सभी समाधान आपके भीतर हैं      Publish Date : 19/07/2025

                      सभी समाधान आपके भीतर हैं

                                                                                                                                                      प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

“जब ऑफिस में चीजें ठीक न चल रही हों, तो बाहर के बजाय अपने भीतर झांकें”

यदि आप खराब मनःस्थिति में हैं, तो आप महसूस करेंगे कि कार्यस्थल पर आपका प्रदर्शन प्रभावित हो रहा है, जबकि जब आपका मन अच्छी स्थिति में होता है, तो आपका प्रदर्शन भी बेहतर होता है। आपके मन की स्थिति ही आपकी सोच की छवि होती है। आप जो सोचते हैं, वही अन्य लोगों के प्रति आपकी प्रतिक्रिया होती है। इसलिए अलग-अलग लोग एक जैसी परिस्थिति में अलग-अलग तरीके से प्रतिक्रिया देते हैं। आपका व्यवहार ही इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि आप क्या सोच रहे हैं?

इसलिए आपको कार्यस्थल पर अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए अपनी मनोस्थिति को प्रबंधित करने के लिए कुछ महत्वपूर्ण कदम अवश्य उठाने चाहिए।

अपने विचारों के प्रति सजग रहें

जब कार्यस्थल पर चीजें ठीक नहीं चल रही हों, तो आप इसकी वजह बाहरी कारकों जैसे-प्रौद्योगिकी समस्याओं, अन्य लोगों, स्थितियों या संसाधनों आदि की कमी को मानते हैं। हालांकि, इन परिस्थितियों में अपने मन की स्थिति पर ध्यान दें और विचार करें कि ये चीजें आपके प्रदर्शन को कैसे प्रभावित कर रही हैं। अगर चीजें योजना के अनुसार नहीं हो रही हैं, तो आप जो कर रहे हैं, उससे एक ब्रेक लें।

सोचने के गलत तरीकों की पहचान करें

आपके महसूस करने से ही, आपकी सोच और प्रदर्शन का पता चलता है। इसलिए अगर आप बुरा महसूस कर रहे हैं, तो आपका प्रदर्शन खराब हो सकता है। आप अपनी गलत सोच के कारण अपने अनुभवों का गलत आकलन कर सकते हैं। यह आपके निर्णय लेने की क्षमता, लक्ष्य प्राप्ति और प्रदर्शन के रास्ते में भी मुश्किलें पैदा कर सकती है। इसलिए एक बार जब आप अपनी मनोस्थिति को समझ जाते हैं, तो इसमें सुधार के लिए विभिन्न विकल्पों पर विचार अवश्य करें।

सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं

सकारात्मक सोच और दृष्टिकोण से आपको अच्छा महसूस करने में मदद मिलेगी, जिससे आपका प्रदर्शन बेहतर होगा और आपका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। बहुत ज्यादा सोचना और विश्लेषण करना भी आपको अपनी सोच में उलझा सकता है, जो आपके मनोस्थिति कोनकारात्मक रूप से प्रभावित कर सकता है। इसलिए आप जो हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं, केवल उस पर ध्यान केंद्रित करने का प्रयास करें। यह आपकी मनोस्थिति को बेहतर बनाने और आपके कार्यस्थल में बेहतर प्रदर्शन के लिए महत्वपूर्ण है।

अन्य लोगों से बात करें

जो आपके नियंत्रण में है, उस पर ध्यान केंद्रित करें, क्योंकि आप उन चीजों को नियंत्रित नहीं कर सकते, जो आपके नियंत्रण से बाहर हैं। ऐसा करना आपकी मनोस्थिति और आपके प्रदर्शन को भी बेहतर बना सकता है। अपनी मनोस्थिति को और अधिक बेहतर ढंग से समझने के लिए अपने किसी मित्र या सहकर्मी से बात करें, इससे आपको बेहतर सुझाव पाने में मदद मिलेगी।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।