सवाल आपके जवाब हमारे कॅरियर विशेषज्ञ डॉ0 सेंगर के      Publish Date : 17/05/2026

सवाल आपके जवाब हमारे कॅरियर विशेषज्ञ डॉ0 सेंगर के

                                                                                                                               प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

सवालः मैंने एलएलएम किया है और कई प्रतियोगी परीक्षाएं भी दी हैं, लेकिन सफलता नहीं मिली। अब मैं ला कालेज में टीचर बनना चाहता हूं। इसके लिए क्या करना होगा?

जवाबः आपने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। दिशा बदलना हार नहीं, समझदारी है। ला कालेज में टीचर बनने के लिए सबसे पहले आपको यूजीसी नेट (ला) क्वालिफाई करना होगा। यह सहायक प्रोफेसर बनने की मुख्य पात्रता है। इसके साथ ही, अगर आप अपने प्रोफाइल को और मजबूत करना चाहते हैं तो पीएचडी पर भी विचार करें, यह आपको बेहतर संस्थानों में अवसर दिलाएगा। साथ ही, गेस्ट फैकल्टी या एडजंक्ट रोल से शुरुआत करना एक अच्छा कदम हो सकता है। आपकी दिशा अब सही है, बस उसे लगातार आगे बढ़ाना है।

सवालः नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद केंद्रीय विश्वविद्यालयों में सहायक प्रोफेसर बनने के लिए क्या शैक्षिक योग्यता होनी चाहिए? क्या चार वर्षीय डिग्री प्लस यूजीसी नेट के बाद यह योग्यता पूरी हो जाती है?

जवाबः नई शिक्षा नीति (एनईपी) ने रास्ते जरूर बदले हैं, लेकिन मानक अभी भी स्पष्ट हैं। वर्तमान में सहायक प्रोफेसर बनने के लिए मास्टर्स डिग्री प्लस यूजीसी नेट/सेट अनिवार्य योग्यता है। केवल चार वर्षीय स्नातक डिग्री और नेट पास करना पर्याप्त नहीं माना जाता, जब तक कि संबंधित विश्वविद्यालय विशेष प्रविधान न दे। यदि आप अकादमिक करियर में गंभीर हैं तो मास्टर्स डिग्री को प्राथमिकता दें और उसके बाद नेट पीएचडी की दिशा में बढ़ें। इस क्षेत्र में शार्टकट नहीं चलता, योग्यता ही स्थिर जगह दिलाती है।

सवालः मैंने यूपीएसएससी की जूनियर असिस्टेंट भर्ती परीक्षा दी है और टाइपिंग भी पास कर ली है, लेकिन मेरे सीसीसी सर्टिफिकेट में नाम की स्पेलिंग गलत है। क्या डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन में मुझे बाहर कर दिया जाएगा? मुझे क्या करना चाहिए?

जवाबः आप इस स्थिति को हल्के में लेने की गलती बिल्कुल न करें, डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन में नाम की असंगति एक गंभीर मुद्दा बन सकती है, लेकिन इसका समाधान भी स्पष्ट है। सबसे पहले, जिस संस्थान/बोर्ड ने सीसीसी सर्टिफिकेट जारी किया है, वहां तुरंत नाम सुधार के लिए आवेदन करें। साथ ही, अपने अन्य सभी दस्तावेज (आधार, मार्कशीट आदि) में नाम की एकरूपता सुनिश्चित करें। यदि समय कम है तो एक एफिडेविट बनवाकर भी अंतर स्पष्ट कर सकते हैं। याद रखें, सरकारी प्रक्रियाओं में सही डाक्युमेंट ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है। अभी कार्रवाई करेंगे तो आगे समस्या नहीं आएगी।

सवालः मैं एमएससी (मैथ) कर रहा हूं और बीएड करके सरकारी टीचर बनना चाहता हूं, लेकिन घर वाले शादी और प्राइवेट जाब के लिए दबाव डाल रहे हैं। क्या करूं?

जवाबः यह सिर्फ करियर का नहीं, बल्कि निर्णय क्षमता का सवाल है। सबसे पहले खुद स्पष्ट रहें, क्या आप सच में टीचिंग को अपने करियर के रूप में देखना चाहते हैं? अगर जवाब हां है तो आपको अपने निर्णय के साथ खड़ा रहना होगा। घरवालों की चिंता भी सही है, इसलिए आप एक बैकअप प्लान रखें, जैसे पार्ट टाइम टीचिंग आदि।

डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।