
रिसर्च क्षेत्र में है रुचि, तो डीआरडीओ में रखें कदम Publish Date : 01/09/2025
रिसर्च क्षेत्र में है रुचि, तो डीआरडीओ में रखें कदम
प्रोफेसर आर. एस. सेगर
आप लैब से जुड़कर विभिन्न अनुसंधान कार्यों से अपने कौशल ज्ञान को विकसित कर सकते हैं
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) अपने अनुसंधान कार्यों कोलेकर हमेशा सुर्खियों में बना रहता है। लेकिन हाल ही में डीआरडीओ का सुर्खियों में बने रहने का कारण रिमोट वाहन आरओवी दक्ष है, जिसका इस्तेमाल डीआरडीओ ने उत्तराखंड की सुरंग में फंसे 41 मजदूरों का पता लगाने के लिए किया था। डीआरडीओ एक ऐसा संगठन है, जिससे जुड़ने की चाह लगभग हर उस युवा की होती है, जिसे विज्ञान व अनुसंधान कार्यों में दिलचस्पी होती है। अगर आप फ्रेशर हैं और अपने कॅरियर की शुरुआत डीआरडीओ से करना चाहते हैं, तो आपके पास कई विकल्प हैं, जिससे आप अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं।
साइंस क्षेत्र से होना जरूरी
डीआरडीओ में अपने पसंदीदा क्षेत्र से जुड़ने के लिए आपको कक्षा 11वीं में पीसीएम यानी (फिजिक्स, कैमिस्ट्री व मैथमेटिक्स) विषयों का चयन करना होगा।इसके अतिरिक्त विज्ञान विषय में स्नातक या टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एवं संबंधित विषयों में तीनसाल का डिप्लोमा भी कर सकते हैं।
इंटर्नशिप देगा कॅरियर को शेप
छात्रों के लिए डीआरडीओ की कार्यप्रणाली को समझने व डीआरडीओ के साथ काम करने का सबसे सुनहरा मौका बतौर इंटर्न या ट्रेनी के रूप में जुड़ना है। दरअसल, डीआरडीओ में लैब का ऐसा नेटवर्क है जो अलग-अलग क्षेत्रों को कवर करता है, और छात्र इन लैब से जुड़कर विभिन्न अनुसंधान कार्यों में अपने कौशल ज्ञान को विकसित कर सकते हैं। इंटर्नशिप प्रोग्राम में जुड़ने के लिए छात्रों के पास इंजीनियरिंग और सामान्य विज्ञान में स्नातक व स्नातकोत्तर डिग्री होनी चाहिए।
साइंटिस्ट- बी पोस्ट

अगर आप फ्रेशर हैं और डीआरडीओ के साथ जुड़ना चाहते हैं, तो आपको शुरुआत एंट्री लेवल पोस्ट यानी साइंटिस्ट-बी से करनी होगी। आवेदन के लिए आपके पास इंजीनियरिंग या प्रौद्योगिकी में प्रथम श्रेणी के साथ स्नातक की डिग्री अनिवार्य है। पद के लिए डीआरडीओ द्वारा गेट स्कोर के माध्यम से आपको शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। गेट स्कोर में शॉर्टलिस्ट होने के पश्चात आपको लिखित परीक्षा/साक्षात्कार के लिए उपस्थित होना होगा।
राष्ट्रीय स्तर परीक्षा के माध्यम से प्रवेश
सीनियर टेक्निकल असिस्टेंट टेक्नीशियन ए, सीनियरटेक्निकल असिस्टेंट टेक्निकल-बी, एसटीए-बी, एमटीएस आदि भर्ती के लिए डीआरडीओ सेंटर फॉर पर्सनल टैलेंट मैनेजमेंट के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं का संचालन करता है।
बतौर फेलो रखें डीआरडीओ में कदम
डीआरडीओ जूनियर रिसर्च फेलोशिप, सीनियर रिसर्च फेलोशिप एवं रिसर्च एसोसिएट का संचालन करता है। इन फेलोशिप से जुड़ने के लिए छात्रों के पास बीई, बीटेक, एमई, एमटेक डिग्री होनी चाहिए। बता दें कि डीआरडीओ द्वारा दी जाने वाली फेलोशिप में राष्ट्रीय लिखित परीक्षा नेट/यूजीसी/गेट उत्तीर्ण फेलो को प्राथमिकता दी जाती है। डीआरडीओ में समय-समय पर निकलने वाली नौकरियों की जानकारी के लिए इसकी आधिकारिक वेबसाइट www.drdo.gov.in को देख सकते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
