यूजीसी का नया कोर्स बदलेगा, छात्रों की जीवनशैली      Publish Date : 13/08/2026

यूजीसी का नया कोर्स बदलेगा, छात्रों की जीवनशैली

                                                                                                                       प्रो0 आर. एस. सेंगर

  • मिशन लाइफ सस्टेनेबल लाइफस्टाइल फॉर क्लाइमेट रेजिलिएंस दो क्रेडिट का कोर्स पर्यावरण संरक्षण को देगा नई दिशा-

वर्तमान में जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग, जल संकट और बढ़ते प्रदूषण जैसी पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए अब उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन की आदतों में उतारने का प्रशिक्षण भी मिलेगा। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग अर्थात यूजीसी ने स्नातक स्तर पर मिशन लाइफ सस्टेनेबल लाइफस्टाइल  फार क्लाइमेट  रेजिलिएंस नाम से दो क्रेडिट के पाठ्यक्रम का मसौदा तैयार किया है। 10 अगस्त को जारी दिशा निर्देशों में उच्च शिक्षण संस्थानों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अन्य हितधारकों से 15 दिनों के भीतर सुझाव मांगे गए हैं।

इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य मिशन लाइफ को विद्यार्थियों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना है। पाठ्यक्रम को 6 प्रमुख इकाइयों में विभाजित किया गया है। पहली इकाई में मिशन लाइफ की उत्पत्ति, वैश्विक जलवायु परिवर्तन, जल संकट और भारत की भूमिका पर चर्चा की जाएगी। दूसरी इकाई में वनों की कटाई, प्रदूषण और जैव विविधता के नुकसान जैसे वैश्विक पर्यावरणीय चुनौतियों का अध्ययन होगा।तीसरी इकाई में भारत की स्थिरता नीति और कानूनी ढांचे को शामिल किया गया है।

विद्यार्थी पर्यावरण संबंधी कानूनों के साथ राष्ट्रीय सौर मिशन ग्रीन हाइड्रोजन मिशन, जल जीवन मिशन और संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों एसडीजी के बारे में जानेंगे।चौथी इकाई में ऊर्जा, पानी और कचरा प्रबंधन में पर्यावरण अनुकूल आदतों को अपनाने पर जोर दिया जाएगा।पांचवीं इकाई में मिशन लाइफ के प्रमुख विषयों जैसे ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण और टिकाऊ परिवहन पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

छठी इकाई में व्यवहार परिवर्तन का अभ्यास कराया जाएगा। इसमें मेरी लाइफ पोर्टल और एप के जरिए जन जागरूकता और सामूहिक व्यावहारिक परिवर्तन की गतिविधियों पर जोर दिया जाएगा।

पाठ्यक्रम के तहत विद्यार्थी मेरी लाइफ पोर्टल या एप पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को दर्ज करेंगे जिसमें पौधारोपण, सिंगल यूज, प्लास्टिक में कमी और स्वच्छता अभियान शामिल है। इससे विद्यार्थियों में व्यक्तिगत प्रयास से क्षमता की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

स्वयं पोर्टल पर दस सप्ताह का एमओओसी भी शुरू

इसी दिशा में स्वयं प्लेटफॉर्म पर मिशन लाइफ विषय पर दो क्रेडिट का दस सप्ताह का एम ओ ओ सी मूड कोर्स भी शुरू किया गया है।इसे भारतीय वन प्रबंधन संस्थान, भोपाल ने तैयार किया है। इसके लिए पंजीकरण इकत्तीस, अगस्त तक किया जा सकता है। यह कोर्स 21 अगस्त से 30 अक्टूबर 2026 तक चलाया जाएगा।

मिशन लाइफ दो क्रेडिट का होगा। पाठ्यक्रम प्रैक्टिकल पर दिया जाएगा, विशेष फोकस

यूजीसी द्वारा छात्रों की जीवनशैली को बदलने के लिए मिशन लाइफ कोर्स के मसौदे के अनुसार यह पाठ्यक्रम कुल दो क्रेडिट का होगा। इसमें थ्योरी के साथ केस स्टडी, फील्ड कम्युनिटी, इंगेजमेंट और प्रोजेक्ट आधारित गतिविधियाँ शामिल होंगी। पाठ्यक्रम को राष्ट्रीय क्रेडिट फ्रेमवर्क के अनुसार तैयार किया गया है। पंद्रह सप्ताह के सिमेस्टर में एक क्रेडिट ट्यूटोरियल के लिए पंद्रह घंटे और कम्युनिटी इंगेजमेंट के लिए फील्ड वर्क या लैब वर्क के एक क्रेडिट के लिए तीस घंटे का प्रावधान है, विद्यार्थियों को प्रति सप्ताह लगभग दो घंटे व्यावहारिक गतिविधियों में देने होंगे।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।