
पुलिस में उच्च पद पाना चाहते हैं? Publish Date : 06/12/2025
पुलिस में उच्च पद पाना चाहते हैं?
प्रोफेसर आर.एस. सेंगर
यूपीएससी के अलावा राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षाओं में भी शामिल हो सकते हैं।
अगर आप एक पुलिस अधिकारी बनना चाहते है, तो आपको इससे जुड़ी कुछ खास जानकारियों का पता होना बेहद आवश्यक है। पुलिस में अधिकारी पद की शुरुआत पुलिस उपाधीक्षक यानी डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) के पद से होती है। यह पुलिस विभाग के अधिकारी स्तर का प्रथम पद है। उसके बाद प्रमोशन द्वारा अनेक पदों पर कार्य करने का सुअवसर प्राप्त होता है।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी)

यह पुलिस विभाग का सबसे बड़ा पद है। बतौर पुलिस महानिदेशक के तौर कर कार्य करने का सपना हर पुलिस अधिकारी का होता है। तो आईये अब जान लेते हैं कि इस स्वप्न को साकार करने का सही तरीका क्या है। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पद पर चयन संघ लोक सेवा आयोग यानी यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन द्वारा आयोजित की जाने वाली सिविल सेवा परीक्षा द्वारा होता है। परीक्षा तीन चरणों में आयोजित की जाती है- प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा एवं साक्षात्कार। मुख्य परीक्षा व साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के सम्मिलित योग के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाता है।
एक बात और, इस पद पर चयन के लिए कुछ शारीरिक मापदंड भी निर्धारित किए गए हैं, जिनका पूरा करना जरूरी है अन्यथा आप इस पद के लिए अयोग्य घोषित किये जा सकते हैं। अतः इस पद पर चयन के लिए पहले जांच लें कि आप निर्धारित शारीरिक मापदंड को पूरा करते हैं या नहीं।
शारीरिक योग्यता हैं जरूरी
आईपीएस बनने के लिए सामान्य, ओबीसी श्रेणी के उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 168 सेमी और सीना बिना फुलाए 84 सेमी एवं फुलाने पर 89 सेमी होना चाहिए। अनुसूचित जातियों के लिए न्यूनतम लंबाई 160 सेमी और सीना बिना फुलाए 79 सेमी एवं फुलाने के साथ 84 सेमी होना चाहिए। महिला उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 152 सेमी अनिवार्य है। एसटी वर्ग की महिला उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 147 सेमी निर्धारित की गई है।
शैक्षिक योग्यता का भी रखें ध्यान
पुलिस अधिकारी बनने के लिए आपको किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक उत्तीर्ण करना अनिवार्य है। इसके पश्चात आप इस पद के लिए आवेदन कर सकते हैं। यदि आपने स्नातक की परीक्षा दी हैं, लेकिन परिणाम का इंतजार कर रहे हैं, तो भी आप इस पद के लिए आवेदन कर सकते हैं।
राज्य लोक सेवा आयोग के जरिए भर्ती
राज्य लोक सेवा आयोग भी प्रांतीय पुलिस संवर्ग (पीपीएस) के माध्यम से पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) ’के पद पर चयन करते हैं। प्रांतीय पुलिस संवर्ग से चयनित अभ्यर्थी सर्वोच्च पद पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के पद पर तो नहीं, किंतु प्रमोशन के द्वारा भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पद पर कार्यरत हो सकते हैं। यूपीपीएससी में पुलिस उपाधीक्षक के पद के लिए (सामान्य वर्ग) के अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित है। यदि संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा के लिए अभ्यर्थी की आयु पूरी हो चुकी हैं, तो यूपीपीसीएस के माध्यम से पुलिस उपाधीक्षक के पद पर चयनित हो सकते हैं। प्रांतीय पुलिस संवर्ग में शारीरिक मानदंड यथावत हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
