तैयारी यूपीपीएससी परीक्षा की      Publish Date : 12/11/2026

            तैयारी यूपीपीएससी परीक्षा की

                                                                                                                        प्रो0 आर. एस. सेंगर

  • मॉक टेस्ट देते रहें

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की मुख्य परीक्षा भर्ती की मुख्य परीक्षा तीन चरणों में आयोजित की जाती है, जिसका कुल पूर्णांक 400 होता है। इसलिए उम्मीदवारों को अब अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने पर ध्यान देना चाहिए। मुख्य विषयों की दोहराई, उत्तर लेखन का अभ्यास, समय-प्रबंधन और पिछले वर्षों के पेपर हल करना इस चरण में सबसे अधिक उपयोगी होंगे। साथ ही, रोजाना तय समय पर अध्ययन और अपनी कमजोरियों को पहचानकर उन्हें सुधारने की रणनीति अपनाकर अभ्यर्थी परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।

                             

महत्वपूर्ण खंड  होता है करंट अफेयर्स:

सामान्य अध्ययन प्रश्न-पत्र की प्रकृति प्रारंभिक परीक्षा जैसी होगी। इसमें सामान्य विज्ञान एवं पर्यावरण, इतिहास और संस्कृति, भारतीय राज्यव्यवस्था एवं अर्थव्यवस्था, भारतीय कृषि, वाणिज्य और व्यापार, भारत एवं विश्व भूगोल, सामान्य बौद्धिक क्षमता तथा उत्तर प्रदेश की शिक्षा, संस्कृति, रहन-सहन और सामाजिक प्रथाओं से संबंधित विषय शामिल होंगे। करंट अफेयर्स इस परीक्षा का सबसे महत्वपूर्ण खंड माना जाता है, जिसमें औसतन 30-35 प्रश्न पूछे जाते हैं। इसके लिए पिछले एक वर्ष की अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय घटनाएं पढ़ना पर्याप्त होता है। यह प्रश्न पत्र वस्तुनिष्ठ प्रकार का होगा।

सामान्य हिंदी एवं आलेखन:

इस खंड के अंतर्गत प्रश्न-पत्र में दिए गए गद्यांश का शीर्षक, सारांश तथा रेखांकित अंशों की व्याख्या लिखनी होगी। साथ ही, सरकारी पत्रों का सारणी-सार लेखन, शासकीय एवं अर्धशासकीय पत्राचार, परिपत्र, विज्ञप्ति आदि शामिल होंगे। कंप्यूटर, प्रशासनिक एवं वाणिज्यिक शब्दावली, मुहावरे-लोकोक्तियां, तथा हिंदी-अंग्रेजी शब्द रूपांतरण पर आधारित प्रश्न भी पूछे जाएंगे। यह भाग वर्णात्मक होगा, जबकि सामान्य शब्द ज्ञान और व्याकरण से संबंधित प्रश्न वस्तुनिष्ठ रूप में पूछे जाएंगे।

निबंध में हो प्रवाह:

निबंध में तीन खंड होंगे, जिनमें से प्रत्येक खंड से एक-एक निबंध 600 शब्दों में लिखना होगा। निबंध के लिए ऐसे विषय चुनें जिनमें आप डाटा, उदाहरण और सामाजिक, राजनीतिक इन सभी दृष्टिकोणों को जोड़ सकें। साथ ही, आधिकारिक आंकड़े, मुहावरे और प्रसिद्ध व्यक्तियों के उद्धरण शामिल करना न भूलें, ताकि निबंध अधिक प्रभावी और संतुलित बन सके।

अवधारणाएं मजबूत करते चलें:

परीक्षा के इन सभी चरणों को पार करने के लिए अधिक से अधिक सही उत्तर देना आवश्यक होता है और इसके लिए सटीकता का लगातार अभ्यास करना बेहद जरूरी है। यह तभी संभव है, जब आप रोजाना एक मॉक टेस्ट दें। टेस्ट के बाद अपने गलत उत्तरों का विश्लेषण करें और कमजोरियों में सुधार करें। साथ ही, विषयों का बार-बार रिवीजन करें, ताकि अवधारणाएं मजबूत बनी रहें।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।