
नियोक्ता का भरोसा जीतना जरूरी है Publish Date : 20/10/2026
नियोक्ता का भरोसा जीतना जरूरी
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर
-
एक अच्छा इंटरव्यू वही है, जिसमें आप खुद को बाकी आवेदकों से बेहतर साबित करते हैं और नियोक्ता का भरोसा जीतते हैं-
नौकरी की तलाश करते समय इंटरव्यू में सफल होना निसंदेह सबसे महत्वपूर्ण कदम होता है, लेकिन सच यह भी है कि किसी भी पद के लिए नियोक्ता कई आवेदकों में से कुछ ही उम्मीदवारों को चुनते हैं। इसलिए शॉर्टलिस्ट होना भी एक उपलब्धि है।
इंटरव्यू में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए तैयारी, आत्मविश्वास और अपनी क्षमताओं को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करना जरूरी है। आपका उद्देश्य यह दिखाना होना चाहिए कि आप कंपनी के माहौल में फिट बैठते हैं और नौकरी के लिए आवश्यक कौशल रखते हैं। एक अच्छा इंटरव्यू वही है, जिसमें आप खुद को बाकी आवेदकों से बेहतर साबित करते हैं और नियोक्ता का भरोसा जीतते हैं।

नियोक्ता को भरोसा दिलाएं कि आप कंपनी के लिए उचित उम्मीदवार हैं और उसके कामकाज को समझते हैं। आप छोटे उदाहरण देकर दिखा सकते हैं कि आपने पहले टीम में कैसे अच्छा काम किया है और आगे कंपनी के मिशन, लक्ष्यों और उपलब्धियों में आप कैसे योगदान दे सकते हैं।
उपलब्धियों को उजागर करें
इंटरव्यू में सबसे जरूरी है यह स्पष्ट तरीके से बताना कि आप इस नौकरी के लिए कैसे सही फिट हैं। अपने कौशल की लंबी सूची पूरे देने के बजाय केवल उन कौशलों का जिक्र करे जिनके बारे में आप अच्छी जानकारी रखते हैं।
उत्साहित बने रहें
इंटरव्यू में यह दिखाना जरूरी है कि आप सच में कंपनी का हिस्सा बनना चाहते हैं। नियोक्ता को महसूस कराएं कि आपकी रुचि सिर्फ नौकरी में नहीं, बल्कि कंपनी के काम और मूल्यों में भी है। बताएं कि कंपनी की कौन-सी बात या उपलब्धि आपको आकर्षित करती है और छोटे उदाहरण दें। साथ ही यह भी स्पष्ट करें कि नौकरी मिलने पर आपको वहां काम करने पर क्यों गर्व महसूस होगा।
करें दिलचस्प सवाल
इंटरव्यू से पहले कंपनी और इंटरव्यू लेने वाले व्यक्ति के बारे में अच्छी तरह जानकारी जुटा लें, ताकि आप दिखा सकें कि आप व्यवसाय और उसकी हाल की गतिविधियों को समझते हैं। वेबसाईट की बातें दोहराने के बजाय ऐसे दिलचस्प सवाल पूछें, जैसे कंपनी ने उद्योग में आए बदलावों को कैसे संभाला या नई तकनीक को कैसे अपनाया है। साथ ही अपनी ऑनलाइन प्रोफाइल को पेशेवर रखें, ताकि वह आपको सही तरह से प्रस्तुत करे।
अपने बारे में बताएं
इंटरव्यू में अपने बारे में बताते समय यह स्पष्ट करना जरूरी है कि आपके कौशल कंपनी के लिए कैसे लाभदायक हैं और आपको उस पद के लिए उपयुक्त बनाते हैं। उदाहरण के लिए, आप बता सकते हैं कि 'मुझे लोगों की मदद करना पसंद है, इसलिए मैंने पढ़ाई के दौरान वृद्धों की देखभाल से जुड़ी इंटर्नशिप और स्वयंसेवा की।' इंटरव्यू में अपनी उपलब्धियों की सूची देने के बजाय अपनी पूरी पेशेवर यात्रा को एक छोटी, सरल और अर्थपूर्ण कहानी की तरह बताएं, जिससे पता चले कि आप सक्षम, समर्पित और उस भूमिका के लिए सही उम्मीदवार हैं।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।