आईआईटी, मद्रास का 'स्कूल कनेक्ट' प्रोग्राम      Publish Date : 28/11/2026

आईआईटी, मद्रास का 'स्कूल कनेक्ट' प्रोग्राम

                                                                                                               प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), मद्रास के सेंटर फॉर आउटरीच एंड डिजिटल एजुकेशन (सीओडीई) की ओर से 'स्कूल कनेक्ट' प्रोग्राम की शुरुआत की गई है। इस प्रोग्राम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के विभिन्न विकल्पों और करियर की संभावनाओं से परिचित कराना है। शैक्षणिक सत्र 2026 में इस प्रोग्राम का विस्तार करते हुए इसे कक्षा नौ के विद्यार्थियों के लिए भी शुरू किया गया है। इस प्रोग्राम से पहले इसमें कक्षा 10 से 12 तक के विद्यार्थी भाग ले सकते है। इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई, विभिन्न विषयों और भविष्य में करियर बनाने के अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त करने का मौका मिलता है।

प्रोग्राम की विशेषताएं

                               

यह कार्यक्रम केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें रिकॉर्डेड वीडियो लेक्चर, लाइव संवादात्मक कक्षाएं, असाइनमेंट और कंप्यूटर आधारित मूल्यांकन भी शामिल हैं। इसके पाठ्यक्रम हिंदी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में उपलब्ध हैं। इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को आईआईटी, मद्रास सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के शिक्षकों से सीखने का अवसर मिलेगा। प्रत्येक कोर्स की अवधि आठ सप्ताह निर्धारित की गई है।

इन विषयों में कर सकते हैं पढ़ाई

कार्यक्रम के तहत 17 भविष्य केंद्रित विषयों में पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें विज्ञान एवं तकनीक के अंतर्गत डाटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम, साइबर सुरक्षा तथा मैथमेटिक्स एवं कंप्यूटिंग शामिल हैं। वहीं, इंजीनियरिंग के क्षेत्र में एयरोस्पेस, केमिकल इंजीनियरिंग, मॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग, बायोलॉजिकल सिस्टम और सिविल इंजीनियरिंग जैसे विषयों को शामिल किया गया है। इसके अलावा, विद्यार्थियों को आर्किटेक्चर एवं डिजाइन, गेम टेक्नोलॉजी, कानून, अर्थशास्त्र एवं वित्त, ह्यूमैनिटीज और इकोलॉजी जैसे क्षेत्रों में भी सीखने का अवसर मिलता है। साथ ही, गणितीय पहेलियों और फॉरेंसिक साइंस से जुड़े पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थी अपनी रुचि के अलग-अलग क्षेत्रों को समझ सकते हैं।

कोर्स की फीस और सर्टिफिकेट

इस कार्यक्रम के तहत स्कूलों के लिए आईआईटी, मद्रास के साथ साझेदारी करना निःशुल्क है, जबकि विद्यार्थियों को प्रत्येक कोर्स के लिए 500 रुपये का शुल्क देना होगा। एक कोर्स चक्र में विद्यार्थी केवल एक ही पाठ्यक्रम का चयन कर सकते हैं। निर्धारित असाइनमेंट पूरा करने और मूल्यांकन संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने वाले विद्यार्थियों को आईआईटी, मद्रास के सेंटर फॉर आउटरीच एंड डिजिटल एजुकेशन की ओर से आधिकारिक ई-सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा।

आवेदन की प्रक्रिया  

प्रवेश के लिए विद्यालय का कार्यक्रम से जुड़ा होना आवश्यक है। इच्छुक विद्यार्थी अपने विद्यालय से संपर्क करें या आधिकारिक वेबसाइट http://code.iitm.ac.in/schoolconnect से जानकारी प्राप्त करें।

  • विद्यार्थी नई रुचियों और संभावित करियर क्षेत्रों की पहचान कर सकते हैं।
  • विज्ञान, वाणिज्य या मानविकी में से विषय समूह चुनने से पहले संबंधित क्षेत्रों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
  • अपनी रुचि और चुने गए विषय समूह के अनुरूप स्नातक पाठ्यक्रमों तथा करियर विकल्पों को समझ सकते हैं।

