
क्या आप नौकरी की तलाश कर रहे हैं Publish Date : 06/10/2026
क्या आप नौकरी की तलाश कर रहे हैं
प्रो0 आर. एस. सेंगर
अगर आप नौकरी की तलाश में हैं, तो अंधाधुंध आवेदन करने के बजाय कुछ स्मार्ट तरीके अपनाना बेहतर है:-
आज नौकरी पाने के पुराने तरीके, जैसे सिर्फ डिग्री लेना और इंटरव्यू के लिए अपनी बारी का इंतजार करना काफी नहीं है। आज असली महत्व इस बात का है कि आप अपनी योग्यता कितनी स्पष्टता और आत्मविश्वास के साथ दिखा पाते हैं और लोगों से कितना जुड़ पाते हैं।
नौकरी खोजते समय खुद को इतना दृश्यमान और प्रभावी बनाएं कि नियोक्ता आपको अनदेखा न कर सकें। अपने कौशल और अपनी क्षमता को खुले और आत्मविश्वास भरे तरीके से प्रस्तुत करें, क्योंकि भले ही स्क्रीनिंग प्रक्रिया ऑटोमेटेड हो गई हो, अंतिम निर्णय अब भी नियोक्ता ही लेते हैं।
आज आवेदन की संख्या नहीं, बल्कि आपकी रणनीति मायने रखती है, और यहां बताए गए कुछ तरीके आपकी नौकरी पाने की संभावनाओं को बढ़ा सकते हैं।

हर जगह आवेदन करना बंद करें: हर जगह आवेदन करना बंद करें। सबसे पहले आप समझदारी से आवेदन करें, क्योंकि कई जगह आवेदन करने से बेहतर है कि 10 से 15 वही पद चुनें, जो आपके कौशल से मेल खाते हों और हर नौकरी के लिए रिज्यूमे और कवर लेटर को उस भूमिका के हिसाब से बनाएं। ऐसे अनुकूलित आवेदन सामान्य आवेदनों की तुलना में कई गुना ज्यादा सफल होते हैं।
प्रमाणित दिखें: प्रमाणित दिखें, जो उम्मीदवार अपने काम के ठोस उदाहरण दिखाते हैं यानी 'मैं कर सकता हूं' कहने के बजाय यह दर्शाएं कि 'मैंने किया है'। उनके लिए इंटरव्यू में शामिल होने के मौके दो गुने हो जाते हैं, भले ही उनके पास हर योग्यता न हो। इसे हासिल करने का आसान तरीका है एक ऐसा पोर्टफोलियो बनाना। जहां आपका काम साफ दिखाई दे। चाहे वह कोई डाटा डैशबोर्ड हो, आपका लिखा हुआ कंटेंट हो या कोई प्रोजेक्ट जिसे देखकर सामने वाला आपकी क्षमता समझ सके।
दिखावे पर जोर न दें: दिखावे पर जोर न दें, नौकरी के विवरण में दिए गए कौशल और कीवर्ड वही शब्द हैं, जिन्हें एआई स्कैन करता है। अगर वे आपके रिज्यूमे में नहीं होंगे, तो सिस्टम आपको योग्य होने के बावजूद भी छांट सकता है।
फैंसी डिजाइन, दो कॉलम, जटिल लेआउट, ये सब एआई सिस्टम को भ्रमित कर सकते हैं। इसमें योग्य उम्मीदवारों के रिज्यूमे भी रिजेक्ट हो जाते हैं। इसलिए रिज्यूमे में दिखावे से ज्यादा आप साफ-सुथरी जानकारी और सही शब्दों के इस्तेमाल पर जोर दें।
एआई पर निर्भर न रहें: एआई पर निर्भर न रहें। नौकरी की भीड़ में असली सहारा अक्सर आपका नेटवर्क ही बनता है, एआई नहीं। ज्यादातर भर्तियां सीधे रेफरल और पहचान के जरिये होती हैं, इसलिए लोगों से जुड़ें, साथियों से बात करें, संपर्क बढ़ाएं, ताकि आपकी मौजूदगी सही जगहों तक पहुंच सके।
करियर गैप को नए सिरे से देखें: करियर गैप को नए सिरे से देखें। करियर में गैप होना कोई गलती नहीं है और इससे आपकी क्षमता कम नहीं होती। हालांकि कई नियोक्ता इसे कमजोरी समझते हैं, इसलिए उस दौरान आपने क्या सीखा और कौन-सा नया कौशल या कोर्स किया, यह साफ-साफ बताना जरूरी है। आज की दुनिया में काम का रास्ता सीधा नहीं मिलता, लोग नए कौशल सीखते हैं और करियर बदलते हैं। इसलिए करियर में गैप को अब सकारात्मक नजरिये से देखें।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।