गाय भैंस का दूध बढ़ाने के घरेलू उपाय      Publish Date : 25/10/2026

    गाय भैंस का दूध बढ़ाने के घरेलू उपाय

                                                                                                            प्रो0 डी. के. सिंह एवं अन्य

किसान और पशुपालक भाईयों के लिए गाय भैंस के दूध की गुणवत्ता और मात्रा दोनों ही बातें बेहद मायने रखती हैं। अगर पशु के दूध की गुणवत्ता बेहतर होगी तो पशुपालक दूध के जरिए प्राप्त दुग्ध उत्पादों से अच्छी कमाई कर पाते हैं। वहीं अगर गाय या भैंस दूध अधिक मात्रा में देगी तो उसे बेचकर पशुपालक भाई अपनी आय को भी बढ़ा सकते हैं।

इसलिए आज इसी समस्या पर हम अपने इस लेख में चर्चा करने वाले हैं। आज के अपने इस लेख में हम किसानों और अन्य पशुपालक भाईयों के लिए भैंस और गाय का दूध बढ़ाने के कुछ घरेलू उपायों की जानकारी प्रदान करेंगे। अगर आप एक पशुपालक हैं और अपने पशु की कम दूध उत्पादन क्षमता को लेकर परेशान हो गए हैं, तो हमारा यह लेख आपके लिए ही है। तो चलिए जानते हैं आखिर किस तरह घरेलू उपाय से भैंस और गाय के दूध की मात्रा को बढ़ाया जा सकता है।

गाय और भैंस के दूध बढ़ाने के घरेलू उपाय

                                

किसान और पशुपालकों को दूध बढ़ाने के घरेलू उपायों को अपनाने के साथ कुछ अन्य तथ्यों का ध्यान भी रखना होगा। इनमें सबसे पहला तथ्य यह है कि पशु की सेहत का पूरा ध्यान रखें और उन्हें समय पर आहार दें। इसके अलावा पशु के रहने की व्यवस्था भी अच्छी बनाकर रखें। आइए अब जानते हैं गाय और भैंस का दूध बढ़ाने का घरेलू उपाय।

डिवर्मिंग हो सकता है कारगर घरेलू उपाय

गाय या भैंस जुगाली करते समय अक्सर कुछ ऐसी सामग्रियों को भी खा लेते हैं, जिसकी वजह से उनके पेट में कीड़े हो जाते हैं। यह कीड़े न केवल उन्हें अंदरूनी तौर पर कमजोर बना देते हैं। बल्कि उनकी दूध देने की क्षमता पर भी बुरा असर डालते हैं। ऐसे में पशुपालक भाई गाय के दूध को बढ़ाने के लिए उन्हें कीड़े मारने की दवा समय-समय पर जरूर देते रहें। यह दवा आपको अपने पशु को हर 6 महीने के अंदर देनी चाहिए। ऐसा करने से पशु स्वस्थ रहेंगा और उसकी दूध देने की क्षमता बेहतर बनी रहेगी।

खली और दलिया

पशु आहार की आहार प्रणाली को सही करके पर भी दूध की मात्रा को बढ़ाया जा सकता है। अगर आप अपने पशु को नियमित रूप से दलिया और खली को मिलाकर देते रहेगें, तो इससे गाय के दूध देने की क्षमता बढ़ती है। लेकिन ध्यान रहे कि यह आहार आप अपनी गाय या भैंस को केवल शाम के समय ही खाने को दें। 

सरसों के तेल से बढ़ाए गाय का दूध

भारत के अंदर ज्यादातर घरों के अंदर सरसों के तेल का उपयोग किया जाता है। अगर यही सरसों का तेल गाय या भैंस को खली के अंदर मिलाकर दिया जाए, तो इससे गाय अधिक दूध देने लगती है।

पशु का दूध बढ़ाने वाली चॉकलेट

हम सभी ने चॉकलेट का सेवन तो किया ही है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि गाय या भैंस का दूध बढ़ाने के लिए भी एक चॉकलेट आ चुकी है। दरअसल भारतीय पशुचिकित्सा अनुसंधान संस्थान ने एक ऐसी चॉकलेट को तैयार किया है। जिसके माध्यम से गाय या भैंस के दूध देने की  क्षमता को बढ़ाया जा सकता है। इस चॉकलेट में कैल्शियम, फास्फोरस, मैग्नीशियम, जिंक और कॉपर आदि मिलाया गया है। चॉकलेट के यही गुण गाय के दूध की उत्पादकता को बढ़ाते हैं।

पानी से बढ़ाएं गाय के दूध की मात्रा

हम इंसानों के शरीर के लिए जिस तरह पानी जरूरी होता है। उसी तरह गाय भैंस और अन्य पशुओं के लिए भी पानी बेहद जरूरी होता है। अगर आप अपने पशुओं को उचित मात्रा में पानी देते हैं, तो इससे उसके दूध देने की मात्रा बढ़ जाती है।

अपने पशुपालक भाइयों के लिए हम ऐसी ही महत्वपूर्ण जानकारियां लाते रहेंगे। अगर आप एक पशुपालक हैं और अपने पशु की उत्पादकता को बढ़ाना चाहते हैं या स्वस्थ रखना चाहते है, तो इसके लिए आप हमारे चैनल को सब्सक्राइब कर हमारे विशेषज्ञों के द्वारा दी गई प्रत्येक जानकारी का अधिकतम लाभ उठा सकते हैं।

लेखकः प्रोफेसर डी. के. सिंह, पशु चिकित्सा महाविद्यालय, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मोदीपुरम, मेरठ।