
बात प्रमोशन की Publish Date : 09/12/2025
बात प्रमोशन की
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर
सर्वेमंकी यां क्यॉट्रिक्स जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी कमियों को दूर करके आप अपने बॉस को प्रभावित कर सकते हैं-
प्रमोशन प्रत्येक पेशेवर के लिए महत्वपूर्ण होता है, विशेष तौर पर उनके लिए जिनका कार्यस्थल पर पहला प्रमोशन है या जो उच्च्च पद पर जाना चाहते हैं। हालांकि प्रमोशन केवल कड़ी मेहनत और लक्ष्यों को प्राप्त करके ही हासिल नहीं किया जा सकता, बल्कि इसे हासिल करने के लिए आपको यह भी साबित करना होगा कि आप इसके सही हकदार क्यों हैं। प्रमोशन पाने के लिए आपको ऑफिसी प्रत्येक कार्य में बढ़- चढ़कर हिस्सा लेना, काम के प्रति जुनूनी होना और प्रबंधक को भी यह विश्वास दिलाना होगा कि आप कंपनी के लक्ष्यों को प्राप्त करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
पदोन्नति देने का फैसला आखिरकार आपके संगठन को ही करना होता है। लेकिन, पदोन्नति के लिए सक्रिय रूप से प्रयास करके आप अपनी संभावनाओं को बढ़ा सकते हैं।
बातचीत से करें शुरुआत

प्रमोशन का समय नजदीक आने पर यह आवश्यक है. कि प्रबंधक आपके वार्षिक प्रदर्शन की समीक्षा करेंगे। समीक्षा के दौरान इस बात पर ध्यान केंद्रित करें कि आपको अपने कॅरियर के अगले स्तर पर जाने के लिए क्या करना होगा? इसलिए कुछ महीने पहले से ही अपने प्रबंधक से प्रमोशन की संभावनाओं के बारे में सकारात्मक बातचीत अवश्य करते रहें।
360-डिग्री फीडबैक मांगें
अपने बॉस से बातचीत करने से पहले अपनी ताकत और कमजोरियों को जानना आपको उनके फीडबैंक के लिए तैयार होने में काफी मदद करेगा। खुद को बेहतर ढंग से समझने के लिए सर्वेमकी या क्वांट्रिक्स जैसे प्लेटफॉर्म का उपयोग करके एक गुमनाम ऑनलाइन सर्वे बनाकर इसे कम से कम सात से 10 ऐसे सहकर्मियों के साथ साझा करें, जो ईमानदारी से आपके बारे में अपनी राय बता सकें। इससे आपकी कमियों और अच्छाइयों को जानने का मौका मिलेगा और आप अपने कमजोर पक्षों पर काम करके उसमें सुधार कर सकेंगे।
अपनी उपलब्धियों को प्रस्तुत करना सीखें
आपका लक्ष्य अपनी उपलब्धियों की वकालत करना और अपने प्रबंधक को यह बताना है कि आपके पास आगे बढ़ने के लिए आवश्यक अनुभव और कौशल हैं। प्रमोशन जैसी बड़ी चीज की मांग करते समय निश्चित ही आपको अपनी छोटी-बड़ी उपलब्धियों का जिक्र अवश्य ही करना चाहिए। अपनी उन सॉफ्ट स्किल्स के बारे में भी बताएं जिनका उपयोग आपने किसी महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में किया हो। इससे आपके नेतृत्व कौशल के तजुर्बे का पता चल सकेगा।
एक अच्छे प्रायोजक की तलाश करें

एक प्रायोजक आपके संगठन के भीतर ही कोई ऐसा व्यक्ति हो सकता है जो उच्च पद पर हो और पदोन्नति के लिए आपके नाम का समर्थन करे। ऐसे पेशेवर प्रमोशन पाने में आपका सहयोग व मार्गदर्शन करने के साथ ही आपके छुपे हुए कौशलों को विकसित करने में भी आपकी मदद कर सकते हैं। प्रमोशन पाने के लिए एक स्मष्ट रोडमैप तैयार रखें, जिसमें आपके द्वारा टीम के जूनियर्स को जिम्मेदारियों को संभालने के लिए तैयार करना भी शामिल हो। प्रमोशन एक लंबी प्रक्रिया है, इसलिए प्रमोशन पाने के लिए आत्मविश्वास बनाए रखें और इसकी तैयारी समय के रहते ही शुरू कर देनी चाहिए।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
