
इंटरव्यू का परिणाम अपने पक्ष में करने के लिए अपनाएं Publish Date : 19/08/2026
इंटरव्यू का परिणाम अपने पक्ष में करने के लिए अपनाएं
प्रो0 आर. एस. सेंगर
कई बार जॉब इंटरव्यू में सफलता न मिलने का कारण हमारी डिग्री नहीं, बल्कि इंटरव्यू में अपने आपको एक पेशेवर अंदाज से व्यक्त न कर पाना भी एक बहुत बड़ा कारण होता है। इस प्रकार यदि अपनी कुछ कमियों को सुधार लिया जाए, तो हमें अवसर मिलते देर नहीं लगती। आज के प्रतिस्पर्धी दौर में कंपनियां सिर्फ डिग्री नहीं, बल्कि पेशेवर अंदाज को भी महत्व उतना ही देती हैं। यह इंटरव्यू के दौरान आपके संवाद, आत्मविश्वास और जवाब देने के तरीकों से स्पष्ट झलकता है। हमारे द्वारा नीचे दिए गए इन पहलुओं पर ध्यान देकर आप अस्वीकृति के स्थान पर सफलता की संभावनाओं को बढ़ाया जा सकता है, जैसे कि-
जानकारी नहीं, समझदारी भी दिखाएं: अब कंपनियां सिर्फ यह नहीं परखतीं किउम्मीदवार उनके बारे में कितनी जानकारी रखता है, बल्कि यह भी देखती हैं कि वह उनके काम को कितनी गहराई से समझता है। इसलिए इंटरव्यू से पहले कंपनी के कार्य को समझें और जवाब देते समय बताएं कि आप उस काम में कैसे उनकी मदद कर सकते हैं। यहीं से आपकी गंभीरता व प्रतिबद्धता झलकती है।
अपने उत्तर छोटे एवं असरदार रखेः अपनी बात सीधे और स्पष्ट तरीके से प्रबन्धन के सामने रखें। स्टार (STAR) अर्थात टेक्निक (सिचुएशन, टास्क, एक्शन, रिजल्ट) की विधि को अपनाएं। पहले स्थिति बताएं, फिर अपनी जिम्मेदारी, उसके बाद आपने क्या किया और अंत में उसका नतीजा क्या रहा यह भी बताएं। इससे आपके जवाब व्यवस्थित, सरल और ज्यादा प्रभावी लगते हैं।
अपने अनुभव को भी साझा करें: स्वयं अपने आपको मेहनती या जिम्मेदार बताने के लिए अपने किसी काम का छोटा-सा उदाहरण भी दें। आपने क्या किया और क्या नतीजा निकला, ताकि प्रबन्धकों को आपकी बात अधिक सच्ची और प्रभावी लगे।
घबराहट पर काबू बनाए रखें: आप अपने इंटरव्यू को किसी सामान्य बातचीत की तरह देखें। इस दौरान आप सहज व सकारात्मक बने रहें और अपनी सफलताओं को याद करें। सीखने की इच्छा और कमियों को सुधारने की पहल दिखाएं, क्योंकि नियोक्ता ऐसे उम्मीदवारों को अधिक भरोसेमंद और तैयार मानते हैं।
यदि आपका इंटरव्यू ऑनलाइन हो तो
इंटरनेट कनेक्शन, कैमरा एंगल और बैकग्राउंड पहले ही जांच लें। अपने रोल से जुड़ा छोटा-सा डेमो या प्रोजेक्ट भी तैयार रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर स्क्रीन शेयर कर सकें। तकनीकी समस्या की स्थिति में बैकअप जरूर रखें, जैसे मोबाइल डांटा या दूसरा डिवाइस। ऐसी छोटी छोटी तैयारियां आपकी पेशेवर और जिम्मेदार छवि दर्शाती हैं।
अपस्किलिंग से अपने लिए बढ़ाएं मौके
अधिकतर कंपनियां ऐसे उम्मीदवार को हायर करना पसंद करती हैं, जो बदलते समय के साथ अपने कौशल को अपडेट रखते हैं। इंटरव्यू में यह दिखाएं कि आपने नया टूल, तकनीक या तरीका सीखा और इसे अपने काम में इस्तेमाल भी किया। इससे पता चलता है कि आप सीखने के लिए तैयार हैं और लगातार बेहतर बनने की सोच रखते हैं।
लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
