
सवाल आपके जवाब हमारे कॅरियर विशेषज्ञ प्रोफेसर सेंगर के Publish Date : 04/06/2026
सवाल आपके जवाब हमारे कॅरियर
विशेषज्ञ प्रोफेसर सेंगर के
प्रो0 आर. एस. सेंगर
सवाल- 1: मेरा ग्रेजुएशन में अंक प्रतिशत कम है, इसलिए बीएड या बीटीसी नहीं कर सकता हूं, लेकिन क्या मैं डीएलएड कर सकता हूं। यह कोर्स कहां से कर सकता हूं। कृपया मार्गदर्शन करें।
जवाबः डीएलएड कोर्स के लिए मुख्य पात्रता 12वीं (इंटरमीडिएट) पास होना है। आमतौर पर 12वीं में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक आवश्यक होते हैं। डीएलएड में प्रवेश के लिए आपके ग्रेजुएशन के अंकों का कम होना बाधा नहीं बनता, क्योंकि प्रवेश 12वीं की मेरिट या राज्य स्तरीय प्रवेश परीक्षा के आधार पर होता है। यह कोर्स मुख्य रूप से प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक बनने के लिए है और आप इसे निम्नलिखित संस्थानों से कर सकते हैं, जैसे कि सरकारी संस्थान (डायट)। ये हर जिले में मौजूद होते हैं और इनकी फीस कम होती है।
मान्यता प्राप्त निजी कालेज, जो राज्य के शिक्षा बोर्ड से संबद्ध हैं, वे भी यह कोर्स कराते हैं। प्रवेश के लिए आपको अपने राज्य के शिक्षा विभाग द्वारा जारी डीएलएड प्रवेश सूचना का इंतजार करना परीक्षा को उत्तीर्ण कर आप इस पाठ्यक्रम में प्रवेश ले सकते हैं।
सवाल- 2: मेरा पुत्र इस समय 11वीं में है और विज्ञान (पीसीएम) संकाय में पढ़ रहा है। हम उसके लिए उपयुक्त करियर विकल्पों को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त करना चाहते हैं ताकि समय रहते उसकी रुचियों, क्षमताओं और संभावनाओं के अनुसार सही दिशा तय की जा सके।
जवाबः आपके बेटे का 11वीं में पीसीएम (भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित) लेना बहुत से तकनीकी और अनुसंधान आधारित करियर विकल्पों के द्वार खोलता है। सही दिशा तय करने के लिए आप उसकी रुचि और क्षमता का आकलन करवाने के लिए किसी अच्छे करियर काउंसलर से मनोवैज्ञानिक परीक्षण करा सकते हैं। यदि प्रमुख करियर विकल्पों की बात करें तो वह इंजीनियरिंग (बीटेक/बीई): कर सकता है। यह सबसे लोकप्रिय विकल्प है, जिसमें कंप्यूटर साइंस, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और सिविल जैसी शाखाएं शामिल हैं। प्रवेश जेईई मेन/एडवांस्ड जैसी परीक्षाओं से होता है। यदि उसे मूलभूत विज्ञान (भौतिकी, गणित) में गहन रुचि है, तो वह आइआइएसईआर, आइआइएससी जैसे संस्थानों से अनुसंधान के क्षेत्र में जा सकता है। यदि उसकी रुचि कला, डिजाइन और रचनात्मकता में है तो वह जेईई मेन, नाटा, एफडीडीआइ इत्यादि प्रवेश परीक्षाओं के माध्यम से आर्किटेक्चर एवं डिजाइन में करियर के अवसर तलाश सकता है। वह डाटा साइंस, बीसीए/एमसीए (आइटी) या मर्चेंट नेवी जैसे क्षेत्रों के बारे में भी विचार कर सकता है, जहां गणितीय कौशल की आवश्यकता होती है।
सवाल- 3: सर मैं बीए (ज्योग्राफी) छात्रा हूं। में पढाई करते हुए शेयर मार्केट से पैसा कैसे कमा सकती हूं।
जवाबः आप विद्यार्थी हैं। इसलिए शेयर मार्केट को अतिरिक्त आय के स्रोत के रूप में देखना चाहिए, न कि तुरंत अमीर बनने के रास्ते के तौर पर। इसके लिए कुछ बातें आपको ध्यान रखना जरूरी है। पहला यह कि शेयर मार्केट में उतरने से पहले आपको मूलभूत बातें सीखनी होंगी, जैसे कि शेयर क्या है, डीमैट अकाउंट, ट्रेडिंग और निवेश में अंतर। इसके लिए आप सेबी की वेबसाइट या विश्वसनीय ब्लाग्स का उपयोग करें। कंपनियों की बैलेंस शीट, लाभ-हानि और भविष्य की संभावनाओं को समझें। यह आपके लिए सबसे उपयुक्त है, क्योंकि आप लंबी अवधि के निवेश पर ध्यान देंगी, न कि रोज की ट्रेडिंग पर। निवेश की रणनीति तैयार करना सीखना होगा। इसके लिए एसआइपी (सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान) से शुरुआत करें। यह सबसे सुरक्षित तरीका है। हर महीने एक छोटी निश्चित राशि म्यूचुअल फंड में निवेश कर सकती हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
