शॉर्ट-टर्म कोर्स से खुलेंगे नौकरी के रास्ते      Publish Date : 30/11/2025

                  शॉर्ट-टर्म कोर्स से खुलेंगे नौकरी के रास्ते

                                                                                                                                                                                   प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

“अल्पकालिक पाठ्यक्रमों का चयन करना भविष्य में आगे बढ़ने का सबसे आसान तरीका हो सकता है”-

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, भारतीय शिक्षा प्रणाली के लिए एक ऐतिहासिक पहल थी, जिसमें शिक्षा के क्षेत्र में गहन सुधार व प्रणालीगत बदलाव का आह्वान किया गया था। इसी नीति के आधार पर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने पहल शुरू की है, जिसके तहत उच्च शिक्षा संस्थानों में जल्द ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स, 5जी कनेक्टिविटी, डिजिटल मार्केटिंग और योग विज्ञान आदि में इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्रों के लिए अल्पकालिक कौशल पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिनकी अवधि तीन से छह माह निर्धारित की गई है। ऐसे में इन पाठ्यक्रमों का चयन करके छात्र अपने कॅरियर को एक नई दिशा प्रदान कर सकते हैं।

जॉब ओरिएंटेड कोर्स

यूजीसी द्वारा आयोजित यह एक शैक्षिक कार्यक्रम है, जिसे विशेष तौर पर युवाओं को आवश्यक व्यावहारिक कौशल, ज्ञान एवं प्रशिक्षण में मजबूत आधार प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है। यदि आप सोच रहे हैं कि आसानी से नौकरी पाने के लिए कौन-सा कोर्स सबसे बेहतर है, तो युवाओं के लिए रोजगार उन्मुख अल्पकालिक पाठ्यक्रमों का चयन कॅरियर निर्माण के उद्देश्य से सही साबित होगा।

कोर्स का चयन कैसे करें

                                                                     

शॉर्ट-टर्म कोर्स पर विचार करते समय यह सुनिश्चित करना होगा कि अपने कॅरियर और पेशेवर विकास के लिए सही निर्णय लिया जाए। आपके लिए जरूरी होगा कि आप पाठ्यक्रम की प्रासंगिकता, संस्था की विश्वसनीयता, उद्योग की मान्यता, प्रशिक्षक और संकाय, व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ-साथ अपने लक्ष्य को पहचानें।

नेटवर्किंग के अवसर

12वीं के बाद जॉब ओरिएंटेड कोर्स समय बचाने के साथ ही आपके संचार कौशल को भी मजबूत बनाते हैं। मजबूत संचार कौशल आपके नेटवर्क को व्यापक बनाने में मदद करेगा, जिससे आप महत्वपूर्ण उद्योग कनेक्शन बना सकेंगे। इससे आपके कॅरियर को एक नई दिशा मिलेगी।

अधिक अवसर अनलॉक करें

आजकल कई प्लेटफॉर्म उम्मीदवारों को उनके कॅरियर में आगे बढ़ने में मदद करने के लिए अल्पकालिक पाठ्यक्रम प्रदान करते हैं। जब आप किसी नए कौशल को सीखते हैं, तो आपके लिए कॅरियर के अनेक विकल्प खुल जाते हैं। आप उन क्षेत्रों में प्रवेश पा सकते हैं, जिनके लिए आप कुछ समय पहले आवेदन करने के बारे में सोच भी नहीं सकते थे। शॉर्ट टर्म कोर्सेज आपको नए क्षेत्रों में प्रवेश पाने के लिए अनुभव प्राप्त करने में मदद करते हैं। यदि आप अपने कॅरियर को एक नई दिशा देना चाहते हैं या तेजी से बढ़ते उद्योग में जाना चाहते हैं, तो अल्पकालिक कोर्स करना बेहद लाभकारी साबित हो सकता है।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।