
सवाल आपके जवाब हमारे कॅरियर विशषज्ञ के Publish Date : 16/06/2026
सवाल आपके जवाब हमारे कॅरियर विशषज्ञ के
प्रो0 आर. एस. सेंगर
प्रश्न: मैं राजनीति शास्त्र से पीजी कर चुकी हूं। मेरी रुचि गायन के क्षेत्र में है। भविष्य में मेरे लिए क्या विकल्प हो सकते हैं?
— प्रतिमा सिंह, छपरा, बिहार
उत्तर: यदि शुरूआत से ही आपकी रुचि जब गायन के क्षेत्र में थी तो आपको संगीत विषय से स्नातक और परास्नातक कोर्स करना चाहिए था। यदि आपकी आवाज बेहतरीन है और गायन के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छुक हैं तो आपको संगीत का कोई डिप्लोमा या सर्टिफिकेट कोर्स कर लेना चाहिए। इसके अलावा आप स्वयं का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट कर सकती हैं। आप दूरदर्शन, आकाशवाणी, एफएम रेडियो और टीवी चैनलों के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर स्वयं की प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकती हैं। इसके अलावा आप म्यूजिक कंपनी, स्टेज शो एवं अन्य दूसरे प्लेटफार्म पर लाइव परफार्मेंस दे सकती हैं।
प्रश्न: मैं 12वीं का छात्र हूं और एनिमेशन के क्षेत्र में करियर बनाना चाहता हूं। कृपया हमारा मार्गदर्शन करें।
— अनमोल कुमार, मध्य प्रदेश
उत्तर: फिल्म, टेलीविजन, गेमिंग व इंटरनेट मीडिया के बढ़ते क्रेज के कारण एनिमेशन के क्षेत्र में प्रशिक्षित युवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। एनिमेशन युवाओं के लिए एक आकर्षक करियर विकल्प बन रहा है। इसके लिए रचनात्मकता, तकनीकी कौशल और प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है। 12वीं के बाद आप देश के विभिन्न संस्थानों से चार वर्ष का बीएससी/बीए इन एनिमेशन कोर्स या दो वर्ष का डिप्लोमा या छह माह का सर्टिफिकेट कोर्स कर सकते हैं। इसे करने के बाद आप 3डी/2डी एनिमेटर, स्टोरी बोर्ड आर्टिस्ट, वीएफएक्स आर्टिस्ट या कैरेक्टर डिजाइनर आदि रूपों में कार्य कर सकते हैं।
प्रश्न: छह माह पहले मैंने पढ़ाई छोड़कर अपना एक स्टार्टअप शुरू किया था, लेकिन कुछ कारणों से मेरा स्टार्टअप बंद होने की कगार पर है। मैंने इसके लिए बैंक से लोन लिया था, लेकिन अब इसे चुकाने में असमर्थ हूं। इससे बहुत तनाव में हूं। कृपया कोई विकल्प सुझाएं।
— मो. जमशेद अहमद, अलीगढ़, उ.प्र.
उत्तर: यदि जीवन में कोई समस्या आए तो धैर्य रखना चाहिए। दुनिया में हर समस्या का समाधान है। वक्त हर समस्या का सबसे बेहतरीन इलाज है। जीवन बहुत लंबा है, किसी एक प्रयास में असफल होने का अर्थ यह कदापि नहीं है कि जीवन में अब कुछ नहीं बचा है। आपने जोश में आकर लोन लेकर स्टार्टअप तो आरंभ कर दिया, अब थोड़ी सी चुनौती आने पर उसे बंद भी करने जा रही हैं। उचित होगा कि आप समस्या के सभी पहलुओं पर विचार करें, समाधान अवश्य मिलेगा। परिवार, निकट संबंधी, व मित्रों से वार्ता कर सहयोग प्राप्त करें। सकारात्मक रूप से प्रयास करें तो रास्ता अवश्य निकलेगा।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
