कृषि वि0वि0 में जारी प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन      Publish Date : 15/04/2026

कृषि वि0वि0 में जारी प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन

मृदा विज्ञान विभाग, कृषि महाविद्यालय, स0व0प0 कृषि एवं प्रौ0 वि0वि0 मेरठ, द्वारा 31 दिवसीय वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन तकनीकी विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम सेना की विभिन्न कोर के जवानों एवं अधिकारियों के लिये सम्पन्न हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 मार्च से 15 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के समापन समारोह के मुख्य अतिथि कुलसचिव महोदय डॉ0 रामजी सिंह जी ने वर्मी कम्पोस्ट के उत्पादन एवं महत्व पर प्रकाश डाला एवं उन्होंने कृषि की भूमिका में वर्मी कम्पोस्ट के महत्व को बताया।

कुलसचिव महोदय डॉ0 रामजी सिंह जी ने प्रशिक्षार्थियों एवं अन्य शिक्षकों, वैज्ञानिकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज के परिवेश में वातावरण को स्वच्छ एवं संतुलित बनाये रखने, उच्च गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न, फल, सब्जियाँ, दूध उत्पादन एवं मृदा की जैविक, रासायनिक एवं भौतिक गुणवत्ता बनाये रखने के लिये वर्मी कम्पोस्ट अति महत्वपूर्ण जैविक खाद है जो पौधों को संतुलित मात्रा में पोषक तत्वों को उपलब्ध कराती है। इसकी मांग को देखते हुए इसे व्यवसाय के रूप में अपनाया जा सकता है।

                          

अधिष्ठाता कृषि डॉ0 विवेक ने कुलसचिव महोदय का स्वागत किया एवं अपने सम्बोधन में वर्मी कम्पोस्ट के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आजकल शहरों में भी सजावटी पौधों एवं किचन गार्डन के लिये भी इसकी बहुत अधिक मांग है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशिक्षण प्राप्त कर, इस पर आप कार्य प्रारम्भ करते हैं तो यह विश्वविद्यालय के लिये सार्थक होगा। और इसके लिये तकनीकी सहयोग हेतु हम आपके सम्पर्क में रहेंगे।

डॉ0 एस0 पी0 सिंह, विषय समन्वयक ने विस्तारपूर्वक 31 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 10 प्रदेशों से आये प्रशिक्षार्थियों ने इस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि 31 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में विषय से सम्बन्धित 60 व्याख्यान, 10 प्रयोगशालाओं में प्रयोग एवं बाह्य भ्रमण कराये गये।

इस अवसर पर माननीय कुलपति डॉ0 त्रिवेणी दत्त जी के मार्ग-निर्देशन में एवं रक्षा मंत्रालय के सहयोग से यह कार्यक्रम हमारे आर्मी, नेवी एवं एयर फोर्स के अधिकारियों एवं जवानों के लिये अति महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।

मृदा विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ0 यू0 पी0 शाही ने प्रशिक्षण में आये हुए मुख्य अतिथि कुलसचिव महोदय डॉ0 रामजी सिंह एवं समस्त अधिकारियों, प्रशिक्षार्थियों, कर्मचारियों एवं प्रेस मीडिया का धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस आयोजन में उपस्थित रहे अधिष्ठाता कृषि, अधिष्ठाता स्नातकोत्तर डॉ0 गोपाल सिंह, डॉ0 सत्येन्द्र कुमार, डॉ0 योगेश कुमार, डॉ0 नीरज कुमार, डॉ0 अशोक कुमार एवं कृषि संकाय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं सदस्य उपस्थित रहे।