जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में रंगोली और क्विज़ प्रतियोगिता का शानदार आयोजन      Publish Date : 21/09/2026

जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में रंगोली और क्विज़ प्रतियोगिता का शानदार आयोजन

​सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ के जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में आगामी 26वें स्थापना दिवस की तैयारियों के तहत विभिन्न कला, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के उत्साहपूर्ण ऑडिशन का सिलसिला जारी रहा। इसी क्रम में कॉलेज परिसर में एक भव्य रंगोली और सामान्य ज्ञान (क्विज़) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता, सामान्य ज्ञान और टीम भावना को मंच प्रदान करना था।

​इस चयन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। 'महिला सशक्तिकरण' और 'विकसित भारत 2047' जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने रंगों के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता को जीवंत किया। उनकी कलाकृतियों में सामाजिक जागरूकता, लैंगिक समानता और देश की प्रगति की झलक देखने को मिली।

इस कलात्मक प्रतियोगिता में टीम 'A' (ब्रजमोहिनी और कुसुम) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना चयन सुनिश्चित किया। प्रतियोगिता में टीम 'B' (स्नेहा और मुस्कान) ने भी अपनी शानदार कलात्मक प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया।

​इसके बाद आयोजित क्विज़ (सामान्य ज्ञान) प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के बीच तीखी दिमागी जंग देखने को मिली। प्रतियोगिता का विषय विज्ञान, प्रौद्योगिकी और समसामयिक विषयों पर आधारित था, जिसमें जैव प्रौद्योगिकी की भूमिका और देश के सतत विकास पर केंद्रित सवाल पूछे गए। इस बौद्धिक मुकाबले में चतुर्थ वर्ष से स्नेहा यादव, तृतीय वर्ष से आकर्ष निर्वाण तथा प्रथम वर्ष के कई विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कड़े मुकाबले के बाद आकर्ष निर्वाण और स्नेहा यादव ने अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए कॉलेज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया।

​प्रतियोगिता के दौरान न केवल प्रतिभागियों बल्कि कॉलेज के संकाय सदस्यों का भी अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों की हौसलाअफजाई के लिए महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आर. एस. सेंगर, डॉ. अमित कुमार समेत कई अन्य वरिष्ठ प्रोफेसरों और फैकल्टी सदस्यों ने प्रतियोगिता में अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। उन्होंने न केवल प्रतिभागियों के ज्ञान की सराहना की बल्कि विभिन्न चरणों में उनका मार्गदर्शन करते हुए उनका मनोबल भी बढ़ाया।

​पूरे चयन कार्यक्रम का सफल आयोजन अधिष्ठाता डॉ. आर. एस. सेंगर के नेतृत्व में तथा सांस्कृतिक सचिव डॉ. पंकज चौहान एवं डॉ. नीलेश कपूर के मार्गदर्शन और पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। विभिन्न प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन एक प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल द्वारा किया गया।

​इस अवसर पर अधिष्ठाता डॉ. आर. एस. सेंगर ने विद्यार्थियों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि साहित्यिक, सांस्कृतिक और कलात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सांस्कृतिक सचिव डॉ. नीलेश कपूर ने विजेताओं को बधाई दी और बताया कि यहां से चयनित विजेता अब 2 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले मुख्य विश्वविद्यालय स्थापना दिवस समारोह में जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में  डॉ. आर. एस. सेंगर, डॉ. नीलेश कपूर, डॉ. अमित कुमार, डॉ रेखा दीक्षित, डॉ. पंकज चौहान, डॉ. आकाश, डॉ संदीप, डॉ बुधियास, यशवर्धन, वंश, अनुष्का और काव्या आदि का विशेष सहयोग रहा।