
डिवाइस की लाइफ बढ़ाने के लिए उपयोगी क्लीनिंग टूल्स Publish Date : 05/08/2026
डिवाइस की लाइफ बढ़ाने के लिए उपयोगी क्लीनिंग टूल्स
प्रो0 आर. एस. सेंगर एवं इं0 कार्तिकेय
‘‘यदि आप अपने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की लाइफ बढ़ाना चाहते हैं तो आपको उनके ऊपर उचित ध्यान देना होगा, विशेषरूप से उनकी साफ-सफाई पर। इस प्रक्रिया में कुछ टूल्स हैं जो कि आपकी सहायता कर सकते हैं।’’
वर्तमान समय में स्मार्ट फोन, लैपटॉप, ईयरफोन, हेडफोन और स्मार्ट वॉच आदि के जैसी कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज हमारे प्रतिदिन के जीवन का एक प्रमुख हिस्सा बन चुके हैं। इन डिवाइसों का उपयोग भी लगभग प्रतिदिन किया जाता है। इसके चलते इन डिवाइसेज में धूल, गन्दगी और बैक्टीरिया आदि जमा होने लगते हैं, जो कि इन डिवाइसेज की कार्यक्षमता को भी प्रभावित करते हैं। ऐसे में हमारे द्वारा यूज की जाने वाली डिवाइसेज की नियमित रूप से सफाई भी बहुत आवश्यक हो जाती है, जिसमें कुछ विशेष टूल्स हैं जो कि आपकी मदद कर सकते हैं।
माइक्रोफाइबर क्लॉथ
इलेक्ट्रॉनिक डिवसेज की स्क्रीन और उनकी बाहरी सतह को साफ करने के लिए माइक्रोफाइबर क्लॉथ सबसे अधिक उपयोगी टूल माना जाता है। यह बहुत मुलायम क्लॉथ होता है जो आपकी डिवाइस की स्क्रीन पर किसी प्रकार का कोई स्क्रैच नहीं आने देता है। मोबाइल, टेबलेट, लैपटॉप, कम्प्यूटर स्क्रीन और स्मार्ट वॉच आदि की स्क्रीन पर मौजूद उंगलियों के निशान और धूल आदि को हटाने के लिए इसका उपयोग आसानी से किया जा सकता है। इस टूल के बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए सूखे अथवा नम कपड़े का उपयोग करना सर्वोत्तम रहता है।
कंप्रेस्ड एयर ब्लोअर
की-बोर्ड, चार्जिंग पोर्ट, स्पीकर ग्रिल और अन्य छोटे हिस्सों पर धूल का जमा होना एक आम बात है। ऐसे स्थानों की सफाई करने के लिए कंप्रेस्ड एयर ब्लोअर काफी प्रभावी सिद्व होता है। यह तेज हवा के दबावों को डिवाइस के ऐसे हिस्सों तक पहुँचाता है, जहाँ हाथ और कपड़ा आदि नहीं पहुँच पाते हैं। इसकी सहायता से डिवाइस के अन्दर मौजूद धूल कण आसानी के साथ बाहर निकल जाते हैं और इससे डिवाइस की परफार्मेन्स बेहतर बनी रहती है।
सॉफ्ट ब्रश से नाजुक सफाई
कई बार डिवाइस के कोनों और छोटे गैप्स में धूल जमा हो जाती है, ऐसे में सॉफ्ट ब्रिसल्स वाला ब्रश काफी उपयोगी सिद्व हो सकता है। यह कैमरा लैंसेज, की-बोर्ड के बटन, वेंटिलेशन स्लॉट और डिवाइस के अन्य सेवेदनशील हिस्सों को बिना कोई नुकसान पहुँचाए उनकी सफाई करने में सक्षम होता है। नियमित रूप से ब्रश का उपयोग करने से आपकी डिवाइसेज लम्बे समय तक साफ बनी रहती है।
स्क्रीन क्लीनिंग स्प्रे
स्क्रीन क्लीनिंग स्प्रे विशेष रूप से एलईडी, एलसीडी, ओएलईडी, मॉनिटर, लैपटॉप, स्मार्टफोन और टच स्क्रीन डिवाइसेज की सुरक्षित सफाई करने के लिए बनाया गया है। यह स्क्रीन पर जमी धूल, उंगलियों के निशान, तैलीय परत, धब्बों और हल्की गंदगी को प्रभावी रूप से दूर करता है, जिससे डिस्प्ले लम्बे समय तक साफ और स्पष्ट दिखाई देता है। हालांकि स्प्रे को कभी भी स्क्रीन पर सीधा नहीं छिड़कना चाहिए, अपितु इसे कपड़े पर लगाकर धीरे-धीरे साफ करना चाहिए। इसके साथ ही सदैव अल्कोहल रहित उत्पादों को ही प्राथमिकता देनी चाहिए।
इसोप्रोपाइल अल्कोहल की सफाई
आपकी डिवाइस पर मौजूद जिद्दी दाग और बैक्टीरिया आदि को हटाने के लिए इसोप्रोपाइल अल्कोहल एक उत्तम विकल्प है। यह जल्द ही सूख जाता है और डिवाइस के इलेक्ट्रॅनिक पार्टस को नुकसान नहीं पहुंचाता है। विशेष रूप से ईयर फोन, माउस और की-बोर्ड जैसे पार्टस की सफाई करने के लिए यह बहुत उपयोगी सबित होता है।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
