
रोजगार के क्षेत्र में हिन्दी की उपयोगिता Publish Date : 23/12/2025
रोजगार के क्षेत्र में हिन्दी की उपयोगिता
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर
हिन्दी में रोजगार की दुनिया विविध और बहुरंगी है। इसमें कॅरियर बनाने की चाह रखने वालों के लिए यह जरूरी है कि इसे जानें। उस क्षेत्र में पेशेवर रुख अपनाकर आगे बढ़ें।
अध्यापन
अध्यापन के क्षेत्र में नर्सरी से लेकर स्कूल और कॉलेज तक ही नहीं कोचिंग सेंटर्स तक में हिन्दी के जानकारों के लिए ढेरों अवसर हैं। गली कूचों में उग आए अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में भी हिन्दी एक विषय के रूप में जारी है। इसे पढ़ाने के लिए ऐसे शिक्षकों की जरूरत है जिन्होंने इस विषय के साथ टीचर ट्रेनिंग भी की हो। चाहे वह नर्सरी टीचर ट्रेनिंग हो, जूनियर बेसिक टीचर ट्रेनिंग, बीऐंड और एमऐड।
नए और पुराने, दोनों तरह के कॉलेजों में हिन्दी का अध्यापन चल रहा है। इस माध्यम से नए नए कोर्स खुल रहे हैं। कोचिंग संस्थानों में भी विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं में हिन्दी पेपरों की तैयारी करवाने के लिए ट्यूटर व टीचर रखे जाते हैं।
विदेशों में हिन्दी अध्यापन
वैश्वीकरण के दौर में भारत की बहुरंगी संस्कृति को जानने की ललक ने विदेशियों में हिन्दी सीखने का क्रेज पैदा किया है। संस्कृति के अलावा जो विदेशी कंपनियों भारत में अपने बाजार और कारोबार का विस्तार चाहती हैं, वे भी अपने कर्मचारियों को हिन्दी सीखने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित कर रही हैं। इस रूप में इंग्लैंड, अमेरिका, जापान, जर्मनी, रूस, चीन और कोरिया जैसे कई देशों में हिन्दी पढ़ने पढ़ाने का काम चल पड़ा है। यहाँ पैठ रखने वाले भारतीयों को इसके जरिए रोजगार मिल रहा है।
बैकिंग सेवा
देश में निजी और सरकारी बैंकों ने हाल के वर्षों में अपने कारोबार में बेतहाशा बढोतरी की है। जगह-जगह बैकिंग सेवा के विस्तार ने हिन्दी में दक्ष युवाओं को भी रोजगार प्रदान किया है। यहाँ संस्थान की पत्रिका का प्रकाशन हो या बैंकिंग सेवा के बारे में हिन्दी भाषी जनता को जानकारी देने का, दोनों के लिए विशेष तौर पर हिन्दी अधिकारी और कर्मचारी रखे जा रहे हैं। प्रबंधकों को भी जनता से बेहतर संपर्क कायम करने के लिए हिन्दी में निपुण बनाया जा रहा है।
प्रकाशन संस्थान
देश में प्रकाशन उद्योग का विकास की नई सीढ़ियों पर चढ़ रहाहै। इन उद्योगों का एक बड़ा कारोबार हिन्दी पट्टी से भी जुड़ा है। पारंपरिक प्रकाशन संस्थान अपने कारोबार को नित नए आयाम दे रहे हैं। इनके अलावा हिन्दी के बाजार में अंतरराष्ट्रीय प्रकाशन संस्थान भी अपने पैर जमा रहे हैं। चाहे वह पेंग्विन हो या हार्पर कॉलिन्स। इस उद्योग में हिन्दी संपादक और अनुवादक की आज अच्छी खासी जरूरत है। विदेशी भाषाओं की किताबें भी इन प्रकाशन संस्थानों से हिन्दी माध्यम में अनुदित होकर आ रही हैं।
सिविल सर्विस
राज्य स्तरीय सिविल सर्विस परीक्षा हो या केन्द्र स्तर पर, इनमें अब हिन्दी माध्यम के छात्र भी अच्छी-खासी संख्या में बुलंदी के शिखर पर पहुँच रहे हैं। 2009 में छत्तीसगढ़ की किरण कौशल ने जहाँ हिन्दी माध्यम से सिविल सर्विस परीक्षा में तीसरा रैंक हासिल किया, वहीं 2010 के रिजल्ट में जय प्रकाश मौर्य ने नौवाँ रैंक। रिजल्ट में टॉप टेन में हिन्दी वालों को पहले से ज्यादा तवज्जो मिल रही है। इस आबोहवा के कारण हिन्दी माध्यम से और हिन्दी को एक विषय के रूप में चुन कर सैकड़ों युवा राज्य और केन्द्र की सिविल सर्विस परीक्षा में आ रहे हैं। सिविल सर्विस परीक्षा में परीक्षार्थियों की उमड़ी भीड को देखते हुए दिल्ली, इलाहाबाद और पटना जैसी जगहों पर कई कोचिंग संस्थान भी उग आए हैं। हिन्दी में स्टडी मैटीरियल तैयार कराने से लेकर पढ़ाने, तक का कारोबार करोड़ों रुपयों में पहुँच गया है।
