
रसोई की दालों को घुन और कीड़े से बचाने के उपाय Publish Date : 24/09/2026
रसोई की दालों को घुन और कीड़े से बचाने के उपाय
प्रो0 आर. एस. सेंगर, श्रीमति सरिता सेंगर एवं गरिमा शर्मा
-
अपनाएं ये आसान घरेलू उपाय, महीनों तक सुरक्षित रहेंगी दालें
बारिश का मौसम शुरु होते ही घर की महिलाओं के सामने सबसे बड़ी समस्या आती है कि रसोईघर में रखी दालों और अन्य अनाज को किस प्रकार से सुरक्षित रखें, क्योंकि इस नमी वाले मौसम में अनाज में कीड़ा लगने की संभावनाएं अहुत अधिक बढ़ जाती है। ऐसे में इस परेशानी से छूटकारा पाने के लिए आप हमारे द्वारा सुझाए गए कुछ उपायों को अपनाकर आप अपनी दालों को महीनों तक सुरक्षित रख सकती हैं।
बारिश के नमी वाले मौसम में अगर आपकी रसोई में रखी दाल और अन्य अनाजों में घुन या कीड़े लग जाते हैं, तो आप इस समस्या को लेकर परेशान बिल्कुल भी न हो कई बार दालों को सही तरीके से स्टोर नहीं करने पर यह समस्या दिखाई देना शुरु हो जाती है और अनाज खराब हो जाता है। ऐसे में इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए इन ट्रिक्स का उपयोग करके इस समस्या से छुटकारा पा सकते हैं।
दाल स्टोर करने से पहले जरूर करें यह काम
दाल को सीधे बाजार से लाकर डिब्बे में भर देना कोई सही तरीका नहीं होता है। स्टोरेज से पहले दाल को अच्छी तरह साफ कर लें और किसी साफ कपड़े या बड़ी ट्रे में फैलाकर कुछ घंटों के लिए अच्छी तरह से सुखा लेना अच्छा रहता है।
अगर तेज धूप उपलब्ध हो तो दाल को करीब 2 से 4 घंटे धूप में भी सुखाया जा सकता है। इससे दाल में मौजूद अतिरिक्त नमी कम करने में मदद मिलती है। बारिश के दिनों में धूप न निकलने पर दाल को कढ़ाई में बहुत हल्की आंच पर कुछ देर सुखाया जा सकता हैं। इसके बाद दाल को पूरी तरह ठंडा होने दें और उसके बाद ही दाल को कंटेनर में भरना चाहिए।
एयरटाइट डिब्बे में रखें दाल
अगर आप अपनी दाल को सुरक्षित रखना चाहते हैं तो इसके लिए आपको सबसे पहले उसके लिए किसी सही कंटेनर का चुनाव करना चाहिए। कोशिश करें कि दाल को कांच, स्टील या अच्छी क्वालिटी के एयरटाइट प्लास्टिक कंटेनर में ही स्टोर करें। साथ ही महिलाएं कंटेनर में दाल भरने से पहले यह जरूर देख लें कि वह पूरी तरह साफ और सूखा हुआ होना बहुत जरूरी है। डिब्बे में जरा-सी भी नमी रह गई तो लंबे समय तक रखी दाल में फंगस या कीड़े लगने का खतरा बढ़ सकता है।
नीम की सूखी पत्तियां आ सकती हैं आपके काम
दालों को स्टोर करने के लिए कई घरों में सूखी नीम की पत्तियों का इस्तेमाल पारंपरिक तौर पर किया जाता है। नीम में प्राकृतिक कीट-रोधी गुण पाए जाते हैं, इसलिए इसकी सूखी पत्तियां दालों में कीड़ों की समस्या को कम करने में मदद कर सकती हैं। ऐसे में करीब 1 किलो दाल के लिए कुछ पूरी तरह सूखी नीम की पत्तियां डिब्बे में रखी जा सकती है, हालांकि इस दौरान यह ध्यान रखना चाहिए कि नीम की पत्तियां पूरी तरह से सूखी ही हों। गीली या नम पत्तियां दाल में अतिरिक्त नमी बढ़ा सकती हैं। ऐसे में समय-समय पर दाल और पत्तियों की स्थिति भी जांचते रहें और जरूरत के अनुसार पुरानी पत्तियों को निकाल कर उन्हे बदलते रहना चाहिए।
तेजपत्ता और लौंग का भी कर सकते हैं उपयोग
दालों को कीड़ों से बचाने के लिए तेजपत्ता और लौंग जैसे सूखे मसालों का इस्तेमाल भी कुछ लोग घरेलू उपाय के तौर पर करते हैं। तेजपत्ते और लौंग की तेज गंध कीड़ों को दूर रखने में मदद कर सकती है। ऐसे में दाल के कंटेनर में कुछ सूखे तेजपत्ते या थोड़ी मात्रा में लौंग भी रखी जा सकती है। हालांकि, इन्हें डालने से पहले यह सुनिश्चित करें कि मसाले पूरी तरह सूखे हों और उनमें किसी तरह की नमी या फंगस न हो।
सूखी लाल मिर्च और लहसुन का घरेलू उपाय
दालों को स्टोर करने के लिए साबुत सूखी लाल मिर्च और लहसुन का उपयोग भी कई घरों में पुराने समय से ही किया जाता रहा है। इनकी तेज गंध भी कीड़ों को दूर रखने में मदद कर सकती है। इसके अलावा, कुछ सूखी लाल मिर्च या 2-3 सूखी लहसुन की कलियां दाल के डिब्बे में रखी जा सकती हैं। लेकिन यहां भी सबसे जरूरी बात यही है कि इस्तेमाल की जाने वाली चीजें का पूरी तरह सूखा होना भी जरूरी होता है।
लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।
