नेशनल मैथमेटिक्स ओलंपियाड-2026 परीक्षा      Publish Date : 28/10/2026

नेशनल मैथमेटिक्स ओलंपियाड-2026 परीक्षा

                                                                                                              प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

गणित सिर्फ किताबों और सवालों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह छात्रों में तर्क, विश्लेषण और समस्या सुलझाने की क्षमता को भी विकसित करता है। इसी प्रतिभा को पहचानने और छात्रों को अपनी गणितीय क्षमता दिखाने का अवसर देने के लिए मैथमेटिक्स रिसर्च फाउंडेशन (एमआरएफ) ने नेशनल मैथमेटिक्स ओलंपियाड (एनएमओ) 2026 की घोषणा की है। इसका उद्देश्य छात्रों में गणित के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उनकी तार्किक सोच और समस्या समाधान कौशल को मजबूत करना है। यह प्रतियोगिता छात्रों को चुनौतीपूर्ण गणितीय सवालों पर सोचने और अपनी क्षमता को परखने का अवसर देगी।

कक्षा के अनुसार होगी परीक्षा:

                               

   इस प्रतियोगिता में देशभर के कक्षा एक से बारहवीं तक के छात्र हिस्सा ले सकते हैं। परीक्षा एनसीईआरटी के पाठ्यक्रम पर आधारित होगी और इसे स्कूलों के माध्यम से ऑफलाइन आयोजित किया जाएगा। खास बात यह है कि छोटे बच्चों से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं के छात्रों तक के लिए अलग-अलग व्यवस्था है, ताकि सभी अपनी कक्षा के स्तर के अनुसार प्रतिस्पर्धा कर सकें। प्रतियोगिता में कक्षा एक और दो के छात्रों के लिए केवल एक चरण की परीक्षा होगी और इन्हें इसी के आधार पर पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, कक्षा तीन से बारहवीं तक के छात्रों को दो चरणों से गुजरना होगा।

70 फीसदी अंक हैं जरूरी:

पहले चरण में सफल होने वाले छात्र ही अगले चरण में पहुंचेंगे। इससे छात्रों को अपनी गणितीय समझ को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा। परीक्षा का पहला चरण स्कूल स्तर पर ऑफलाइन आयोजित होगा, जिसमें एक घंटे की बहुविकल्पीय (एमसीक्यू) परीक्षा होगी। कक्षा तीन से बारहवीं तक के छात्रों को दूसरे चरण में पहुंचने के लिए पहले चरण में कम से कम 70 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे। दूसरा चरण समस्या समाधान पर आधारित होगा, जिसमें छात्रों की सोचने और समाधान निकालने की क्षमता का मूल्यांकन किया जाएगा।

प्रमाणपत्र व पुरस्कार:

                                 

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी छात्रों को सहभागिता प्रमाणपत्र मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को आर्यभट्ट अवार्ड, मेडल, प्रमाणपत्र और नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। पहले स्थान पर रहने वाले छात्र को 5,100 रुपये, दूसरे विजेता को 3,100 रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले छात्र को 1,100 रुपये का पुरस्कार मिलेगा। इसके साथ ही छात्रों की तैयारी के लिए सिलेबस, सैंपल पेपर और मॉक टेस्ट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

आवेदन प्रक्रिया:

इस ओलंपियाड में आवेदन के लिए प्रति छात्र 150 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। परीक्षा 25 नवंबर को होगी, जिसके लिए 31 अक्तूबर तक आवेदन किया जा सकेगा। इच्छुक छात्र अपने स्कूल के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवार एमआरएफ की आधिकारिक वेबसाइट mathsolympiad.in पर जाएं।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।