
पोषण विज्ञान में बनाएं अपना कॅरियर Publish Date : 27/06/2026
पोषण विज्ञान में बनाएं अपना कॅरियर
प्रो0 आर. एस. सेंगर
आहार विज्ञान मूलतः पोषण के सिद्धांतों पर आधारित मनुष्य के भोजन की कला एवं विज्ञान है। वास्तव में हमें स्वस्थ रहने के लिए जितनी जरुरत उपयुक्त औषधि की होती है, उतनी ही जरुरत पोषणयुक्त आहार की भी होती है। हालांकि विशेषज्ञों का तो यहां तक कहना है कि अगर पहले से ही स्वस्थ एवं पोषणयुक्त आहार के प्रति सजग रहा जाए तो अधिकतर मामलों में बीमार पड़ने की आशंका ही नहीं रहती है अथवा बीमार पड़ने के खतरे काफी कम हो जाते हैं, इसके परिणामस्वरूप आपकी दवा की जरुरत ही खत्म हो जाती है। यही वजह है कि इन दिनों लोगों में स्वस्थ आहार लेने के प्रति सजगता बड़ी तेजी से बढ़ रही है। यही कारण है कि यह क्षेत्र एक ठोस कॅरियर के रूप में भी बड़ी तेजी से उभर रहा है।
शहरीकरण और आदतों में बदलाव ने बनाई आहार विज्ञानियों की आवश्यकता

हाल के सालों में बड़े पैमाने पर शहरी जनसंख्या की भोजन की आदतों में हुए परिवर्तनों के कारण समाज में पोषण विज्ञानियों एवं आहार विज्ञानियों की भूमिका दिन प्रति दिन महत्वपूर्ण होती जा रही है। आहार विज्ञानी किसी व्यक्ति के विभिन्न पहलुओं जैसे आयु, कार्य, दिनचर्या तथा बीमारी आदि को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त भोजन आदतों तथा चिकित्सा जरूरतों के सम्बन्ध में आवश्यक सुझाव देते हैं। वैसे आहार विज्ञानी जैसा कैरियर कोई अचानक से आज महत्वपूर्ण नहीं हुआ है। सच तो यह है कि आधुनिक चिकित्सा पद्धति के मजबूत होते ही इस क्षेत्र के विशेषज्ञों की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो गई थी।
आज की तारीख में आहार विज्ञानी न केवल लोगों को अपना वजन कम करने के लिए आहार संबंधी महत्वपूर्ण टिप्स देते हैं बल्कि वह पोषण संबंधी देखभाल के बारे में कठिन निर्णय लेने में रोगी तथा चिकित्सा दल या फिजिशियन के बीच एक संपर्क-कड़ी के रूप में भी कार्य करते हैं।
क्या काम हैं आहार विज्ञानी का

आहार विज्ञानी के मुख्य रूप से यह काम होते हैं-
- खाद्य एवं पोषण कार्यक्रमों की योजना बनाना, स्कूलों तथा अस्पतालों में भोजन व्यवस्था का पर्यवेक्षण करना।
- रोगी को आहार संबंधी परिवर्तन का सुझाव देना।
- रोगियों को आहार की शिक्षा देना जो उनकी स्थिति में सुधार कर सकती है।
कहां दीखते हैं आहार विज्ञानी
आहार विज्ञानी कई किस्म की भूमिकाओं में दिखते हैं। मसलन अस्पतालों, ओपीडी, क्लीनिकों और प्राइवेट प्रैक्टिस में आहार विज्ञानी, खाद्य-पोषण सेवा विशेषज्ञ के तौर पर पाए जाते हैं। वह रोगी की पोषण आवश्यकता का मूल्यांकन करते हैं, उनकी आहार-योजना उसी के अनुरूप बनाते हैं, रोगी को सलाह देते हैं और रोगी के ठीक होने की प्रगति पर करीबी नजर भी रखते हैं। इसके अलावा सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसियों, स्वास्थ्य एवं फिटनेस क्लबों तथा डे-केयर सेंटरों में भी इनके लिए पद होते हैं। ये अस्पतालों, नर्सिंग होम्स, स्कूल खाद्य सेवा, कैफेटेरिया तथा रेस्तरां में भी कार्य करते हैं।
आहार विज्ञानी स्वतंत्र रूप से सलाहकार की सेवा भी देते हैं। मीडिया में आहार एवं खानपान विशेषज्ञ के तौर पर भी नौकरी करते हैं या ज्ञानवर्धक लेख लिखने के पेशे में भी खूब सफल हैं। इस तरह के विशेष प्रकाशनों के लिए वे मौलिंक किताबें भी लिखते हैं जिसमें उनके रोचक अनुभव से समाज को सीखने और समझने का लाभप्रद मौका मिलता है।
आहार विशेषज्ञों के लिए जॉब स्कोप
एक आहार विशेषज्ञ के लिए नौकरी के काफी अच्छे अवसर होते हैं। वे सरकारी अस्पतालों, सरकारी स्वास्थ्य देखभाल विभागों, स्कूलों, कॉलेजों, कारखानों औरकैफेटेरिया में पोषण संबंधी आवश्यकताओं के मैनेजमेंट यानी नियोजन के कार्य कर सकते हैं। स्पोर्ट्स होस्टलों और एथलीट कैम्पों के लिए भी विशेषज्ञ आहार विज्ञानियों की नियुक्ति की जाती है जो खिलाड़ियों के फिटनेस में आहार और खुराक का ख्याल रखते हैं।
हेल्थ, फिटनेस और इंटरटेनमेंट क्लबों, कैंटीन तथा नर्सिंग देखभाल से जुड़ी संस्थाओं को भी पोषण विज्ञानियों और आहार विज्ञानियों की सेवाओं की आवश्यकता होती है। अच्छे और मंहगे होटलों तथा रेस्तरां के खान-पान विभाग में भी उनके लिए रोजगार के अनेक अवसर विद्यमान होते हैं।
अनुसंधान एवं विकास कार्य में विभिन्न खाद्य मदों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उन मदों पर अनुसंधान करना और विभिन्न प्रकार के आहार के शरीर पर पड़ने वाले प्रभाव का प्रयोगशालाओं में अध्ययन करना भी इनके कार्यक्षेत्र में शामिल होता है।
अनुसंधान आहार विज्ञानी या पोषण विज्ञानी खाद्य पदार्थों के पोषण-मूल्यों पर अनुसंधान करते हैं, जो हमारे द्वारा खाए जाने वाले भोजन के विभिन्न घटकों और मानव-शरीर के लिए आवश्यक विटामिन, खनिज आदि जैसे अनिवार्य तत्वों की संतुलित मात्रा देने वाले सही प्रकार के भोजन को समझने में सहायता करते हैं। निजी सलाहकार/प्रैक्टिशनर अनुभवी आहार विज्ञानी किसी आहार विभाग के सहायक, एसोसिएट, या निदेशक तक भी बन सकते हैं।
ऑफर पैकेजेज
आहार विज्ञान एवं पोषण के क्षेत्र में शुरुआती वेतन 10,000 रुपये से 25,000 रुपये प्रतिमाह तक होता है। इस क्षेत्र में उच्च पद पर मिलने वाले वेतन में योग्यता आधारित पद, अनुभव तथा स्थान के आधार पर 25,000 रुपये से 1,00,000 रुपये प्रतिमाह तक होता है।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
