प्रेजेंटेशन के लिए विशेषज्ञता जरूरी नहीं      Publish Date : 18/12/2025

                     प्रेजेंटेशन के लिए विशेषज्ञता जरूरी नहीं

                                                                                                                                                                                     प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

“लक्ष्य, चुनौतियों और कुछ जरुरी बातों को ध्यान में रखकर बिना एक्सपर्ट बने भी अच्छा प्रेजेंटेशन दे सकते हैं”-

जब आपको ऐसे लोगों के सामने प्रेजेंटेशन देना होता है, जिनमें कुछ ऐसे पेशेवर हों, जिनके पास उस विषय पर आपसे अधिक विशेषज्ञता हो, तो यह आपके लिए थोड़ा असहज हो सकता है। लेकिन यह आपके लिए मानसिंक क्षमता का सही तरीके से इस्तेमाल करने का भी बेहतर अवसर होता है, जिसमें अन्य लोगों के दृष्टिकोण का सम्मान करना, आत्मविश्वासी होना और अपने दृष्टिकोण को सुधारना आदि शामिल हैं।

कुछ बातों का ध्यान रखकर आप उन लोगों के सामने पूरे आत्मविश्वास के साथ सराहनीय प्रस्तुति दे सकते हैं, जो उस विषय पर आपसे अधिक जानते हैं।

खुद पर संदेह करने से बचें

नई जानकारी सीखना अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने में मदद करती है। हम अपने कौशल और आत्म-मूल्यांकन से किसी अन्य क्षेत्र में भी महारत हासिल कर सकते हैं। इसलिए अपने काम में एक अलग डोमेन के बारे में सोचें, जो आपको योग्य और अनुभवी बनाने में मदद कर सके। किसी विषय में एक्सपर्ट न होते हुए भी आप अपने कौशल और रचनात्मकता से उसका प्रेजेंटेशन बेहतर ढंग से कर सकते हैं। इसलिए खुद पर संदेह करने से बचें और खुद के ज्ञान से संतुष्ट होकर पूरे आत्मविश्वास से अपना प्रेजेंटेशन दें।

मानसिक रूप से विनम्र बनें

                                                               

अपने ज्ञान से सामने वाले को प्रभावित करने की कोशिश न करें। क्योंकि वो विषय के बारे में आपसे ज्यादा जानते हैं। इसलिए अपनी गलतियों को स्वीकार करें और उनमें सुधार करने का प्रयास करें, जो आपके लिए सकारात्मक साबित हो सकता है। बल्कि आप कुछ ऐसा कह सकते हैं "मुझे पता है कि आप में से कई लोग इस क्षेत्र के विशेषज्ञ हैं, इसलिए मैं आज आपके अनुभव से सीखने के लिए उत्साहित हूं।' यह आपकी विनम्रता दिखाता है।

दूसरों के अनुभवों से सीखें

प्रस्तुति को अपने और अपने एजेंडे से दूर रखें और इसके बजाय इस बात पर ध्यान दें कि सामने वाले के लिए क्या महत्वपूर्ण है। उनके लक्ष्य, चुनौतियां और केंद्र बिंदु क्या हैं, जिन्हें आप संबोधित कर सकते हैं? खुद को उनकी रुचियों के अनुसार ढालें। इसलिए जहां आवश्यकता हो वहां उनके विचारों, सुझावों, मार्गदर्शन को स्वीकार करें।

अनुभवी पेशेवर हो सकते हैं हितधारक

आपके प्रेजेंटेशन में अनुभवी पेशेवरों का होना फायदेमंद हो सकता है, जो आपके ज्ञान को बढ़ा सकते हैं। आप विशेष विषय के एक्सपर्ट नहीं हैं, लेकिन एक एक्सपर्ट के रूप में प्रतिनिधित्व कर रहे होते हैं, जो आपके लिए कॅरियर को बढ़ावा देने वाला कदम हो सकता है।

विविध मीडिया का उपयोग करें

सिर्फ स्लाइड पर निर्भर न रहें। इसे वीडियो, डेमो, व्हाइट बोर्ड आदि के साथ मिलाएं। इससे दर्शक जुड़े रहेंगे और ध्यान लगाएंगे। रुचि बनाए रखने के लिए गति और प्रारूप में बदलाव करें। उदाहरण के लिए, आप लाइव उत्पाद डेमो दे सकते हैं, फिर ग्राहक प्रशंसा पत्र वीडियो दिखा सकते हैं, उसके बाद एक मुख्य अवधारणा को समझाने के लिए व्हाइट बोर्ड सत्र दिखा सकते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।