
इंटरव्यू के बाद थैंक्यू लेटर का ट्रेंड बढ़ रहा है Publish Date : 15/11/2025
इंटरव्यू के बाद थैंक्यू लेटर का ट्रेंड बढ़ रहा है
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर
“थैंक्यू लेटर में केवल उन्हीं बातों को शामिल करें, जो आपके सकारात्मक व्यक्तित्व को दिखाती हो-“
इंटरव्यू देने वाले प्रत्येक उम्मीदवार के मन में यह इच्छा अवश्य होती है कि वह इंटरव्यू लेने वाले को अपने उत्तर से प्रभावित कर सके, लेकिन क्या आप जानते हैं कि उत्तर देने के अलावा एक थैंक्यू लेटर लिखकर भी आप इंटरव्यूअर पर अपनी प्रभावी छाप छोड़ सकते हैं। आजकल बड़ी-बड़ी कंपनियों में इंटरव्यू के बाद थैंक्यू नोट लिखने का ट्रेंड चलन में है, जिसे थैंक्यू लेटर कहा जाता है। इंटरव्यू के बाद यदि आप कंपनी को एक थैंक्यू लेटर लिखते हैं, तो इससे आपकी नौकरी मिलने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। यदि आप हाल ही में किसी कंपनी में इंटरव्यू देकर आए हैं और थैंक्यू लेटर लिखना चाहते हैं, तो लिखने से पहले आपको कुछ बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
दिलचस्प बातचीत को करें साझा
यदि आप किसी कंपनी में हाल ही में इंटरव्यू देकर आएहैं, तो इस बात का विशेष ध्यान रखें कि थैंक्यू लेटर 24 घंटों के भीतर ही कंपनी को ईमेल करें। आप उस व्यक्ति को ईमेल भेजें, जिसने आपका इंटरव्यू लिया था। ईमेल भेजने से पहले यह भी सुनिश्चित कर लें कि आपने 'उनका नाम सही लिखा है। यदि आपका इंटरव्यू किसी समूह द्वारा लिया गया है, तो आप प्रत्येक इंटरव्यूअर को एक संक्षिप्त थैंक्यू लेटर भी भेज सकते हैं। थैंक्यू लेटर में आप उस व्यक्ति को उनके समय और सहयोग के लिए धन्यवाद करें और यह भी बताएं कि आप उस संगठन से क्यों जुड़ना चाहते हैं। आप इंटरव्यू के दौरान हुई दिलचस्प. बातचीत को भी साझा कर सकते हैं, जिससे इंटरव्यूअर को आपकी बातें याद रखने में आसानी होगी।
सिर्फ थैंक्यू कहना हो मकसद

याद रखें, थैंक्यू लेटर का उद्देश्य केवल धन्यवाद करना है, न कि इंटरव्यू की सारी बार्तों को फिर से दोहराना। थैंक्यू लेटर में केवल उन्हीं बातों को शामिल करें, जो आपके सकारात्मक व्यक्तित्व को दिखाती हो। दरअसल जब आप थैंक्यू लेटर में महत्वपूर्ण बिंदुओं को शामिल करते हैं, तब आपके भीतर अधिक आत्मविश्वास झलकता है और इंटरव्यूअर को यह लगता है कि आपके थैंक्यू लेटर लिखने का मकसद केवल धन्यवाद करना है। इसके अलावा थैंक्यू लेटर भेजने से पहले एक बार लेखन त्रुटियों की जांच अवश्य करें, क्योंकि लेखन में त्रुटियां होने से इंटरव्यूअर के सामने आपकी नकारात्मक छवि बन सकती है।
भीड़ में अलग दिखाएगा
थैंक्यू लेटर आपके व्यावहारिक कौशल को दर्शाता है। साथ ही इंटरव्यूअर के साथ आपका एक सकारात्मक संबंध भी बनाता है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आपने इंटरव्यू कितना अच्छा दिया था। क्योंकि कई बार इंटरव्यूअर अपने व्यस्त कार्यक्रम के कारण एक साथ कई उम्मीदवारों का इंटरव्यू लेते हैं। आप एक अच्छे उम्मीदवार के रूप में उन्हें याद रहे, इसलिए आपको एक थैंक्यू लेटर अवश्य लिखना चाहिए। दरअसल थैंक्यू लेटर आपको लोगों की भीड़ से अलग करता है और आपके सफल होने की संभावना भी अधिक बढ़ जाती है।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
