
रटने से नहीं, समझने से मिलेगी सफलता Publish Date : 01/06/2026
रटने से नहीं, समझने से मिलेगी सफलता
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा यूजीसी नेट व जेआरएफ परीक्षा दिसंबर माह में होनी संभावित है। देश के लाखों युवा इस परीक्षा में शामिल होंगे। लेकिन कामयाबी उन्हीं को मिलेगी, जो सही रणनीति से तैयारी करेंगे। नेट की परीक्षा में पहला पेपर काफी महत्वपूर्ण होता है। अगर इसकी ठीक ढंग से तैयारी की जाए, तो इसमें आसानी से सफलता पाई जा सकती है।
परीक्षा के पैटर्न को समझें

यह एक कंप्यूटर आधारित परीक्षा है यानी आपको परीक्षा कंप्यूटर पर देनी होगी। इसमें हिंदी व अंग्रेजी माध्यम से प्रश्न पूछे जाते हैं। पहले पेपर में पूछे जाने वाले सभी प्रश्न बहुविकल्पीय होते हैं। इस परीक्षा में निर्धारित दस सेक्शन से कुल 50 प्रश्न पूछे जाते हैं, जिसके लिए 100 अंक निर्धारित किए गए हैं।
सामान्य जागरूकता का परीक्षण
यूजीसी नेट/जेआरएफ परीक्षा के पहले पेपर में शिक्षण योग्यता, अनुसंधान योग्यता, तर्क क्षमता, संचार और सामान्य जागरूकता के विषयों से प्रश्न पूछे जाते हैं। पहला पेपर सभी उम्मीदवारों के लिए सामान्य होता है, जिसका मुख्य उद्देश्य इस परीक्षा के माध्यम से उम्मीदवारों की सामान्य जागरूकता और समझ का मूल्यांकन कर उनकी योग्यता का परीक्षण करना होता है।
सिलेबस से करें खुद को परिचित
पहले पेपर के सभी विषयों का रोडमैप तैयार करने के लिए जरूरी है कि आप इसके सिलेबस से खुद को परिचित करें और सभी विषयों को समान महत्व देते हुए योजनाबद्ध तरीके से परीक्षा के लिए खुद को तैयार करें। तैयारी के दौरान रटने पर कम जोर दें और समझने पर ज्यादा।
लॉजिकल रीजनिंग: तर्कों के महत्व को समझते हुए मौखिक वर्गीकरण प्रश्नों का रोजाना अभ्यास करें। तार्किक आरेखों, सरल आरेखीय संबंधों और वेन आरेखों से खुद को परिचित करके अपने तर्क कौशल ज्ञान के दायरे को बढ़ाने का प्रयास करें। पीपल ऐंड एन्वॉयरन्मेंट इस विषय की तैयारी के लिए मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल, क्योटो प्रोटोकॉल, रियो शिखर सम्मेलन, पेरिस समझौते, जैव विविधता पर कन्वेंशन और अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन समेत वर्तमान वैश्विक मुद्दों और अंतरराष्ट्रीय समझौतों से खुद को अपग्रेड करें।
इंफॉर्मेशन ऐंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी: पहले पेपर के दृष्टिकोण से यह एक महत्वपूर्ण विषय है। इस विषय की तैयारी के लिए उच्च शिक्षा, नवीनतम विकास से खुद को अपडेट रखें और कंप्यूटर के प्रकार, ई-गवर्नेस जैसे विषयों के लिए अपनी समझ मजबूत करें।
डाटा इंटरप्रिटेशन: पाई चार्ट, बार ग्राफ, सारणीबद्ध चार्ट एवं मिश्रित ग्राफ के साथ-साथ अनुपात, औसत, प्रतिशत जैसे विषयों में अगर आप महारत हासिल करना चाहते हैं, तो इस विषय की तैयारी के लिए पिछले वर्षों के प्रश्न-पत्रों को अवश्य हल करें।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
