
मेडिकल सेक्रेटरी की तेजी से बढ़ रही मांग Publish Date : 18/05/2026
मेडिकल सेक्रेटरी की तेजी से बढ़ रही मांग
प्रो0 आर. एस. सेंगर
मेडिकल ऐंडमिनिस्ट्रेशन / मेडिकल सेक्रेटेरियल उन युवाओं के लिए एक अच्छा कैरियर विकल्प है जो मैडिकल के क्षेत्र में काम करना चाहते हैं। इस कैरियर में विशेष चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवा के संचालन की जानकारी के साथ सामान्य प्रशासनिक कार्यों के बारे में बताया जाता है।
कार्य स्वरूप

एक डॉक्टर के ऑफिस में कार्यरत मेडिकल सेक्रेटरी को मरीजों की जांच का पूरा रिकॉर्ड, बीमा कागजी कार्यवाही को पूरा करने और और अस्पताल में होने वाली प्रक्रियाओं की व्यवस्था करने आदि जिम्मेदारियां संभालनी होती हैं। कुछ मेडिकल सेक्रेटरी डॉक्टरों और वैज्ञानिकों के साथ मिलकर शोध कार्य करते हैं। केवल इतना ही नहीं, उन्हें शोध के बारे में लिखना होता है और भाषण या सम्मेलन के लिए लेख और रिपोर्ट्स भी तैयार करनी होती है।
हर दिन व्यस्त होता है
आमतौर पर मेडिकल सेक्रेटरी को मरीज और डॉक्टर के बीच की एक महत्वपूर्ण कड़ी समझा जाता है। ये वह व्यक्ति होता है जो मरीज के अस्पताल या क्लीनिक आने और फोन करने पर सूचनाएं आदान- प्रदान करता है। इनका हर दिन बेहद व्यस्त होता है क्योंकि इन्हें कई सारे मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवानी होती हैं। ये मरीजों को फॉर्म भरवाने, मेडिकल फाइल बनाने और उसमें सुधार करने में मदद करते हैं। साथ ही उनकी मेडिकल रिपोर्ट तैयार करते हैं।
हुनर से मिलेगा आगे बढ़ने का मौका

हेल्थकेयर में बतौर सेक्रेटरी काम करने का मतलब यह नहीं है कि अमुक व्यक्ति को अब केवल वही कार्य करना है। उसे उसके कौशल के आधार पर आगे सुपरवाइजर के रूप में काम करने का मौका मिल सकता है। जाहिर है कि तरक्की शिक्षा और कॅरियर मार्ग पर निर्भर करती है इसलिए आप अपनी मौजूदी नौकरी में आगे बढ़ने का विकल्प चुन सकता है।
यहां हैं अवसर
अस्पताल, निजी क्लीनिक, शोध संस्थान, शिक्षण संस्थान, दवा कंपनी, लेबोरेटरी, हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी, गैर-सरकारी एजेंसी में मेडिकल सेक्रेटरी के लिए बेहतरीन अवसर हैं। मेडिकल सेक्रेटरी के कार्य का ढांचा संस्थान की सुविधाओं पर आधारित होता है। छोटे निजी क्लीनिक में मेडिकल सेक्रेटरी सीधे तौर पर डॉक्टर को रिपोर्ट कर सकता है। वहीं दूसरी ओर बड़े संस्थान में एक ढांचा बना हो सकता है जिसमें सेक्रेटरी को विभाग के अध्यक्ष को रिपोर्ट करना होता है और महत्वपूर्ण कार्य पूरे करने होते हैं। अगर आप बतौर मेडिकल सेक्रेटरी एक बड़े कार्यालय में काम करते हैं तो आपके ऊपर सेक्रेटरियों की टीम की सारी जिम्मेदारियां होती हैं।
आपको उनके कार्य भार को व्यवस्थित करना होता है। साथ ही यह सुनिश्चित करना होता है कि उनके पास उनकी जरूरत के मुताबिक सभी उपकरण हों।
मेडिकल सेक्रेटरी के लिए कोर्स
- सर्टिफिकेट कोर्स इन मेडिकल सेक्रेटरी
योग्यता: विज्ञान विषयों से स्नातक की डिग्री प्राप्त हो।
संस्थान
- टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस, मुंबई।
- अपोलो इंस्टीट्यूट ऑफ हॉस्पिटल ऐंडमिनिस्ट्रेशन, अपोलो हॉस्पिटल कैम्पस, हैदराबाद।
- इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ मैनेजमेंट रिसर्च (आईआईएचएमआर), जयपुर।
- श्री रामबंद्र मेडिकल कॉलेज ऐंड रिसर्च इंस्टीट्यूट, चेन्नई।
सूचना: उपरोक्त संस्थानों में कॉम्पीटीटिव एंट्रेंस एग्जाम के आधार पर दाखिला मिलता है।
महत्वपूर्ण कार्य
- फोन अटेंड करना।
- डॉक्टर से मिलने का समय तय करना।
- सूचनाएं प्राप्त करना।
- वित्तीय रिपोर्ट तैयार करना।
- लिखित रूप से जानकारी देना।
- मरीज के साथ विनम्रता से पेश आना।
- पूर्णरूप से फॉर्म भरवाने में मरीज की मदद करना।
- बीमा संबंधित फॉर्म सहीं से भरवाना।
- मेडिकल फाइल तैयार करवाना।
- बीमा कंपनियों से बातचीत करना।
- स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने वाली अन्य कंपनियों से बातचीत करना।
- सभी फॉर्म की सूची बनाना।
- बिल तैयार करना।
- मरीजों से बिल प्राप्त करना।
- स्टाफ के सदस्यों के समय में तालमेल स्थापित करना।
जरूरी विशेषताएं
- बेहतरीन संगठनात्मक कौशल।
- लोगों से बातचीत करने में दक्ष।
- सभी विवरण सही होना और उन पर ध्यान केंद्रित होना।
- सभी शब्दों को सही से टाइप करना आना।
- टीम के साथ काम करने में योग्य।
- निर्णय लेने की काबिलियत और नेतृत्व का गुण।
- संवेदनशील सूचनाओं को शिष्टाचारी तरीके से संभालना।
- प्रोफेशनल और मल्टीटास्किंग गुण।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
