
डीआरडीओ में छात्रों के लिए सुनहरा अवसर Publish Date : 16/10/2026
डीआरडीओ में छात्रों के लिए सुनहरा अवसर
-
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए मौके, 27 अक्टूबर, 2026 तक करें आवेदन-
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की युवा वैज्ञानिक लैब-आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (डीवाईएसएल-एआई), बेंगलुरु ने जूनियर रिसर्च फेलो के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह प्रयोगशाला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अनुसंधान एवं विकास कार्य कर रही है तथा आईआईटी, आईआईएससी बेंगलुरु और अन्य प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के साथ मिलकर कार्य करती है। इस भर्ती के माध्यम से योग्य भारतीय युवाओं को एआई आधारित अनुसंधान से जुड़ने का अवसर मिलेगा। आवेदन ऑफलाइन अथवा ई-मेल के माध्यम से भेजे जा सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन: जूनियर रिसर्च फेलो के लिए अभ्यर्थी के पास प्रथम श्रेणी में बीई/बीटेक के साथ वैध गेट/नेट स्कोर, या प्रथम श्रेणी में बीई/बीटेक एवं एमई/एमटेक, अथवा प्रथम श्रेणी में बेसिक साइंस में परास्नातक डिग्री के साथ नेट योग्यता होनी चाहिए। समस्या समाधान, एल्गोरिदम, पायथन, जावा या सी++ जैसी प्रोग्रामिंग लैंग्वेज का ज्ञान तथा मशीन लर्निंग, दीप लर्निंग, कंप्यूटर विजन, प्राकृतिक भाषा संसाधन (एनएलपी) और रीइन्फोर्समेंट लर्निंग जैसी तकनीकों की समझ रखने वाले अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी।
मिलेगा आकर्षक स्टाइपेंड: चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 37,000 रुपये स्टाइपेंड के साथ नियमानुसार एचआरए दिया जाएगा। वर्तमान दरों के अनुसार कुल मासिक वजीफा 48,100 रुपये होगी। यदि संस्थान की ओर से आवास उपलब्ध कराया जाता है, तो एचआरए देय नहीं होगा। चयनित अभ्यर्थी पहले दो वर्ष तक जूनियर रिसर्च फेलो के रूप में कार्य करेंगे। इसके बाद वार्षिक प्रदर्शन के आधार पर उन्हें सीनियर रिसर्च फेलो के रूप में आगे बढ़ाया जा सकता है। फेलोशिप के दौरान संस्थान की अनुमति मिलने पर पार्ट-टाइम पीएचडी के लिए भी पंजीकरण कराया जा सकता है।
चयन प्रक्रिया: इच्छुक अभ्यर्थी डीआरडीओ की आधिकारिक वेबसाइट drdo.gov.in से आवेदन पत्र डाउनलोड करके निर्धारित प्रारूप में भर सकते हैं। आवेदन के साथ बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, जन्मतिथि, जाति प्रमाणपत्र (यदि लागू हो) तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने होंगे। पूर्ण आवेदन डाक के माध्यम से निदेशक, डीवाईएसएल-एआई, बेंगलुरु के पते पर भेजा जा सकता है या स्कैन कॉपी ई-मेल के जरिये भी भेजी जा सकती है। आवेदन प्राप्त होने की अंतिम तिथि 22 October, 2026 अथवा रोजगार समाचार में प्रकाशन की तिथि से 21 दिन (जो पहले हो) निर्धारित की गई है।
अन्य महत्वपूर्ण विवरण:
- आवेदनों की प्रारंभिक छंटनी गेट/नेट स्कोर आदि के आधार पर की जाएगी।
- चयनित अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत, ऑनलाइन या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा।
- साक्षात्कार के समय मूल प्रमाणपत्र, दो पासपोर्ट आकार के फोटो तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
- इस भर्ती के लिए कोई यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।
- आवेदकों की अधिकतम आयु सीमा 28 वर्ष निर्धारित की गई है।