पेपर-एक को नजरअंदाज न करें

उच्च शिक्षा के क्षेत्र में कैरियर बनाने और विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यूजीसी नेट एक महत्वपूर्ण परीक्षा है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने दिसंबर 2026 सत्र के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 20 अक्तूबर, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा 14 से 19 दिसंबर, 2026 के बीच कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के माध्यम से जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ), असिस्टेंट प्रोफेसर और पीएचडी में प्रवेश के लिए पात्रता निर्धारित की जाती है। ऐसे में उम्मीदवारों के लिए जरूरी है कि वे आवेदन प्रक्रिया समय पर पूरी करने के साथ अपनी तैयारी की रणनीति भी बनाएं।

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

उम्मीदवार आवेदन के लिए यूजीसी नेट की आधिकारिक वेबसाइट http://ugc.gov.in/ पर जाएं। वहां दिसंबर 2026 के आवेदन लिंक पर क्लिक करके पंजीकरण करें। इसके बाद व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें, निर्धारित प्रारूप में फोटो व हस्ताक्षर सहित जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क जमा करें। फॉर्म सबमिट करने के बाद पुष्टि पृष्ठ डाउनलोड कर सुरक्षित रख लें। नाम, जन्मतिथि, विषय और अन्य जानकारियां भरते समय सावधानी बरतें, ताकि आगे किसी तरह की परेशानी न हो।

यूजीसी नेट परीक्षा का पैटर्न

यूजीसी नेट में दो पेपर होते हैं और दोनों का आयोजन एक ही सत्र में किया जाता है। पेपर-1 में 50 प्रश्न पूछे जाते हैं, जो कुल 100 अंकों के होते हैं। इसमें शिक्षण अभिरुचि, शोध अभिरुचि, तार्किक क्षमता, संचार, आंकड़ों की व्याख्या और उच्च शिक्षा व्यवस्था जैसे विषय शामिल होते हैं। पेपर-2 उम्मीदवार के चुने हुए विषय पर आधारित होता है। इसमें 100 प्रश्न होते हैं और कुल अंक 200 निर्धारित हैं। परीक्षा की कुल अवधि तीन घंटे होती है। दोनों पेपर में सभी प्रश्न अनिवार्य होते हैं।

सिलेबस को सवालों के नजरिये से समझें

सिलेबस पढ़ते समय हर टॉपिक के सामने यह नोट करें कि उससे किस तरह के प्रश्न पूछे जा सकते हैं। इससे पढ़ाई केवल तथ्यों को याद करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि परीक्षा की बेहतर तैयारी करने में भी मदद मिलेगी। हर टॉपिक से जुड़े सवालों का संग्रह बनाएं: किसी अध्याय को पूरा करने के बाद उससे संबंधित वस्तुनिष्ठ प्रश्नों को एक जगह संकलित करें और समय-समय पर उन्हें दोबारा हल करें। इससे अपनी समझ का आकलन करने और कमजोर हिस्सों की पहचान करने में मदद मिलेगी।

हर टॉपिक को दें पर्याप्त समय

कई उम्मीदवार अपने मुख्य विषय पर अधिक ध्यान देते हैं, जिससे पेपर-1 की तैयारी पीछे छूट जाती है। इससे बचने के लिए रोजाना कुछ समय शिक्षण अभिरुचि, शोध अभिरुचि, तार्किक क्षमता, संचार और आंकड़ों की व्याख्या जैसे टॉपिक्स के अभ्यास के लिए निर्धारित करें। हर सप्ताह एक अभ्यास परीक्षा दें और अपने प्रदर्शन का विश्लेषण करें।

  • दोनों पेपर का सिलेबस देखकर विषयों को छोटे हिस्सों में बांटें और पढ़ाई का लक्ष्य तय करें।
  • रोजाना पेपर-1 और अपने मुख्य विषय की तैयारी के लिए समय निकालें।
  • महत्वपूर्ण तथ्यों और कठिन अवधारणाओं को आसान भाषा में लिखें।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।