मातृभाषा में बढ़ रहे रोजगार के अवसर      Publish Date : 30/07/2025

                मातृभाषा में बढ़ रहे रोजगार के अवसर

                                                                                                                                                        प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

“रेडियो व टीवी जैसे परंपरागत क्षेत्र हों या यू-ट्यूब व ओटीटी प्लेटफॉर्म्स, हिंदी के जानकारों की मांग हर जगह है”

वर्तमान समय में हिंदी भाषा दुनिया के हर कोने में समझी व बोली जाती है। भाषा के रूप में हिंदी न सिर्फ भारत की पहचान है, बल्कि यह हमारे जीवन मूल्यों, संस्कृति एवं संस्कारों की सच्ची संवाहक, संप्रेषक और परिचायक भी है। वैसे तो हिंदी भाषा को किसी टैग की जरूरत नहीं है, यह अपने आप में एक भाव है। लेकिन अगर हिंदी के क्षेत्र में युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों की बात की जाए, तो मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म, रेडियो आदि क्षेत्रों में युवाओं के लिए नौकरी की संभावनाएं अधिक बढ़ रही हैं।

                                                         

रेडियो में संभावनाएं

रेडियो ने समाचार, विचार, शिक्षा, सामाजिक सरोकारों, संगीत आदि सभी स्तरों पर अपने प्रसारण के माध्यम से हिंदी को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। रेडियो में प्रांतीय भाषा के कार्यक्रमों का प्रसारण हिंदी में भी किया जाता है। रेडियो में पॉडकास्टिंग की बात करें, तो संस्कृति, यात्रा-अनुभव इत्यादि हिंदी में अधिक प्रसारित किए जाते हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रेडियो का प्रसारण हिंदी भाषा में किया जाता है। जिन युवाओं की हिंदी पर अच्छी पकड़ है, वे रेडियो के क्षेत्र में अपने पैर जमा सकते हैं।

मीडिया में हिंदी

वर्तमान में पत्रकारिता का क्षेत्र रोजगार हेतु आकर्षक विकल्प के रूप में सामने आया है। सबसे ज्यादा देखे जाने वाले समाचार चैनलों में दो-तिहाई से अधिक हिंदी भाषा के ही हैं। समाचार चैनलों और अखबारों के अलावा भी हिंदी के अनेक चैनल और पत्र-पत्रिकाएं हैं, जो योग्य उम्मीदवारों को मौका दे रहे हैं। समाचार पत्रों, पत्रिकाओं, समाचार चैनलों आदि में रोजगार के अनेक अवसर हैं।

स्क्रिप्ट राइटिंग

हिंदी में में अच्छी पकड़ रखने वाले युवाओं की फिल्म जगत और टेलीविजन के क्षेत्र में काफी डिमांड है। आज के समय में ओटीटी प्लेटफॉर्म के क्षेत्र में कॅरियर की संभावनाएं बढ़ गई हैं। ओटीटी पर दिखाई जा रही फिल्मों में कहानियों के स्तर पर नित नए प्रयोग हो रहे हैं। ऐसे में अगर आप मौलिक कहानी लिख सकते हैं और हिंदी भाषा में भी माहिर हैं, तो प्रॉडक्शन हाउस, मीडिया हाउस में स्क्रिप्ट राइटिंग, डायलॉग्स या लिरिक्स राइटिंग से अपने कॅरियर की शुरुआत कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त हिंदी ब्लॉगिंग भी आपके लिए एक अच्छा कॅरियर विकल्प हो सकता है।

वॉइस असिस्टेंट एक उभरता क्षेत्र

एआई टेक्नोलॉजी को संभालने के लिए वॉइस असिस्टेंट की भूमिका भी बढ़ रही है। कंपनियां इस क्षेत्र में प्रमुख भाषा हिंदी में रिकॉर्ड करती हैं, क्योंकि देश में हिंदी अधिक बोली जाती है, इसलिए इस भाषा में एआई-संचालित वॉइस असिस्टेंट की ज्यादा आवश्यकता है। विशेष रूप से टेलीसेल्स और ग्राहक सेवा जैसे क्षेत्रों में हिंदी भाषी पेशेवरों के लिए कॉल सेंटर्स, कस्टमर केयर सर्विसेज, सेल्स टेलीमार्केटिंग और बीपीओ के क्षेत्र में नौकरी के अवसर उपलब्ध हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।