
जॉब छोड़नी हो तो करें Publish Date : 04/01/2026
जॉब छोड़नी हो तो करें
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर
अगर आप मौजूदा जॉब छोड़कर कोई नई कंपनी जॉइन करने जा रहे हैं, तो रिजाइन करते वक्त कुछ चीजों का ध्यान जरूर रखें-
आईटी प्रोफेशनल प्रशांत को बीते महीने गुड़गांव की एक कंपनी से जॉब का ऑफर मिला। बेहतर सैलरी के साथ कम वर्किंग आवर्स की वजह से प्रशांत ने फौरन हो तो कर दी, लेकिन जॉइन करने के लिए एक महीने का समय मांग लिया। वह चाहते तो नई कंपनी के साथ तुरंत जुड़ सकते थे, लेकिन ऐसा करने पर उनके सहकर्मियों को काम में परेशानी हो सकती थी। इसीलिए दूसरी कंपनी से ऑफर लेटर मिलने के बाद उन्होंने अपने ऑफिस के एचआर विभाग को रेजिगनेशन का नोटिस दे दिया।
जॉब बदलने की प्रक्रिया में रेजिगनेशन देते हुए कुछ बातों का ध्यान रखा जाए, तो काम की गुणवत्ता तो बरकरार रहती ही है, साथ ही एक प्रोफेशनल के तौर पर भी आप अपनी छवि बना सकते हैं। अगर आपने नई ऑर्गनाइजेशन ज्वाइन करने का फैसला किया है, तो नौकरी छोड़ने के तीन चरणों का ध्यान जरूर रखें।
रेजिगनेशन नोटिस देने से पहले
अगर नई जॉब के लिए तत्कालीन कंपनी को छोड़ने का निर्णय कर लिया है, तो नोटिस दे सकते हैं। मगर नोटिस देंने से पहले जिस कंपनी में नई जॉब के लिए जा रहे हैं, वहां से लिखित ऑफर लेटर जरूर हासिल कर लें। अगर किसी खास प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हों, तो उसे जल्द से जल्द पूरा करने की कोशिश करें, इसमें आप अपने 'सहकर्मियों की सहायता ले सकते हैं। आपके कम्प्यूटर पर आपकी जितनी भी निजी फाइलें और डाटा हो उन्हें मिटाना शुरू कर दें या फिर किसी दूसरी जगह सेव करें।
जब दें नोटिस
जाहिर है रेजिगनेशन का नोटिस आप एचआर विभाग को ही देंगे, फिर भी नोटिस देने से पहले अपने बॉस से अकेले में एक बार जरूर बात करें कि आपको दूसरी कंपनी से ऑफर मिला है और आप वहां जाना चाहते हैं। संभव है कि उस कंपनी में आपके बॉस से आपका वैचारिक टकराव होता हो, फिर भी हो सकता है कि भविष्य में दोनों को एक साथ काम करने का मौका दोबारा मिल जाए, इसलिए बेहतर होगा कि जॉब बदलते हुए आप अपने बॉस के साथ भावनात्मक लगाव का प्रदर्शन करें।नोटिस देते हुए बॉस के साथ एचआर विभाग को भी जरूर सूचित करें कि यदि किसी अन्य सहकर्मी या नए कर्मचारी को आपके काम के लिए नोटिस पीरियड में ट्रेनिंग देनी है, तो आप यह काम खुशी से करेंगे। इसके बाद कंपनी की पॉलिसी के अनुसार आप नोटिस दें।
नोटिस देने के बाद
कंपनी को रेजिगनेशन नोटिस देने के बाद ऐसा न समझें कि आप वहां से मुक्त हो गए और आप काम करें या न करें, उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। एक अच्छा प्रोफेशनल वही होता है, जो नोटिस पीरियड के आखिरी दिन तक अपना उसी शिद्दत के साथ करता है। इसके अलावा नोटिस पीरियड खत्म होने के बादआपको रेजिगनेशन लेटर भी देना होगा। इस लेटर में आप उल्लेख कर सकते हैं कि काम के दौरान आपने क्या नया सीखा और अपने काम को अपने किस तरह एन्जॉय किया।
साथ ही यह भी लिखना न भूलें कि भविष्य में इस कंपनी के साथ आपको पुनः काम करने का अवसर मिलता है, तो आपके लिए खुशी की बात होगी। यह दुनिया बहुत छोटी है और न जाने कब आपको पूर्व की कंपनियों के सहकर्मियों के साथ काम करने का अवसर मिल जाए। ऐसे में कॉरपोरेट वर्ल्ड में आपकी पहचान एक वास्तविक प्रोफेशनल के तौर पर हो, इसके लिए बेहतर होगा कि आप प्रोफेशनलिज्म को अपनाने की कोशिश अवश्य करें।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
