जॉब मार्केट में बढ़ता स्टॉक एनालिस्ट का सेंसेक्स      Publish Date : 24/09/2025

          जॉब मार्केट में बढ़ता स्टॉक एनालिस्ट का सेंसेक्स

                                                                                                                                                                                    प्रोफेसर आर. एस. सेंगर  

आप स्टॉक ब्रोकर, रिसर्च व इक्विटी एनालिस्ट,पोर्टफोलियो मैनेजर इत्यादि के रूप में सेवाएं दे सकते हैं

स्टॉक एनालिस्ट जॉब मार्केट में एक ऐसे कॅरियर के रूप में अपनी पहचान बना चुका है, जहां स्टॉक मार्केट में दिलचस्पी रखने वाले सुनियोजित तरीके से यानी अधिक ज्ञान हासिल कर कदम रख सकते हैं। दरअसल, भारत में कई बड़ी-बड़ी आईटी व टेक कंपनियों के विस्तार ने स्टॉक एनालिस्ट की जॉब मार्केट में दावेदारी को बढ़ा दिया है, जिसे देखते हुए युवा इस क्षेत्र की ओर आकर्षित हो रहे हैं और इसी क्षेत्र में कॅरियर बनाकर खुद का बेहतर विकास करना चाहते हैं।

स्टॉक एनालिस्ट पर एक नजर

स्टॉक एनालिस्ट का कार्य किसी कंपनी के वित्त का विश्लेषण व मूल्यांकन कर कंपनी के मुनाफे लिए काम करना होता है। स्टॉक एनालिस्ट मुख्यतः दो प्रकार के होते हैं-सेल साइड एनालिस्ट और बाय-साइड एनालिस्ट। सेल साइड एनालिस्ट ब्रोकरेज, फर्म और बड़े निवेश बैंकों के लिए कार्य करता है, जो व्यक्तिगत खातों काप्रबंधन कर ग्राहकों को सलाह देता है। इसके विपरीत बाय-साइड एनालिस्ट म्यूचुअल फंड ब्रोकर, फंड मैनेजर ऐंड पेंशन फंड इत्यादि के लिए कार्य करता है।

इन विषयों का करें चयन

अगर आप स्टॉक मार्केट के क्षेत्र में दिलचस्पी रखते हैं और बतौर स्टॉक एनालिस्ट के रूप में अपना कॅरियर बनाना चाहते हैं, तो 12वीं में कॉमर्स या साइंस विषय का चुनाव करें। 12वीं के बाद आप स्नातक में बीए इन इकोनॉमिक्स, बीकॉम, बीबीए, बीबीए इन फाइनेंस, बैचलर ऑफ स्टेटिस्टिक्स, बीएससी इन मैथमेटिक्स आदि विषयों से स्नातक कर सकते हैं। बता दें, इन कोर्सेज के लिए आपको संस्थान द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी। अगर आप स्टॉक मार्केट की सभी बारीकियों को गहराई से सीखना चाहते हैं, तो देश की टॉप प्रवेश परीक्षाएं CAT, XAT, CMAT, MAT उत्तीर्ण कर एमबीए कर सकते हैं।

जरूरी है सी.एफ.ए सर्टिफिकेट

स्नातक करने के बाद आप चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट इंस्टीट्यूट से सीएफए सर्टिफिकेट कोर्स प्राप्त कर सकते हैं। सीएफए सर्टिफिकेट में पंजीकरण के लिए जरूरी है कि आप स्नातक के अंतिम वर्ष के छात्र हों या आपने स्नातक पूरा कर लिया हो। इसके साथ ही आपको चार वर्ष का इसी क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव भी होना चाहिए।

स्नातक के पश्चात करें इंटर्नशिप

स्नातक के बाद आप जिस कंपनी में इंटर्नशिप कर रहे हैं, वहीं के मॉडल को समझने के साथ-साथ उसके प्रोडक्ट्स की गुणवत्ता को भी परखें। इसके अलावा कंपनी के बारे में और अधिक जानकारी हासिल करने के लिए किसी पुराने एनालिस्ट की रिपोर्ट देखें।

यहां हैं अवसर

एक स्टॉक एनालिस्ट के लिए कई क्षेत्रों में नौकरी के अवसर मौजूद हैं, जहां आप बतौर स्टॉक ब्रोकर, रिसर्च एनालिस्ट, इक्विटी एनालिस्ट, पोर्टफोलियो मैनेजर, इंश्योरेंस डिस्ट्रीब्यूटर/ऐंडवाइजर इत्यादि के रूप में अपनी सेवाएं दे सकते हैं। सैलरी पैकेज की बात की जाए, तो एक जूनियर स्टॉक एनालिस्ट प्रतिमाह 16,666 रुपये और एक सीनियर स्टॉक एनालिस्ट प्रतिमाह रुपये 75,000 तक कमा सकता है।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।