुद से" का उद्देश्य विद्यार्थियों को आत्म पहचान, आत्मबोध एवं आत्मविश्वास के महत्व से परिचित कराना था। इस एक दिवसीय कार्यशाला में विद्यार्थियों को स्वयं की भावनाओं, विचारों, क्षमताओं, रुचियां एवं व्यवहार को समझने के लिए प्रेरित किया गया।

                           

कार्यशाला के आयोजन में डॉक्टर नीरज यादव, डॉक्टर श्रिया रावत, डॉक्टर श्वेता यादव, श्रीमती वंदना पाल, अनिरुद्ध, भगत सिंह तथा संदीप का मुख्य योगदान रहा।