
विदेश में पढ़ाई से ‘ड्रीम जॉब’ Publish Date : 11/09/2025
विदेश में पढ़ाई से ‘ड्रीम जॉब’
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर
यदि आपका पोर्टफोलियो तो बेहतर होगा और ऐसे कौशल भी विकसित होंगे, जिनकी दुनिया भर में डिमांड बनी रहती है, तो आप विदेश में जॉब के अपने सपने को पूरा कर सकते हैं।
यदि आप आगे की पढ़ाई विदेश में करना चाहते हैं, तो यह आपके कॅरियर के लिए एक बड़ा निर्णायक मोड़ साबित हो सकता है, क्योंकि आज के समय में आपको जॉब मार्केट में सफल होने के लिए वैश्विक स्तर के कौशल विकसित करने की आवश्यकता है। विदेश में पढ़ाई करने वाले छात्र विविध पृष्ठभूमि के लोगों से जुड़ते हैं, जिसके माध्यम से वह वैश्विक अनुभव और अधिक जानकारी प्राप्त करने में सक्षम हो पाते हैं, जो उनके कॅरियर में काफी मददगार साबित होगी।
ऐसे में नौकरी के लिए नियोक्ता भी आपके पोर्टफोलियो को अलग तरीके से देखते हैं। तो ऐसे में छात्रों को यह समझना होगा कि विदेश में पढ़ाई करना कैसे गेम चेंजर हो सकता है, जो उनके कॅरियर और व्यक्तिगत विकास पर महत्वपूर्ण प्रभाव डालता है।
किसी अच्छे कोर्स का चयन करें

विदेश में पढ़ाई करने से पहले अपनी रुचि वाले कोर्सेज के लिए विख्यात शीर्ष विश्वविद्यालयों पर नजर डालना हमेशा अच्छा होता है। आज के जॉब मार्केट में छात्रों को आगे बढ़ने के लिए सर्वाेत्तम कोर्सेज का अध्ययन करना और भी अधिक महत्वपूर्ण हो चुका है। विदेश में कई ऐसे विश्वविद्यालय हैं, जिनमें ट्रेंड कर रहे कोर्सेज जैसे- बैचलर ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट, बैचलर ऑफ कंप्यूटर साइंस ऐंड आईटी, मास्टर्स ऑफ मैनेजमेंट ऐंड लीडरशिप और मास्टर्स इन कंप्यूटर साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, मशीन लर्निंग आदि उपलब्ध हैं।
आप अपनी रुचि के अनुसार संबंधित कोर्स में प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान आप एक नई भाषा भी सीखते हैं, जो आपके व्यक्तित्व को और भी अधिक प्रभावशाली बना देती है।
अनेक अवसर हैं उपलब्ध
बहुत से छात्र विदेश में अध्ययन करके अधिक अवसरों को पाने में सफल रहते हैं। आपको अपने क्षेत्र के कुछ सर्वश्रेष्ठ ट्यूटर्स और विशेषज्ञों से मिलने का अवसर या उस कंपनी में इंटर्नशिप करने का अवसर भी मिल सकता है, जिस कंपनी में नौकरी करने का आपका हमेशा से ही सपना रहा हो। यदि आपके पास अपने पसंदीदा क्षेत्र व आगे कॅरियर की अच्छी समझ है, जिसमें आप जाना चाहते हैं, तो शायद आपके विश्वविद्यालय का स्थान आपके स्नातक होने के बाद नौकरी दिलाने में सहायक सिद्व हो सकता है।
यात्रा के साथ नई संस्कृतियों का अनुभव
विदेश में रहने का विचार सबसे अच्छा और जीवन बदलने वाले कारकों में से एक होता है। आप एक नए देश में नए लोगों और उनकी संस्कृतियों का अनुभव प्राप्त करते हैं और बहुत कुछ सीखते हैं। कई ऐसे देश भी हैं, जो छात्रों के लिए वीजा की पेशकश करते हैं, जिसके माध्यम से छात्र पढ़ाई के दौरान ही अन्य देशों की यात्रा भी कर सकते हैं।
टॉप यूनिवर्सिटी में लें एडमीशन

इसकी जानकारी के लिए क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग की मदद प्राप्त कर सकते हैं, जिसमें मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी), यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज, यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड, हार्वर्ड यूनिवर्सिटी आदि शीर्ष पर मौजूद हैं। आप इन यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने पसंदीदा कोर्स के लिए आवेदन कर सकते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
