
ऑनलाइन फ्री सर्टिफिकेट कोर्स का लाभ उठाएं छात्र Publish Date : 25/08/2025
ऑनलाइन फ्री सर्टिफिकेट कोर्स का लाभ उठाएं छात्र
प्रोफेसर आर. स. सेंगर
शिक्षा मंत्रालय के ‘स्वयं’ पोर्टल पर उपलब्ध कोर्स, कॅरियर पोर्टफोलियो को बढ़ाने में आपकी सहायता कर सकते हैं।
शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले स्वयं पोर्टल के माध्यम से कई ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए जा रहे हैं। इन कोर्स को कोई भी ऑनलाइन माध्यम से कर सकता है। ‘स्वयं’ पोर्टल पर मौजूद ऑनलाइन कोर्स आईआईटी और एनआईटी जैसे संस्थानों के द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। हमारे कॅरियर विशेषज्ञ प्रोफेसर आर. एस. सेगर, जानकारी प्रदान कर रहे हैं ‘स्वयं’ पोर्टल पर मौजूद पांच ऐसे कोर्स के बारे में, जिन्हें कर आप अपना कौशल बढ़ा सकते हैं।
चार सप्ताह का ऐंडवांस्ड कोर्स

चार सप्ताह का यह ऑनलाइन कोर्स आईआईटी बॉम्बे द्वारा प्रदान किया जा रहा है। इस कोर्स के दौरान C++ प्रोग्रामिंग लैंग्वेज के ऐंडवांस कॉन्सेप्ट के बारे में जानकारी दी जाएगी। इस फ्री सर्टिफिकेट कोर्स में 10 ऑडियो विजुअल ट्यूटोरियल शामिल हैं। यह कोर्स आपको C++ लैंग्वेज की जटिलताओं को गहराई से समझने में मदद करेगा। ‘स्वयं’ पोर्टल पर मौजूद यह कोर्स C और C++ कोर्स का ही एक एक्सटेंशन है।
एनिमेशन, डिजाइन और गेम टेक्नोलॉजी कोर्स
15 सप्ताह के इस कोर्स में आपको एनिमेशन, डिजाइन और गेम टेक्नोलॉजी के बारे में बताया गया है। इस कोर्स को बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी ऑफर कर रही है। कोर्स में डिजाइन के बेसिक प्रिंसिपल, उनके विकास और थ्योरी के बारे में बताया गया है। यह कोर्स एनिमेशन प्रोडक्शन और सीजी मॉडलिंग टेक्स्चरिंग लाइटिंग के क्षेत्र में मजबूत क्रिएटिविटी, टेक्निकल और एनालिटिकल स्किल विकसित करने में मदद करेगा।
एंड्रॉयड मोबाइल एप्लीकेशन डेवलपमेंट कोर्स
यह कोर्स ‘स्वयं’ पोर्टल पर डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर ओपन यूनिवर्सिटी, अहमदाबाद के सौजन्य से संचालित किया जा रहा है। यह कोर्स 12 सप्ताह का है। इस कोर्स के माध्यम से एंड्रॉयड डेवलपमेंट एन्वॉयरन्मेंट डेवलपमेंट टूल्स के बारे में आपको बताया जाएगा।
एआई यूजिंग प्रोलॉग प्रोग्रामिंग कोर्स
प्रोलॉग प्रोग्रामिंग के द्वारा एआई पाठ्यक्रम छात्रों को प्रमुख अवधारणाओं से अवगत कराएगा। साथ ही यह कोर्स तकनीकों की गहन समझ के लिए प्रोलॉग का उपयोग करके एआई समाधान लागू करने के कौशल भी प्रदान करेगा। पाठ्यक्रम को कई मॉड्यूल में विभाजित किया गया है। यह कोर्स भी 12 सप्ताह का है। यह कोर्स स्वामी विवेकानंद टेक्निकल यूनिवर्सिटी छत्तीसगढ़ के द्वारा आयोजित कराया जा रहा है।
एयरोस्पेस स्ट्रक्चर एनालिसिस कोर्स
पाठ्यक्रम का उद्देश्य ठोस और संरचनात्मक यांत्रिकी के सिद्धांतों के बारे में विस्तार से बताना है, जिनका उपयोग एयरोस्पेस संरचनाओं को डिजाइन और विश्लेषण करने के लिए किया जाता है। यह कोर्स आठ सप्ताह का है। यह कोर्स आईआईटी खड़गपुर के द्वारा प्रदान किया जा रहा है।
कोर्स के लिए आवेदन करने का लिंक
यदि आप इन ऑनलाइन कोर्सेज की मदद से अपने कौशल को विकसित करना चाहते हैं, तो आप ‘स्वयं’ पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट swayam.gov.in/explorer पर जाकर पंजीकरण संबंधित जानकारी देख सकते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
