ऑफिस के तनाव को दूर करने के प्रभावी उपाय      Publish Date : 05/02/2026

          ऑफिस के तनाव को दूर करने के प्रभावी उपाय

                                                                                                                                                       प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

“एक अध्ययन के अनुसार, इंडिया इंक का हर पांच में से एक कर्मचारी वर्कप्लेस डिप्रेशन से जूझ रहा है। काम का दबाव, दफ्तरों का माहौल, अनावश्यक राजनीति, घर और दफ्तर के बीच का मुश्किल तालमेल आदि ऐसे तमाम कारक हैं, जिनसे तनाव पैदा होता है। इसके बारे में जानकारी दे रही हैं”।

आप जिस दफ्तर में दिन-रात काम कर रहे हैं, वहां के माहौल और रहन-सहन का मानसिक और शारीरिक, दोनों तरह के स्वास्थ्य पर बहुत असर पड़ता है, क्योंकि 24 घंटे में से कम से कम 8 घंटे सामान्य तौर पर दफ्तरों में गुजरते हैं, जो जीवनशैली का एक बड़ा हिस्सा है। सामान्य तौर पर पूरे दिन दफ्तर में लगातार बैठ कर काम करना, फिर ऑफिस या पब्लिक ट्रांस्पोर्ट में बैठकर घर आना, डिनर करना और सो जाना ही हमारी दिनचर्या का हिस्सा बन जाता है। अगले दिन फिर इसी दिनचर्या का अनुसरण करना होता है। यही जीवनशैली वर्षों चलती है, जिसका परिणाम कई तरह की बीमारियों और मानसिक तनाव में निकलता है। इसका प्रबंधन किया जाना चाहिए।

सेहत को संतुलित रखना जरूरी

                                                             

काम के दबाव के बावजूद अपनी शारीरिक सेहत को संतुलित करके रखा जाना जरूरी है। धर्मशिला नारायणा सुपरस्पेशलिटी अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग के डायरेक्टर डॉ.आनंद पाण्डेय बताते हैं कि लगातार एक ही पॉस्चर में बैठे-बैठे काम करना, और फिर अचानक भूख लगने या तलब लगने पर खूब सारा फास्ट फूड खा लेना मोटापे और हृदय रोग के खतरे को बढ़ा देता है। ऐसे में कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी होता है।

नियमित व्यायाम की आदत डालें

अकसर काम का हवाला देकर बहुत से युवा व्यायाम और अन्य शारीरिक गतिविधियों की जरूरत को नजरअंदाज करते हैं। सच्चाई यह है कि स्वस्थ शरीर के लिए खानपान के साथ साथ शारीरिक व्यायाम का भी बहुत महत्व है। हल्का-फुल्का व्यायाम करते रहने से रक्तचाप 'सामान्य रहता है, शरीर से अतिरिक्त फैट निकलता है, इम्युनिटी या रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित होती है। ऐसे में यदि काम के अधिक तनाव से जूझ रहे हैं तो सावधानी जरूरी है।

  • योग आदि में कई तरह के ऐसे हल्के व्यायाम हैं, जिन्हें आसानी से किया जा सकता है। किसी विशेषज्ञ की सलाह लेकर इनको नियमित रूप से करें।
  • अपने मनपसंद खेल को धीरे-धीरे अपनी जीवनशैली में जगह दें, क्योंकि ये न केवल आपकी शारीरिक सेहत पर सकारात्मक प्रभाव डालेंगे, बल्कि तनाव से भी बचाएंगे।
  • इसके साथ ही किसी विशेषज्ञ की सलाह से वीकेंड या छुट्टियों में कोई फिटनेस कोर्स जॉइन करें।

थोड़ा-थोड़ा करके दिन में कई बार खाएं

दफ्तरों में काम करने वाले लोग अकसर शिकायत करते हैं कि वे अपने स्वाद और खाने की तलब पर नियंत्रण नहीं रख पाते और ज्यादा खा लेते हैं, जिसका परिणाम मोटापे के रूप में सामने आता है। दरअसल इसके कई कारणों में से एक है, काम को समर्पित समय में करने की कोशिश में लंबे समय तक कुछ नहीं खाना और फिर अचानक ज्यादा खा लेना। ऐसा न करें और थोड़े-थोड़े अंतराल पर कुछ न कुछ पौष्टिक खाते रहें। इनमें फल, सलाद आदि को भी शामिल कर सकते हैं।

बेड पर बैठकर लैपटॉप पर न करें काम

व्यस्त कर्मचारी अकसर बहुत से कारणों से दफ्तर का काम घर पर भी लाते हैं। ऐसे में अगर आप लैपटॉप लेकर काम करने के लिए बेड पर बैठ जाते हैं तो इससे पूरा पॉस्चर गड़बड़ हो सकता है। काम करने के लिए हमेशा टेबल-कुर्सी पर ही बैठें।

इन बातों का रखें विशेष ध्यान

• समय पर नींद न आने या नींद ज्यादा आने जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं तो बिना किसी हिचक के मनोचिकित्सक से परामर्श लें। ऐसे लक्षणों को सामान्य नहीं मानना चाहिए।

• छुट्टियों में थोड़ा आराम करें, ताकि शरीर अपने आपको बेहतर कर सके। कुछ लोग ऑफिस से अतिरिक्त काम लेकर छुट्टियों के समय में भी काम करते रहते हैं। अगर आप भी ऐसा करते हैं तो शरीर को इसका नुकसान उठाना पड़ेगा।

• ऑफिस में कई बार सहकर्मियों की वजह से भी तनाव हो सकता है। अगर काम को लेकर कोई विवाद है तो उसे सही तरीके से सुलझाने की कोशिश की जानी चाहिए। यह भी ध्यान रखें कि आपके व्यवहार से किसी सहकर्मी को ठेस न पहुंचे।

• अगर ऑफिस में लगातार तनाव बने रहने का कोई कारण समझ में आता है और उसके लिए ऑफिस में किसी से बात करने की जरूरत महसूस होती है, तो बात जरूर करें। इस बात का ध्यान रखें कि लगातार तनाव में रहकर आप अपने काम में बेहतर परिणाम नहीं दे सकते।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।