इंटरव्यू का परिणाम होगा आपके पक्ष में      Publish Date : 10/03/2026

    इंटरव्यू का परिणाम होगा आपके पक्ष में

                                                                                                         प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

कई बार जॉब इंटरव्यू में सफलता न मिलने का कारण हमारी डिग्री नहीं, बल्कि इंटरव्यू में अपने आपको पेशेवर ढंग से व्यक्त न कर पाना भी होता है। इसके सम्बन्ध में यदि कुछ कमियों को सुधार लिया जाए, तो अवसर मिलते देर नहीं लगती। आज के प्रतिस्पर्धी दौर में कंपनियां सिर्फ डिग्री नहीं, बल्कि पेशेवर अंदाज को भी महत्व देती हैं। यह इंटरव्यू के दौरान आपके संवाद, आत्मविश्वास और जवाब देने के तरीके में झलकता है। इन पहलुओं पर ध्यान देकर अस्वीकृति की जगह सफलता की संभावना बढ़ाई जा सकती है, जैसे :

जानकारी नहीं, समझ दिखाएं: अब कंपनियां सिर्फ यह नहीं परखतीं कि उम्मीदवार उनके बारे में कितनी जानकारी रखता है, बल्कि यह देखती हैं कि वह उनके काम को कितनी गहराई से समझता है। इसलिए इंटरव्यू से पहले कंपनी के कार्य को समझें और जवाब देते समय बताएं कि आप उस काम में कैसे मदद कर सकते हैं। यहीं से आपकी गंभीरता व प्रतिबद्धता झलकती है।

                             

उत्तर संक्षिप्त एवं असरदार रखे: अपनी बात सीधे और स्पष्ट तरीके से रखें। स्टार (STAR) टेक्निक (सिचुएशन, टास्क, एक्शन, रिजल्ट) अपनाएं। पहले स्थिति बताएं, फिर अपनी जिम्मेदारी, उसके बाद आपने क्या किया और अंत में उसका नतीजा। इससे आपके जवाब व्यवस्थित, सरल और ज्यादा प्रभावी लगते हैं।

अनुभव साझा करें: अपने आपको मेहनती या जिम्मेदार बताने के लिए अपने काम का छोटा-सा उदाहरण दें। आपने क्या किया और क्या नतीजा निकला, ताकि आपकी बात ज्यादा सच्ची और प्रभावी लगे।

घबराहट पर काबू रखें: इंटरव्यू को सामान्य बातचीत की तरह देखें। सहज व सकारात्मक रहें और अपनी सफलताओं को याद करें। सीखने की इच्छा और कमियों को सुधारने की पहल दिखाएं, क्योंकि नियोक्ता ऐसे उम्मीदवारों को भरोसेमंद और तैयार मानते हैं।

ऑनलाइन इंटरव्यू हो तो

इंटरनेट कनेक्शन, कैमरा एंगल और बैक ग्राउंड आदि की पहले से ही जांच लें। अपने रोल से जुड़ा छोटा-सा डेमो या प्रोजेक्ट भी तैयार रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर स्क्रीन शेयर कर सकें।

तकनीकी समस्या की स्थिति में बैकअप जरूर रखें, जैसे मोबाइल डांटा या कोई अन्य डिवाइस। ये छोटी तैयारियां आपकी पेशेवर और जिम्मेदार छवि दर्शाती हैं।

अपस्किलिंग से बढ़ाएं मौके

कंपनियां ऐसे उम्मीदवार पसंद करती हैं, जो बदलते समय के साथ अपने कौशल को अपडेट रखते हैं। इंटरव्यू में यह दिखाएं कि आपने नया टूल, तकनीक या तरीका सीखा और इसे अपने काम में इस्तेमाल भी किया। इससे पता चलता है कि आप सीखने के लिए तैयार हैं और लगातार बेहतर बनने की सोच रखते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।