पब्लिक रिलेशन अधिकारी
नगरों और महानगरों में आज पीआर कंपनियाँ भी अपने कारोबार स्थापित कर रही हैं। इन कंपनियों में बेहतर हिन्दी के साथ लैस युवाओं की खासी जरूरत है। ये युवा संस्थान के कारोबार को मीडिया के माध्यम से कायम करते हैं। कई बार सीधे सीधे लोगों के बीच भी किसी कंपनी की छवि और उसके उत्पाद को प्रचारित करते हैं। रोजगार का यह नया क्षेत्र दिनोदिन खूब बढ़ रहा है।
मैनेजमेंट
अंग्रेजी में एमबीए कराने और इससे हिन्दी ने जुड़े संस्थान चलाने के कारोबार में। भी अपनी दस्तक दी है। जिस तरह अंग्रेजी चैनल की दुनिया में हिन्दी चैनल ने अपनी जगह बनाई, उसी तरह हिन्दी माध्यम से एमबीए भी अपनी जगह बना रहा है। बाजार में ऐसे प्रशिक्षित प्रबंधकों को पैदा करने के लिए ही महात्मा गांधी हिन्दी अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय ने हिन्दी माध्यम में एमबीए का कोर्स शुरू किया है।
अनुवाद
अनुवाद के क्षेत्र में हिन्दी दिन दूनी रात चौगुनी के लिहाज से बढ़ रही है। निजी और सरकारी, दोनों तरह के संस्थानों में अनुवादकों की जरूरत पड़ रही है। अनुवाद ब्यूरो इन जरूरतों को पूरा करने के लिए स्थापित हुए हैं। भारत सरकार ने भी राष्ट्रीय स्तर पर अनुवाद ब्यूरो बनाने की योजना बनाई है। कर्मचारी चयन आयोग सरकारी कार्यालयों में अनुवादकों की माँग को देखते हुए हर साल परीक्षा भी आयोजित करता है। इसमें जूनियर और वरिष्ठ, दोनों तरह के अनुवादक चयनित होते हैं। अनुवाद के साथ दुभाषिया भी रखे जा रहे हैं।
विदेशी फिल्मों की हिन्दी में डबिंग हो या संसद में अंग्रेजी भाषा से हिन्दी में रूपांतरण, या विदेश शिष्टमंडल की भाषा का हिन्दी में रुपांतरण, इन सभी कामों के लिए दुभाषियों की जरूरत होती है। दुभाषिए को रोजगार के अलग से अवसर भी मिल रहे हैं।
राजभाषा संस्थान
केन्द्र स्तर पर राजभाषा के रूप में हिन्दी को बढावा देने और उसके प्रचार प्रसार के लिए राजभाषा संस्थान में भी हिन्दी से जुड़े लोगों को काम के अवसर मिल रहे हैं। यहां राजभाषा अधिकारी, हिन्दी सहायक व हिन्दी टाइपिस्ट जैसे पदों पर काम करने के अवसर मुहैया कराए जाते हैं।
मीडिया
रोजगार के बाजार में नए केन्द्र के रूप में हिन्दी के लिए मीडिया है। यहाँ प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया दोनों के अभूतपूर्व विस्तार ने रोजगार के ढेरों अवसर मुहैया कराए हैं। दोनों में संपादन और लेखन का काम प्रमुख हैं। इस उद्योग का विस्तार भी जारी है। एफएम रेडियो, कम्युनिटी रेडियो और इंटरनेट ने मीडिया के नए क्षेत्र हैं जहाँ आए दिन कन्टेंट तैयार करने और स्क्रिप्ट लेखन का काम होता है।
विज्ञापन उद्योग में
इस क्षेत्र में हिन्दी में आकर्षक और प्रभावी विज्ञापन तैयार करने के लिए युवाओं की माँग बढ़ी है। प्रसून जोशी जैसे कई लेखकों ने विज्ञापन की दुनिया में अलग पहचान कायम की है। इंटरनेट पर कन्टेंट राइटिंग और अनुवाद के लिए भी हिन्दी के विशेषज्ञों और भाषाविदों को जरूरत बढाई है।
हिन्दी प्रशिक्षण से जुड़े कोर्स
• अनुवाद में डिप्लोमा
• अनुवाद में एमए
• हिन्दी माध्यम में एमबीए
• हिन्दी अकादमी
• केन्द्रीय हिन्दी संस्थान
• महात्मा गांधी हिन्दी अंतरराष्ट्रीय

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
