सुनियोजित तैयारी से ही प्राप्त होती है सफलता      Publish Date : 16/08/2026

सुनियोजित तैयारी से ही प्राप्त होती है सफलता

                                                                                                                   प्रो0 आर. एस. सेंगर

कंबाइंड डिफेंस सर्विस (सीडीएस) परीक्षा को भारतीय सशस्त्र बलों में नौकरी प्रदान करने के उद्देश्य से गठित किया गया है। इंडियन मिलिट्री एकेडमी, ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी, इंडियन नेवल एकेडमी और इंडियन एयर फोर्स एकेडमी में भर्ती के लिए समय-समय पर सीडीएस की परीक्षा आयोजित की जाती है। सीडीएस की परीक्षा संभावित अप्रैल माह में आयोजित की जाती है, इस लिहाज से अभ्यर्थियों के पास सीडीएस परीक्षा की तैयारी के लिए तकरीबन आठ महीने से भी कम का समय बचा है। इसलिए परीक्षार्थियों को परीक्षा में सफल होने के लिए अभी से अपनी तैयारी शुरू कर देनी चाहिए।

परीक्षा का पैटर्न

पाठ्यक्रम किसी भी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी का सबसे अहम हिस्सा होता है। इससे प्रतिभागियों को यह समझने में आसानी होती है कि उन्हें किन विषयों की तैयारी करनी है। बता दें सीडीएस परीक्षा-2026-27 में प्रारंभिक गणित के सवाल मैट्रिक स्तर जैसे-अंकगणित, बीजगणित,, त्रिकोणमिति रेखागणित, क्षेत्रमिति, सांख्यिकी विषय-वस्तु इत्यादि से पूछे जाते हैं। अन्य विषयों से स्नातक स्तर के अंग्रेजी और सामान्य अध्ययन से प्रश्न पूछे जाते हैं।

समय का करें सदुपयोग

उम्मीदवारों को परीक्षा की तैयारी कुछ महीने पहले से ही शुरू कर देनी चाहिए। तैयारी को बेहतर बनाने के लिए पाठ्यक्रम का गहराई के साथ विश्लेषण करें। समय सारिणी बनाकर नियमित रूप से छह से आठ घंटे अध्ययन करें व साप्ताहिक तौर पर रिवीजन के लिए समय निकालें। पढ़ाई के दौरान छोटे-छोटे ब्रेक लें, ताकि आप मानसिक तौर पर स्वस्थ रह सकें। देश-दुनिया की खबरों पर नजर बनाए रखें, इससे आपके आत्मविश्वास का स्तर बढ़ेगा।

अपनी कमजोरियों को पहचानें

परीक्षार्थी को यह पता होना चाहिए कि आपकी क्षमता और कमजोरी क्या है? चूंकि परीक्षा का स्तर कठिन होता जा रहा है, इसके लिए सही रणनीति का होना बेहद जरूरी है। यदि आप पढ़ाई में औसत हैं, तो आपको सभी विषयों पर, समान रूप से समय देना चाहिए। यदि आपकी किसी एक विषय पर मजबूत पकड़ है और आप परीक्षा में अच्छे अंक हासिल कर सकते हैं। पिछले वर्ष के प्रश्न-पत्रों को हल करते रहें और नियमित रूप से मॉक टेस्ट का अभ्यास करना आपकी तैयारी को एक नया आयाम दे सकता है।

साक्षात्कार की करें तैयारी

लिखित परीक्षा को उत्तीर्ण करने के बाद प्रतिभागी को एक व्यक्तिगत साक्षात्कार के दौर से गुजरना होता है। उम्मीदवारों को साक्षात्कार के दौरान अपने विचारों को व्यक्त करने में सक्षम होना चाहिए। साक्षात्कार में सफल होने के लिए उम्मीदवारों को अपने संवाद कौशल पर विशेष ध्यान देना चाहिए। इसके अतिरिक्त दुनियाभर की नवीनतम घटनाओं से भी परिचित रहें।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।