
किसी भी कार्य को करने का एक आदर्श तरीका तलाश करें Publish Date : 05/08/2025
किसी भी कार्य को करने का एक आदर्श तरीका तलाश करें
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर
हर कार्य को करने का एक सलीका होता है, काम में संतुष्टि हमें उसी से मिलती है।
हम सभी काम तो हर दिन करते हैं, लेकिन इसमें महत्वपूर्ण बात तो यह है कि क्या हमें उन कामों से संतुष्टि मिल पाती है? क्योंकि, हम किसी काम से तभी संतुष्ट हो पाते हैं, जब हम उसे पूरी ईमानदारी, रणनीतिक और आदर्श तरीके से करते हैं। इससे हमारे कामों में रचनात्मकता तो आती ही है, साथ ही वे अधिक उत्पादक और प्रभावी भी बनते हैं। एक पेशेवर या छात्र से ऐसे ही कार्यों की अपेक्षा भी की जाती है, जो रचनात्मक होने के साथ संतुष्टि भी प्रदान करते हों।
इसलिए किसी भी कार्य को करने के विज्ञान को समझना बहुत जरूरी है। इसके लिए निर्धारित करें कि किस काम को अधिक महत्व देना है और किसे कम। इस प्रकार छोटे-छोटे निर्णय आपके दैनिक कार्यों को अधिक रचनात्मक बना सकते हैं।
महत्वपूर्ण कार्यों की पहचान करें
यदि आप रोजमर्रा के कार्यों को रचनात्मक तरीके से पूरा करना चाहते हैं, तो सबसे पहले इसके लिए एक प्रभावी रणनीति बनाएं। साथ ही, कार्यस्थल पर इसकी उपयोगिता पर भी विचार करें। दूसरा महत्वपूर्ण पहलू है, ध्यान केंद्रित करना। इसके लिए एक निर्धारित समय सुनिश्चित करें। तीसरा, अपनी रणनीति को सफल बनाने के लिए एक अच्छी योजना बनाएं और निर्धारित करें कि किस कार्य को अधिक तवज्जो देनी है और किसे कम।
प्रमुख समस्या की पहचान करें किसी भी कार्य को अधिक दिलचस्प और रचनात्मक बनाने के लिए समस्याओं का समाधान करना बहुत जरूरी है। दैनिक कार्यों की एक रुपरेखा बना लेने के बाद उसमें आने वाली प्रमुख समस्याओं की पहचान करें।
इसलिए रणनीतिक रूप से किया गया कार्य न केवल आपको अन्य कार्यों के लिए उत्साहित करेगा, बल्कि आपकी कार्य उत्पादकता को भी बढ़ाएगा। इससे आप सकारात्मक परिणाम भी प्राप्त कर सकते हैं।
नए कौशलों का विकास करें
किसी काम को सलीके से करने के लिए उससे जुड़े कौशल का होना जरूरी है, इसलिए पहले ऐसे कौशलों की पहचान करें। अगर आपको लगता है कि आप में ऐसे किसी भी कौशल की कमी है, तो उसे सीखें। ऐसा करके न केवल आप अपने कामों से दूसरों को प्रभावित कर पाएंगे, बल्कि किसी प्रोजेक्ट को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने या बेहतर निर्णय लेने में सक्षम हो सकेंगे। इसके अलावा अच्छा व्यवहार व धैर्य भी बहुत जरूरी है। इसमें आपके परिचित और सहकर्मी आपकी मदद कर सकते हैं।
अपने लिए संसाधन जोड़ें
काम के अधिक दबाव से एकाग्रता बनाए रखना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। ऐसे में उपलब्ध संसाधनों का दो तरीकों से उपयोग करना चाहिए। पहले जरूरी संसाधनों का एक पोर्टफोलियों बनाएं, जिसमें आप स्वस्थ जीवन शैली और व्यक्तिगत रुचि को शामिल कर सकते हैं। दूसरा अच्छे विकल्पों का चयन करने के लिए सकारात्मक सोच को अपनाएं और ऐसे लोगों से बातचीत करें, जो इसमें आपका सहयोग कर सकते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
