नए कौशल सीखना वैकल्पिक नहीं, अनिवार्य है      Publish Date : 26/09/2025

                नए कौशल सीखना वैकल्पिक नहीं, अनिवार्य है

                                                                                                                                                                                        प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

“कौशल आपके व्यक्तिगत विकास के साथ दीर्घकालिक लक्ष्यों की पूर्ति के लिए भी उपयोगी साबित हो सकते हैं”

कॅरियर ग्रोथ के लिए केवल एक निर्धारित कौशल एवं शैक्षणिक योग्यता के साथ दीर्घकालिक लक्ष्यों की पूर्ति कर पाना मुश्किल है। नई तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस दौर में स्थिति निरंतर बदल रही है, जहां युवाओं के लिए कॅरियर के बेहतर विकल्प मौजूद हैं। इस तेजी से बदलते परिवेश में युवाओं के लिए अवसरों की संभावनाएं जरूर बढ़ रही हैं, लेकिन इन क्षेत्रों में नौकरी करने के लिए केवल एक निश्चित कौशल एवं निर्धारित पात्रताएं ही काफी नहीं हैं। इन क्षेत्रों में खुद की अलग पहचान बनाने के लिए आपको उन कौशलों का मूल्यांकन करना होगा, जो उच्च पेशेवर नौकरियों के लिए आवश्यक हैं।

डिजिटल दुनिया में अद्वितीय मौके

                                                              

आधुनिक युग में निरंतर नए कौशल की मांग बढ़ रही है, क्योंकि डिजिटल दुनिया में शानदार मौके विकसित हो रहे हैं। नई प्रौद्योगिकियों, ऐप्लिकेशन्स और तरीकों का प्रयोग करने के लिए आपको नए कौशल का विकास करना आवश्यक है। एक तरफ यह आपके व्यक्तिगत विकास को प्रोत्साहित करता है, तो दूसरी तरफ आपके कॅरियर को सुरक्षित और प्रगतिशील बनाने में भी मदद करता है।

प्रतिस्पर्धा की क्षमता का विकास

नए कौशल सीखने के पश्चात आप अपने काम को और बेहतर तरीके से कर सकते हैं और अधिक रोचक परियोजनाओं का सामना करने में सक्षम हो सकते हैं। इसके साथ ही आप अपने कॅरियर निर्माण के लिए नित नए अवसरों की तलाश भी कर सकते हैं। नए कौशल सीखना सिर्फ आपके कॅरियर को ही बेहतर नहीं बनाता, बल्कि व्यक्तिगत विकास एवं उन मूल्यों को जोड़ने में आपका सहयोग करता है, जो दीर्घकालिक लक्ष्यों की पूर्ति के लिए उपयोगी सिद्ध हो सकते हैं।

नए क्षेत्र व विषय का चुनाव

आज सीखने का तंत्र और भी अधिक महत्वपूर्ण हो गया है, क्योंकि यह आपके कॅरियर में स्थिरता लाने में मदद कर सकता है। यदि आप एक नौकरी की तलाश में हैं, तो नए कौशल सीखने से आपको अपने रिज्यूमे को आकर्षक बनाने में मदद मिल सकती है। इसका एक लाभ यह भी है कि आप नए विकल्प चुन सकते हैं, जिनमें आपकी निपुणता व रुझान हो। इससे आपका दिमाग स्थिरता के साथ सही दिशा में काम करता है और आपका मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर बनता है।

अपने अंदर का कौशल पहचानें

                                                               

कोई भी नया कौशल सीखने के लिए आपको विशेषज्ञता की आवश्यकता नहीं होती है। आप अपने व्यक्तिगत रुचि और लक्ष्य के आधार पर स्वयं का मूल्यांकन कर सकते हैं और उन कौशलों का चयन कर सकते हैं, जो आपके लिए सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। आगे बढ़ने के लिए नए कौशल सीखना एक अद्वितीय और महत्वपूर्ण तरीका है, जिससे आप अपना भविष्य बेहतर बनाने के साथ ही समाज में एक अहम स्थान बना सकते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।