आप कैसे सफल होना चाहते हैं      Publish Date : 11/07/2026

           आप कैसे सफल होना चाहते हैं

                                                                                                                   प्रो0 आर. एस. सेंगर

कोई आदमी सफल कैसे होता है, यह एक ऐसा सवाल है, जिसका उत्तर हम सभी जानना चाहते हैं। सच यह है कि सफल लोग जीवन में कोई नया काम नहीं करते, बल्कि वह हर काम को नए तरीके से करते हैं। इसके लिए वह अपनी रणनीति का खाका तैयार करते हैं और उसी पथ पर आगे बढ़ते हैं। लेकिन कई बार लोगों पर जीत की जिद इस कदर सवार हो जाती है कि 'जीत ही सब कुछ है' इसे वे अपना सिद्धांत बना लेते हैं।

इस प्रकार की फिलॉस्फी को मानने वालों की निष्ठा पर मुझे शक होता है। यह 'किलर इंस्टिंक्ट' का गलत अर्थ देती है। अगर आप किसी राह चलते इंसान से पूछे कि किलर इंस्टिंक्ट का क्या मतलब है?, तो ज्यादातर लोग यही जवाब देंगे, 'जैसे भी हो, आपको जीतना है, रास्ता चाहे टेढ़ा हो या सीधा।' यह किलर इंस्टिंक्ट नहीं, बल्कि पूरी बेईमानी है। एक अच्छे विजेता के लिए किलर इंस्टिंक्ट का मतलब है: आप 100 प्रतिशत नहीं, बल्कि 200 प्रतिशत मेहनत और कोशिश करें। अपनी जीत के लिए विपक्षी की गलती का फायदा उठाएं। विरोधी पक्ष की गलती का फायदा न उठाना मूर्खता है, लेकिन जीत के लिए खेल के नियमों को तोड़ना, उल्लंघन करना किलर इंस्टिंक्ट नहीं, सरासर बेईमानी है।

                              

गलत ढंग से हासिल की गई जीत थोड़े समय की सफलता तो दे सकती है, मगर मन की संतुष्टि नहीं। इसलिए जीतने और कामयाब होने के लिए सकारात्मक रवैया होना जरूरी है। सच्चाई यह है कि जिंदगी प्रतियोगिता है और हम सभी को इसमें भाग लेना है। वास्तव में प्रतियोगिता भाग लेने वालों को और बेहतर बनाती है। इसमें कोई शक नहीं कि उद्देश्य तो जीतना होता है, मगर यह जीत ईमानदारी, उदारता, स्पष्टता और खेल के नियमों के अनुसार हासिल की जानी चाहिए।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।