
इसरो में प्रवेश देगा कॅरियर को शेप Publish Date : 16/12/2025
इसरो में प्रवेश देगा कॅरियर को शेप
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर
“भारत में अंतरिक्ष क्षेत्र के तीव्र विकास ने इसरो में युवाओं के लिए नई संभावनाएं पैदा की हैं”
चंद्रयान-3, आदित्य-एल 1 की सफलता के बाद इसरो अगले कुछ दिनों में गगन यान के प्रक्षेपण की तैयारियां कर रहा है। 2035 तक अंतरिक्ष में भारत के अपने स्टेशन और 2040 तक चंद्रमा पर पहला भारतीय भेजने की भी योजना है। इन उद्देश्यों को पूरा करने के लिए इसरो को निश्चित ही योग्य प्रतिभाओं की जरूरत होगी। तो आप किस चीज की प्रतीक्षा कर रहे हैं। आइए, जानते हैं उन तरीकों के बारे में जिनसे आप इसरो में जॉब पाने का सपना पूरा कर सकते हैं।
शुरुआत यहां से करें
अगर आप इसरो में बतौर इंजीनियरिंग और साइंटिस्ट के तौर पर नौकरी करना चाहते हैं, तो आपको कक्षा 10वीं से ही तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। 10वीं में अच्छे अंक प्राप्त कर आप 12वीं में पीसीएम विषय यानी फिजिक्स, केमिस्ट्री और गणित विषय का चुनाव कर जेईई मेन और जेईई ऐंडवांस की तैयारी कर सकते हैं।
इन विषयों का करें चुनाव
विषयों का चुनाव करते वक्त उसके स्कोप और अपनी पसंद का ख्याल रखा जाना चाहिए। 12वीं के बाद आप स्नातक में एयरोस्पेस इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स ऐंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग और फिजिक्स विषयों का चुनाव कर सकते हैं। साइंटिस्ट बनने के लिए आप जेईई मेन और जेईई ऐंडवांस्ड में अच्छी रैंक हासिल कर आईआईएसटीसे स्नातक कर सकते हैं।
मास्टर व पीएचडी देगा कॅरियर को ग्रोथ
अगर आप इसरो में जाने के लिए संबंधित विषय से मास्टर व पीएचडी कर लेते हैं, तो आप अपने क्षेत्र में अधिक उन्नत ज्ञान और कौशल विकसित करने में सक्षम हो जाते हैं। मास्टर व पीएचडी करने का एक लाभ यह भी हैं कि आप जिस भी क्षेत्र में काम करना चाहते हैं, उस क्षेत्र में महारत हासिल कर लेते हैं।
इसरो में नौकरी के लिए
इसरो में होने वाली सभी भर्ती परीक्षाओं का संचालन एक सेंट्रलाइज्ड रिक्रूटमेंट बोर्ड करता है। बीई, बीटेक, बीएससी और डिप्लोमा व बीई/बीटेक के साथ लेटरल एंट्री करने के बाद आप इस परीक्षा के लिए योग्य हो जाते हैं। परीक्षा केवल उन विद्यार्थियों के लिए खास हैं, जिन्होंने कंप्यूटर, मैकेनिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स विषय से पढ़ाई की हो। इस परीक्षा को पास करने के बाद आप जूनियर रिसर्चफेलो, स्पेस साइंटिस्ट और इंजीनियरिंग के तौर पर अनुभवप्राप्त कर सकते हैं।
कैंपस रिक्रूटमेंट
12वीं के बाद आईआईटी में जाने के लिए जेईई ऐंडवांस्ड और एनआईटी के लिए जेईई मेन परीक्षा दी जाती है। इसके बाद कैंपस रिक्रूटमेंट के लिए इसरो द्वारा आईआईटी व एनआईटी छात्रों के लिए परीक्षा का आयोजन किया जाता है। कैंपस रिक्रूटमेंट की परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया जाता हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
