ट्रेंड को समझने का हुनर है जरूरी      Publish Date : 11/10/2025

                       ट्रेंड को समझने का हुनर है जरूरी

                                                                                                                                                                                    प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

“फैशन डिजाइनर बनने के लिए क्रिएटिविटी के साथ लीक से हटकर सोचने की क्षमता भी होनी चाहिए”

फैशन डिजाइनिंग का क्षेत्र दुनिया भर में लोकप्रिय है। यहां हर दिन नए चेहरे इस क्षेत्र में कॅरियर बनाने के लिए कदम रखते हैं। अगर आपको इस क्षेत्र से संबंधित सही दिशा व मार्गदर्शन दिया जाए, तो यकीनन आप भी जल्द इस इंडस्ट्री में अपने कदम जमा सकते हैं। इस क्षेत्र में कॅरियर बनाने के लिए एक डिजाइनर जितना अधिक कल्पनाशील होगा, वह उतने ही अधिक आकर्षक एवं विविधतापूर्ण स्केच भी तैयार करेगा। एक बेहतरीन फैशन डिजाइनर बनने के लिए आप में ट्रेंड को समझने का हुनर होना चाहिए। दुनिया में कई बेहतरीन फैशन डिजाइनर अपनी प्रतिभा से इस इंडस्ट्री को जगमगा रहे हैं, लेकिन आप उनसे हटकर क्या कुछ नया कर सकते हैं, यह सिर्फ आपके कौशल एवं रचनात्मकता पर निर्भर करता है।

शैक्षिक योग्यता

फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में कॅरियर बनाने के लिए फैशन डिजाइन/फैशन, टेक्नोलॉजी/टेक्सटाइल डिजाइन इत्यादि में डिग्री या डिप्लोमा करना होता है। 12वीं के बाद फैशन डिजाइनिंग के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु एनआईडी/यूसीईईडी/सीईईडी/निफ्ट जैसी परीक्षाओं का आयोजन किया जाता है। कुछ इंस्टीट्यूट ऐसे भी हैं, जहां बगैर प्रवेश परीक्षा दिये ऐडमिशन लिया जा सकता है। इसके अलावा स्नातक के बाद फैशन डिजाइनिंग में पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स भी किये जा सकते हैं।

प्रमुख फैशन डिजाइनिंग संस्थान

■ नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइनिंग।

■ आईईसी स्कूल ऑफ आर्ट ऐंड फैशन, नई दिल्ली।

■ नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी।

■ इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी।

■ इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, बॉम्बे।

■ इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ आर्ट ऐंड फैशन टेक्नोलॉजी।

■ जेडीडी इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी, नई दिल्ली।

अनिवार्य कौशल

                                                                      

फैशन डिजाइनर बनने के लिए आपके पास कलात्मकता और बेहतरीन ड्राइंग स्किल के साथ विजुअलाइजेशन स्किल्स, कपड़े के रंग व टेक्सचर की समझ, क्रिएटिव और आर्टिस्टिक थिकिंग, देश-विदेश के लेटेस्ट फैशन ट्रेंड्स में गहरी दिलचस्पी और अच्छी संवाद शैली होनी चाहिए।

यहां हैं अवसर

फैशन इलस्ट्रेटर, टेक्सटाइल डिजाइनर, ज्यूलरी और फुटवियर डिजाइनिंग, फैशन मर्चेंडाइजर, फैशन फोटोग्राफर, फैशन राइटर, फैशन ब्लॉगर आदि के तौर पर नौकरी कर सकते हैं। इसके साथ ही आप फैशन शो ऑर्गेनाइजर, सेलिब्रिटी या किसी बड़े फैशन स्टाइलिस्ट के पर्सनल असिस्टेंट के रूप में भी शुरुआत कर सकते हैं। आप अपना खुद का स्वरोजगार भी शुरू कर सकते हैं।

इस क्षेत्र में शुरुआत में आपको 12 से 20 हजार रुपये प्रतिमाह तक सैलरी प्राप्त हो सकती है। जैसे-जैस आपका अनुभव एवं योग्यता बढ़ती है, आप इस क्षेत्र में ऊंचाइयों की ओर बढ़ते जाते हैं और आपकी सैलरी में भी इजाफा होता जाता है।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।