डाटा विजुअलाईजेशन: कुशल पेशेवरों की बढ़ रही है मांग      Publish Date : 11/11/2025

         डाटा विजुअलाईजेशन: कुशल पेशेवरों की बढ़ रही है मांग

                                                                                                                                                                                           प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

डाटा को विजुअलाइज करना एक लंबे समय से प्रचलन में है, लेकिन सूचनाओं और संचार की बढ़ती जरूरतों के कारण यह वर्तमान में अधिक प्रासंगिक हो गया है। डाटा से आसानी से समझ में आने वाले निष्कर्ष बनाने की क्षमता ने इसे एक महत्वपूर्ण उपकरण बना दिया है, जिसे अलग-अलग क्षेत्रों और विषयों में एकीकृत किया गया है। व्यावसायिक बुद्धिमत्ता से लेकर वैज्ञानिक अनुसंधान तक, डाटा विजुअलाइजेशन डाटा- संचालित निर्णय लेने के लिए एक महत्वपूर्ण उपकरण बन गया है।

इसी कारण यह युवाओं का पसंदीदा क्षेत्र बनता जा रहा है। अगर आपको संख्याओं और आंकड़ों से जीवंत और सम्मोहक कहानियां बनाने में रुचि है, तो डाटा विजुअलाइजेशन कोर्स आपके लिए कॅरियर का एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है।

कोर्स स्तर और पात्रता मानदंड

इस क्षेत्र में कॅरियर बनाने के लिए औपचारिक शिक्षा प्राप्त करना जरूरी नहीं है। आप किसी अच्छे संस्थान या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिये सर्टिफिकेट कोर्स करके भी अच्छी नौकरी पा सकते हैं। हालांकि, डाटा विजुअलाइजेशन कोर्स स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर भी उपलब्ध हैं। आप अपनी पसंद के अनुसार किसी भी कोर्स का चयन कर सकते हैं। यूजी कोर्स की अवधि तीन से चार वर्ष, पीजी कोर्स की दो वर्ष, जबकि ऑनलाइन या सर्टिफिकेट कोर्स की अवधि छह से पच्चीस सप्ताह की होती है।

कोर्स में प्रवेश के लिए न्यूनतम मानदंड 10+2 है। कोर्सेरा, उडेमी, अपग्रेड जैसे प्लेटफॉर्म भी कई महत्वपूर्ण ऑनलाइन और ऑफलाइन कोर्स कराते हैं।

सामान्य समझ है जरूरी

                                                              

इस क्षेत्र में अपना कॅरियर बनाने के लिए आपको इसकी मूल बातों को समझना जरूरी है। साथ ही, एक्सेल, टेवल्यू और पायथन जैसे सबसे आम डाटा प्रौद्योगिकी उपकरणों की अच्छी जानकारी होनी चाहिए। इसके अलावा एक मजबूत पोर्टफोलियो बनाएं, जो आपके कौशल और डाटा विजुअलाइजेशन में आपकी क्षमता को प्रदर्शित करे।

कुछ प्रमुख सर्टिफिकेट कोर्स

आप डाटा विजुअलाइजेशन विथ पायथन कोर्स (आईबीएम), शेयर डाटा विथ आर्ट ऑफ विजुअलाइजेशन (गूगल), ओवरव्यू ऑफ डाटा विजुअलाइजेशन (कोर्सेरा), डाटा विजुअलाइजेशन विथ ऐंडवांस एक्सेल (पीडब्लूसी), डाटा विजुअलाइजेशन विथ पायथन फॉर बिगनर्स और डाटा विजुअलाइजेशन इन टेबल्यू ऐंड पॉवर बीआई (उडेमी) जैसे सर्टिफिकेट कोर्स कर सकते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।