भारत में बढ़ रही हैं ग्रीन जॉब्स      Publish Date : 08/11/2025

                               भारत में बढ़ रही हैं ग्रीन जॉब्स

                                                                                                                                                                                       प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

इन नौकरियों के लिए विभिन्न तकनीकी कौशल जरूरी हैं, जो पर्यावरण को बढ़ावा देने में सक्षम और उसके प्रति जिम्मेदार बनाते हैं-

तेजी से बदलती दुनिया में जहां पर्यावरण संबंधी चुनौतियां बढ़ी हैं, इसी के साथ में ग्रीन स्किल्स की जरूरतें भी बढ़ रही हैं। शिक्षा जगत से लेकर कई कंपनियों में ग्रीन स्किल्स न सिर्फ एक चलन है, बल्कि अधिक टिकाऊ भविष्य को आकार भी देती हैं। इसलिए युवाओं को ग्रीन कॅरियर पर विचार करना चाहिए, जो उनके भविष्य में रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें नियमित रूप से कौशल विकसित करने में मदद करता है। अगर आप ग्रीन कॅरियर बनाने में रुचि रखते हैं, तो यहां कुछ सुझाव दिए गए हैं, जो आपको इस क्षेत्र में शुरुआत करने में मदद करेंगे।

ग्रीन स्किल्स के बारे में

                                                             

ग्रीन स्किल्स में ज्ञान, योग्यता, मूल्य और दृष्टिकोण शामिल हैं, जो एक स्थायी और संसाधन-कुशल समाज में रहने, विकसित करने और उसका समर्थन करने के लिए आवश्यक हैं। इनमें नवीकरणीय ऊर्जा, ऊर्जा दक्षता, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, टिकाऊ कृषि और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में कौशल शामिल हैं।.

क्यों हैं आवश्यक?

इन कौशलों में विभिन्न प्रकार की तकनीक और सॉफ्ट कौशल शामिल हैं, जो व्यक्तियों को विभिन्न उद्योगों और व्यवसायों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार प्रथाओं को समझने और उन्हें बढ़ावा देने में सक्षम बनाते हैं। जलवायु 'परिवर्तन, संसाधन संरक्षण, प्रदूषण में कमी और संधारणीय संसाधन प्रबंधन जैसी पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने केलिए ग्रीन स्किल्स आवश्यक हैं।

ग्रीन कॅरियर में रुचि

आपको इस क्षेत्र में रुचि है, तो अपने कौशल और रुचियों का आकलन करें, उद्योग पर शोध करें, प्रासंगिक शिक्षा और अनुभव प्राप्त करें। व्यावसायिक संघों और संगठनों में शामिल हों। समस्या समाधान, संचार और ग्रीन प्रोग्राम जैसे कौशलों के लिए अक्सर विभिन्न विषयों के लोगों के सहयोग की आवश्यकता होती है। भारत के पर्यावरण, वन. और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ग्रीन स्किल्स विकास कार्यक्रम में युवाओं को लाभकारी रोजगार और स्वरोजगार प्राप्त करने में सक्षम बनाने के लिए विभिन्न पर्यावरणीय विषयों पर अल्पकालिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम भी प्रदान करता है।

ग्रीन नौकरियों में प्रवेश

                                                                        

यहां ग्रीन नौकरियों की एक विस्तृत श्रृंखला है, जो विविध कौशल सेट और कॅरियर के लिए महत्वपूर्ण हैं। आप नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में, ऊर्जा दक्षता की श्रेणी में, पर्यावरण प्रबंधन और संरक्षण, कृषि और खाद्य प्रणालियां, हरित परिवहन आदि क्षेत्र में नौकरी की तलाश कर सकते हैं। इसके अलावा आप एन्वॉयरन्मेंटल हेल्थ सेफ्टी स्पेशलिस्ट, सोलर कंसल्टेंट, विंड टरबाइन टेक्नीशियन, फर्म मैनेजर जैसे पदों पर कार्य कर सकते हैं।

युवाओं के लिए ग्रीन स्किल्स

ग्रीन स्किल्स में तकनीकी ज्ञान, विशेषज्ञता और क्षमताएं शामिल हैं, जो पेशेवर सेटिंग्स में हरित प्रौद्योगिकियों और प्रक्रियाओं के प्रभावी उपयोगों के लिए सक्षम बनाती हैं। वे काम में पर्यावरण से संबंधित निर्णय लेने की सुविधा के लिए ज्ञान, मूल्यों और दृष्टिकोणों की एक श्रृंखला विकसित करती हैं। हालांकि ग्रीन स्किल युवाओं के लिए अधिक महत्वपूर्ण हैं, जो लंबे समय तक पारिस्थितिक परिवर्तन में योगदान देने के लिए उत्सुक हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।