
कृषि विश्वविद्यालय के द्वारा पशु रोगों से बचाव हेतु महमूदपुर गढ़ी में पशु चिकित्सा शिविर Publish Date : 23/08/2025
कृषि विश्वविद्यालय के द्वारा पशु रोगों से बचाव हेतु महमूदपुर गढ़ी में पशु चिकित्सा शिविर
बरसात का मौसम पशुओं में संक्रामक रोगों विशेष रूप से खुरपका-मुंहपका एवं गलघोटू आदि रोगों के फैलने का संवेदनशील समय होता है, जो न केवल पशुओं के स्वास्थ्य बल्कि उनके दुग्ध उत्पादन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, मेरठ एवं पशुपालन विभाग द्वारा, इफको टोकियो जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड के वित्तीय सहयोग से ग्राम महमूदपुर गढ़ी, ब्लॉक किला परीक्षितगढ़, जिला मेरठ में एक दिवसीय निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया।

चिकित्सा शिविर का मार्गदर्शन कुलपति डॉ. के. के. सिंह तथा उद्घाटन मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. संदीप कुमार शर्मा ने किया। डॉ. शर्मा ने बरसात के मौसम में पशुओं की विशेष देखभाल तथा नियमित टीकाकरण के महत्व पर विस्तृत प्रकाश डाला। इस अवसर पर खुरपका-मुंहपका रोग का निःशुल्क टीकाकरण भी किया गया। परियोजना प्रभारी प्रो. अमित वर्मा ने बताया कि बरसात के मौसम में पशुओं में अंतःपरजीवी जैसे पेट के कीड़े, लीवर फ्लूक आदि का संक्रमण तेजी से फैलता है, जिससे पशुओं में कमजोरी, दूध उत्पादन में कमी, वजन घटने और कभी-कभी मृत्यु तक की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।

उन्होंने पशुपालकों को सलाह दी कि वह अपने पशुओं को हर तीन माह में एक बार कृमिनाशक दवा अवश्य दें। शिविर में डॉ. अमित वर्मा, डॉ. प्रेम सागर मौर्या, डॉ. अरबिंद सिंह, डॉ. अजीत कुमार सिंह, डॉ. आशुतोष त्रिपाठी, एवं डॉ. कपिल त्यागी आदि ने 280 से अधिक पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क कृमिनाशक, खनिज मिश्रण एवं आवश्यक दवाएं वितरित कीं। शिविर की सफलता में पशु चिकित्साधिकारी डॉ. कपिल त्यागी, पशुधन प्रसार अधिकारी विकास आर्य, सत्येंद्र कुमार एवं विनेश कुमार सहित स्थानीय ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा।
