
नारी शक्ति पर नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता आयोजित Publish Date : 16/04/2026
नारी शक्ति पर नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता आयोजित
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई 1 और 2 के अंतर्गत "नारी शक्ति" विषय पर एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं की भूमिका, उनके अधिकारों तथा सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने नाटकों के माध्यम से महिलाओं के सम्मान, शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस दौरान प्रस्तुत स्लोगन "हाथ थामिए, ये उड़ान भरेंगे; भीख मत दीजिए, कल यही देश का सम्मान बनेंगे।" ने उपस्थित सभी दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया और सकारात्मक संदेश दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के डीन डॉ. रविन्द्र कुमार, डॉ. आर. एस. सेंगर, डॉ. निलेश कपूर, डॉ. पंकज चौहान, डॉ. आकाश तोमर तथा डॉ. बुद्धयश गौतम उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की तथा नारी शक्ति के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
प्रतियोगिता में टीम ‘स्त्री गरिमा’ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम की सदस्य अनुकृति, पल्लवी, त्रप्ति, अग्रिमा, लेकांक्षा, शानवी आदि छात्राओं ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम ने न केवल विद्यार्थियों को मंच प्रदान किया, बल्कि समाज में नारी सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
