इंजीनियरिंग और एमबीए      Publish Date : 28/11/2025

                            इंजीनियरिंग और एमबीए

                                                                                                                                                                             प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

“बीटेक करने वाले छात्रों के पास एमबीए कोर्स के कई विकल्प मौजूद हैं, जो कौशल निखारने के साथ नए रोजगार भी दिलाएंगे”

आप में से बहुत सारे छात्र ऐसे होंगे, जिन्होंने या तो अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर ली है, या फिर बारहवीं विज्ञान (पीसीएम) विषय से करने के बाद इंजीनियरिंग में प्रवेश लेने का मन बना चुके होंगे। लेकिन आज के बदलते परिदृश्य में केवल इंजीनियरिंग कर लेना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि आपको इसके साथ किसी ऐसे विकल्प की तलाश भी करनी चाहिए, जो डिग्री के बाद रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए।

ऐसा ही एक कोर्स है “मास्टर ऑफ बिजनेस ऐंडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए)”। इंजीनियरिंग के छात्रों के पास एमबीए कोर्स से जुड़े कई विकल्प मौजूद होते हैं। आप अपनी सुविधानुसार किसी भी कोर्स का चयन कर सकते हैं।

बीटेक और एमबीए इंटीग्रेटेड कोर्स

                                                                      

बीटेक और एमबीए कोर्स 5-6 साल का एकीकृत कोर्स है, जो इंजीनियरिंग को प्रबंधन की पढ़ाई से जोड़ता है। यह कोर्स उन छात्रों के लिए सबसे उपयुक्त है, जो तकनीकी और प्रबंधन कौशल, दोनों हासिल करना चाहते हैं। आप एकल प्रवेश परीक्षा के माध्यम से दोनों कोर्स में प्रवेश ले सकते हैं। इस कोर्स में, छात्र इंजीनियरिंग सिद्धांतों, व्यावसायिक अवधारणाओं और प्रबंधन सिद्धांतों के बारे में सीखते हैं।

बीटेक के बाद एमबीए कोर्स

बीटेक कोर्स के बाद पीजी मैनेजमेंट की डिग्री नेतृत्व कौशल, सॉफ्ट स्किल और निर्णय लेने की क्षमता की कमी के कारण व्याप्त कौशल-अंतर को भरने में मदद करती है। आप बीटेक के बाद एमबीए इन इंश्योरेंस, एमबीए इन हेल्थकेयर मैनेजमेंट, एमबीए इन लॉजिस्टिक्स ऐंड सप्लाई चेन मैनेजमेंट, एमबीए इन इंटीरियर डिजाइनिंग, एमबीए इन एयरपोर्ट मैनेजमेंट, एमबीए इन एविएशन मैनेजमेंट आदि कोर्स का चयन कर सकते हैं।

एमटेक के बाद एमबीए कोर्स

अधिकांश छात्र अपने स्नातक कार्यक्रम के बाद एमबीए चुनते हैं। लेकिन कई स्नातकोत्तर छात्र भी एमबीए का विकल्प चुनते हैं, क्योंकि इससे उनका ज्ञान बढ़ता है। एमटेक के बाद छात्र मार्केटिंग, एचआर प्रबंधन, हेल्थकेयर प्रबंधन, एयरपोर्ट प्रबंधन, सूचना प्रौद्योगिकी, कृषि, उत्पाद प्रबंधन, अंतरराष्ट्रीय व्यापार में एमबीए के प्रमुख कोर्स करके अपने ज्ञान को बढ़ा सकते हैं।

नौकरी के अवसर

इंजीनियरिंग पूरी करने के बाद एमबीए करने से आप फाइनेंशियल एनालिस्ट, सीनियर मैनेजमेंट पोस्ट इन ह्यूमन रिसोर्स, ऑपरेशन मैनेजर, आईटी मैनेजर या कंसल्टेंट, एचआर मैनेजर, व्यापार विश्लेषक, डाटा प्रोसेसिंग मैनेजर, मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी आदि पदों पर कार्य कर सकते हैं। उम्मीदवार पीएसयू, बैंकों और विभिन्न उद्योगों सहित निजी और सार्वजनिक क्षेत्र में नौकरी की तलाश कर सकते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।